शुक्रवार, मई 01, 2009

जेहनों में ख़याल जल रहे हैं

जेहनों में ख़याल जल रहे हैं|
सोचों के अलाव-से लगे हैं|



दुनिया की गिरिफ्त में हैं साये,
हम अपना वुजूद ढूंढते हैं|



अब भूख से कोई क्या मरेगा,
मंडी में ज़मीर बिक रहे हैं|



माज़ी में तो सिर्फ़ दिल दुखते थे,
इस दौर में ज़ेहन भी दुखे हैं|



सिर काटते थे कभी शहनशाह,
अब लोग ज़ुबान काटते हैं|



हम कैसे छुड़ाएं शब से दामन,
दिन निकला तो साए चल पड़े हैं|



लाशों के हुजूम में भी हंस दें,
अब ऐसे भी हौसले किसे हैं|

0 टिप्पणियाँ: