मंगलवार, अप्रैल 14, 2009

प्रेमचन्द - व्यक्तित्व और कृतित्व


प्रेमचन्द का जन्म ३१ जुलाई सन् १८८० को बनारस शहर से चार मील दूर समही गाँव में हुआ था। आपके पिता का नाम अजायब राय था। वह डाकखाने में मामूली नौकर के तौर पर काम करते थे।


जीवन परिस्थितियाँ-धनपतराय की उम्र जब केवल आठ साल की थी तो माता के स्वर्गवास हो जाने के बाद से अपने जीवन के अन्त तक लगातार विषम परिस्थितियों का सामना धनपतराय को करना पड़ा। पिताजी ने दूसरी शादी कर ली जिसके कारण बालक प्रेम व स्नेह को चाहते हुए भी ना पा सका। आपका जीवन गरीबी में ही पला। कहा जाता है कि आपके घर में भयंकर गरीबी थी। पहनने के लिए कपड़े न होते थे और न ही खाने के लिए पर्याप्त भोजन मिलता था। इन सबके अलावा घर में सौतेली माँ का व्यवहार भी हालत को खस्ता करने वाला था।


शादी-आपके पिता ने केवल १५ साल की आयू में आपका विवाह करा दिया। पत्नी उम्र में आपसे बड़ी और बदसूरत थी। पत्नी की सूरत और उसके जबान ने आपके जले पर नमक का काम किया। आप स्वयं लिखते हैं, “उम्र में वह मुझसे ज्यादा थी। जब मैंने उसकी सूरत देखी तो मेरा खून सूख गया।…….” उसके साथ - साथ जबान की भी मीठी न थी। आपने अपनी शादी के फैसले पर पिता के बारे में लिखा है “पिताजी ने जीवन के अन्तिम सालों में एक ठोकर खाई और स्वयं तो गिरे ही, साथ में मुझे भी डुबो दिया: मेरी शादी बिना सोंचे समझे कर डाली।” हालांकि आपके पिताजी को भी बाद में इसका एहसास हुआ और काफी अफसोस किया।विवाह के एक साल बाद ही पिताजी का देहान्त हो गया। अचानक आपके सिर पर पूरे घर का बोझ आ गया। एक साथ पाँच लोगों का खर्चा सहन करना पड़ा। पाँच लोगों में विमाता, उसके दो बच्चे पत्नी और स्वयं। प्रेमचन्द की आर्थिक विपत्तियों का अनुमान इस घटना से लगाया जा सकता है कि पैसे के अभाव में उन्हें अपना कोट बेचना पड़ा और पुस्तकें बेचनी पड़ी। एक दिन ऐसी हालत हो गई कि वे अपनी सारी पुस्तकों को लेकर एक बुकसेलर के पास पहुंच गए। वहाँ एक हेडमास्टर मिले जिन्होंने आपको अपने स्कूल में अध्यापक पद पर नियुक्त किया।


शिक्षा-अपनी गरीबी से लड़ते हुए प्रेमचन्द ने अपनी पढ़ाई मैट्रिक तक पहुंचाई। जीवन के आरंभ में आप अपने गाँव से दूर बनारस पढ़ने के लिए नंगे पाँव जाया करते थे। इसी बीच पिता का देहान्त हो गया। पढ़ने का शौक था, आगे चलकर वकील बनना चाहते थे। मगर गरीबी ने तोड़ दिया। स्कूल आने - जाने के झंझट से बचने के लिए एक वकील साहब के यहाँ ट्यूशन पकड़ लिया और उसी के घर एक कमरा लेकर रहने लगे। ट्यूशन का पाँच रुपया मिलता था। पाँच रुपये में से तीन रुपये घर वालों को और दो रुपये से अपनी जिन्दगी की गाड़ी को आगे बढ़ाते रहे। इस दो रुपये से क्या होता महीना भर तंगी और अभाव का जीवन बिताते थे। इन्हीं जीवन की प्रतिकूल परिस्थितियों में मैट्रिक पास किया।


साहित्यिक रुचि-गरीबी, अभाव, शोषण तथा उत्पीड़न जैसी जीवन की प्रतिकूल परिस्थितियाँ भी प्रेमचन्द के साहित्य की ओर उनके झुकाव को रोक न सकी। प्रेमचन्द जब मिडिल में थे तभी से आपने उपन्यास पढ़ना आरंभ कर दिया था। आपको बचपन से ही उर्दू आती थी। आप पर नॉवल और उर्दू उपन्यास का ऐसा उन्माद छाया कि आप बुकसेलर की दुकान पर बैठकर ही सब नॉवल पढ़ गए। आपने दो - तीन साल के अन्दर ही सैकड़ों नॉवेलों को पढ़ डाला। आपने बचपन में ही उर्दू के समकालीन उपन्यासकार सरुर मोलमा शार, रतन नाथ सरशार आदि के दीवाने हो गये कि जहाँ भी इनकी किताब मिलती उसे पढ़ने का हर संभव प्रयास करते थे। आपकी रुचि इस बात से साफ झलकती है कि एक किताब को पढ़ने के लिए आपने एक तम्बाकू वाले से दोस्ती करली और उसकी दुकान पर मौजूद “तिलस्मे - होशरुबा” पढ़ डाली।अंग्रेजी के अपने जमाने के मशहूर उपन्यासकार रोनाल्ड की किताबों के उर्दू तरजुमो को आपने काफी कम उम्र में ही पढ़ लिया था। इतनी बड़ी - बड़ी किताबों और उपन्यासकारों को पढ़ने के बावजूद प्रेमचन्द ने अपने मार्ग को अपने व्यक्तिगत विषम जीवन अनुभव तक ही महदूद रखा।तेरह वर्ष की उम्र में से ही प्रेमचन्द ने लिखना आरंभ कर दिया था। शुरु में आपने कुछ नाटक लिखे फिर बाद में उर्दू में उपन्यास लिखना आरंभ किया। इस तरह आपका साहित्यिक सफर शुरु हुआ जो मरते दम तक साथ - साथ रहा।



प्रेमचन्द की दूसरी शादी-सन् १९०५ में आपकी पहली पत्नी पारिवारिक कटुताओं के कारण घर छोड़कर मायके चली गई फिर वह कभी नहीं आई। विच्छेद के बावजूद कुछ सालों तक वह अपनी पहली पत्नी को खर्चा भेजते रहे। सन् १९०५ के अन्तिम दिनों में आपने शीवरानी देवी से शादी कर ली। शीवरानी देवी एक विधवा थी और विधवा के प्रति आप सदा स्नेह के पात्र रहे थे।यह कहा जा सकता है कि दूसरी शादी के पश्चात् आपके जीवन में परिस्थितियां कुछ बदली और आय की आर्थिक तंगी कम हुई। आपके लेखन में अधिक सजगता आई। आपकी पदोन्नति हुई तथा आप स्कूलों के डिप्टी इन्सपेक्टर बना दिये गए। इसी खुशहाली के जमाने में आपकी पाँच कहानियों का संग्रह सोजे वतन प्रकाश में आया। यह संग्रह काफी मशहूर हुआ।


व्यक्तित्व-सादा एवं सरल जीवन के मालिक प्रेमचन्द सदा मस्त रहते थे। उनके जीवन में विषमताओं और कटुताओं से वह लगातार खेलते रहे। इस खेल को उन्होंने बाजी मान लिया जिसको हमेशा जीतना चाहते थे। अपने जीवन की परेशानियों को लेकर उन्होंने एक बार मुंशी दयानारायण निगम को एक पत्र में लिखा “हमारा काम तो केवल खेलना है- खूब दिल लगाकर खेलना- खूब जी- तोड़ खेलना, अपने को हार से इस तरह बचाना मानों हम दोनों लोकों की संपत्ति खो बैठेंगे। किन्तु हारने के पश्चात् - पटखनी खाने के बाद, धूल झाड़ खड़े हो जाना चाहिए और फिर ताल ठोंक कर विरोधी से कहना चाहिए कि एक बार फिर जैसा कि सूरदास
कह गए हैं, “तुम जीते हम हारे। पर फिर लड़ेंगे।” कहा जाता है कि प्रेमचन्द हंसोड़ प्रकृति के मालिक थे। विषमताओं भरे जीवन में हंसोड़ होना एक बहादुर का काम है। इससे इस बात को भी समझा जा सकता है कि वह अपूर्व जीवनी-शक्ति का द्योतक थे। सरलता, सौजन्यता और उदारता के वह मूर्ति थे।जहां उनके हृदय में मित्रों के लिए उदार भाव था वहीं उनके हृदय में गरीबों एवं पीड़ितों के लिए सहानुभूति का अथाह सागर था। जैसा कि उनकी पत्नी कहती हैं “कि जाड़े के दिनों में चालीस - चालीस रुपये दो बार दिए गए दोनों बार उन्होंने वह रुपये प्रेस के मजदूरों को दे दिये। मेरे नाराज होने पर उन्होंने कहा कि यह कहां का इंसाफ है कि हमारे प्रेस में काम करने वाले मजदूर भूखे हों और हम गरम सूट पहनें।”प्रेमचन्द उच्चकोटि के मानव थे। आपको गाँव जीवन से अच्छा प्रेम था। वह सदा साधारण गंवई लिबास में रहते थे। जीवन का अधिकांश भाग उन्होंने गाँव में ही गुजारा। बाहर से बिल्कुल साधारण दिखने वाले प्रेमचन्द अन्दर से जीवनी-शक्ति के मालिक थे। अन्दर से जरा सा भी किसी ने देखा तो उसे प्रभावित होना ही था। वह आडम्बर एवं दिखावा से मीलों दूर रहते थे। जीवन में न तो उनको विलास मिला और न ही उनको इसकी तमन्ना थी। तमाम महापुरुषों की तरह अपना काम स्वयं करना पसंद करते थे।


ईश्वर के प्रति आस्था-जीवन के प्रति उनकी अगाढ़ आस्था थी लेकिन जीवन की विषमताओं के कारण वह कभी भी ईश्वर के बारे में आस्थावादी नहीं बन सके। धीरे - धीरे वे अनीश्वरवादी से बन गए थे। एक बार उन्होंने जैनेन्दजी को लिखा “तुम आस्तिकता की ओर बढ़े जा रहे हो - जा रहीं रहे पक्के भग्त बनते जा रहे हो। मैं संदेह से पक्का नास्तिक बनता जा रहा हूँ।”मृत्यू के कुछ घंटे पहले भी उन्होंने जैनेन्द्रजी से कहा था - “जैनेन्द्र, लोग ऐसे समय में ईश्वर को याद करते हैं मुझे भी याद दिलाई जाती है। पर मुझे अभी तक ईश्वर को कष्ट देने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई।”


प्रेमचन्द की कृतियाँ-प्रेमचन्द ने अपने नाते के मामू के एक विशेष प्रसंग को लेकर अपनी सबसे पहली रचना लिखी। १३ साल की आयु में इस रचना के पूरा होते ही प्रेमचन्द साकहत्यकार की पंक्ति में खड़े हो गए। सन् १८९४ ई० में “होनहार बिरवार के चिकने-चिकने पात” नामक नाटक की रचना की। सन् १८९८ में एक उपन्यास लिखा। लगभग इसी समय “रुठी रानी” नामक दूसरा उपन्यास जिसका विषय इतिहास था की रचना की। सन १९०२ में प्रेमा और सन् १९०४-०५ में “हम खुर्मा व हम सवाब” नामक उपन्यास लिखे गए। इन उपन्यासों में विधवा-जीवन और विधवा-समस्या का चित्रण प्रेमचन्द ने काफी अच्छे ढंग से किया। जब कुछ आर्थिक निर्जिंश्चतता आई तो १९०७ में पाँच कहानियों का संग्रह सोड़ो वतन (वतन का दुख दर्द) की रचना की। जैसा कि इसके नाम से ही मालूम होता है, इसमें देश प्रेम और देश को जनता के दर्द को रचनाकार ने प्रस्तुत किया। अंग्रेज शासकों को इस संग्रह से बगावत की झलक मालूम हुई। इस समय प्रेमचन्द नायाबराय के नाम से लिखा करते थे। लिहाजा नायाब राय की खोज शुरु हुई। नायाबराय पकड़ लिये गए और शासक के सामने बुलाया गया। उस दिन आपके सामने ही आपकी इस कृति को अंग्रेजी शासकों ने जला दिया और बिना आज्ञा न लिखने का बंधन लगा दिया गया।इस बंधन से बचने के लिए प्रेमचन्द ने दयानारायण निगम को पत्र लिखा और उनको बताया कि वह अब कभी नयाबराय या धनपतराय के नाम से नहीं लिखेंगे तो मुंशी दयानारायण निगम ने पहली बार प्रेमचन्द नाम सुझाया। यहीं से धनपतराय हमेशा के लिए प्रेमचन्द हो गये।”सेवा सदन”, “मिल मजदूर” तथा १९३५ में गोदान की रचना की। गोदान आपकी समस्त रचनाओं में सबसे ज्यादा मशहूर हुई अपनी जिन्दगी के आखिरी सफर में मंगलसूत्र नामक अंतिम उपन्यास लिखना आरंभ किया। दुर्भाग्यवश मंगलसूत्र को अधूरा ही छोड़ गये। इससे पहले उन्होंने महाजनी और पूँजीवादी युग प्रवृत्ति की निन्दा करते हुए “महाजनी सभ्यता” नाम से एक लेख भी लिखा था।



मृत्यू-सन् १९३६ ई० में प्रेमचन्द बीमार रहने लगे। अपने इस बीमार काल में ही आपने “प्रगतिशील लेखक संघ” की स्थापना में सहयोग दिया। आर्थिक कष्टों तथा इलाज ठीक से न कराये जाने के कारण ८ अक्टूबर १९३६ में आपका देहान्त हो गया। और इस तरह वह दीप सदा के लिए बुझ गया जिसने अपनी जीवन की बत्ती को कण-कण जलाकर भारतीयों का पथ आलोकित किया।

प्रेमचन्द का लेखन और विभिन्न विषय

प्रेमचन्द ने अपने कथा - साहित्य में ऐसे अनेक विषयों को प्रस्तुत किया है जिनका सम्बन्ध आम जनता से दिखता है। आपके लेखन में प्रगतिशील चिन्तन व्यापक रुप से पाया जाता है। कुछ विषयों का संक्षिप्त विवरण :
सामाजिकता-प्रेमचन्द ने अपने कथा - साहित्य में सामाजिकता पर विशेष जोर दिया। आपने अपनी कृतियों के द्वारा समाज के दबे कुचले लोगों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। इस क्षेत्र में आप प्रगतिशील लेखकों के उस्ताद माने जाते हैं। वह जिन्दगी भर ऐसे बहुत से राह-भटकों को रास्ता दिखाते रहे। आपके ख्याल में समाज में आर्थिक समानता होनी चाहिए। सदा दापने पूंजीवादी व्यवस्था की घोर निन्दा करते रहे। उनका मानना यह भी था कि प्रत्येक को श्रम करना चाहिए। आपने अपनी कृतियों द्वारा वर्ण - व्यवस्था की कड़ी निन्दा की है। उन्होंने अपनी पूरी जिन्दगी त्याग, तप और संयम के साथ बितायी। उन्होंने सामाजिक दायित्वों को सफलतापूर्वक निभाया।



प्रेमचन्द और मानवतावाद-प्रेमचन्द एक महान दार्शनिक भी थे। उन्होंने अपने समय के सभी धर्मों को अपनी निगाह से परखा था और अन्ततः वे इस फैसले पर पहुंचे थे कि आज धर्म के नाम पर जो कुछ लोग कर रहे हैं वह सब केवल अंधविश्वास है। वह लिखते हैं - “जिस समाज पर एक करोड़ कौतल मूसलचंदों के भरण पोषण का भार हो वह न कंगाल रहे तो दूसरा कौर रहे ………. उसने असली धर्म को छोड़कर, जिसका मूलतत्व समाज की उपयोगिता है, धर्म के ढोंग को धर्म मान लिया है। जबतक वह धर्म का असली रुप ग्रहण न करेगा उसके उद्धार की आशा नहीं” नाममात्र के धर्म को मानने वालों के व्यवहार से तंग आकर उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की परम्परा में मानवधर्म की स्थापना की। उनका मानना था कि वही धर्म सर्वमान्य है जिसमें मानवता की बात कही गयी हो। मैं उसी धर्म का दास हूं जिसमें मानवता को प्रधानता दी गयी है। वह ऐसे देवता, नबी या पैगम्बर को दूर से ही सलाम करते हैं जो मानवता के विरुद्ध कुछ कहता है। कभी इस्लाम का कायल होने वाले प्रेमचन्द बाद में इस बात रुठ गये कि इस्लाम में भी मानवता सिर्फ इस्लाम तक ही सीमित है। उनका मानना था कि इस्लाम भी अन्य धर्मों की तरह गुटबंद है। उन्होंने सभी धर्मों की कमजोरी को देखकर समझकर एक ऐसे धर्म को अपना आदर्श बनाया था जो लोक सेवा, सहिष्णुता, समाज के लिए व्यक्ति का बलिदान, नेकनियति, शरीर और मन की पवित्रता आदि गुणों पर टिका हो।



बाल - विवाह-प्रेमचन्द ने तत्कालीन समाज में व्याप्त इस कुप्रथा को सामाजिक विष कहा है। इसकी निन्दा के लिए कई कहानियों की रचना की। सुभागी, लांछन (मानसरोबर-१) उन्माद (मानसरोवर - २) तथा नैराश्य लीला (मानसरोवर - ३) आदि कहानियों में बाल - विवाह के दुष्परिणामों पर उन्होंने छींटें कसे हैं। इन कहानियों में उन्होंने ऐसे कई चरित्र प्रस्तुत किये हैं जैसे सुभागी ग्यारह साल की उम्र में ही विधवा हो जाती है और नैराश्य लीला की कैलासकुमारी अभी गौना भी नहीं होता है कि वह विधवा हो जाती है। इसके बारे में उन्होंने एक जगह लिखा है कि “पाँच साल के दुल्हे तुम्हें भारत के सिवा और कहीं देखने को नहीं मिलेंगे।”



विधवा - विवाह-प्रेमचन्द के ख्याल से विधवा विवाह समाज के लिए एक अच्छा कारनामा था। इससे सामाजिक बुराईयों को मिटाया जा सकता था। वह कहते थे कि विधवा विवाह समाज के लिए आदर्श है। उनके शब्दों में मैंने एक बोया हुआ खेत लिया तो क्या उसकी फसल को इसलिए छोड़ दूँगा कि उसे किसी दूसरे ने बोया था। वह मानते थे कि वह व्यक्ति जो विधवा से विवाह
करता है और पति के दायित्वों को जिम्मेदारी समझकर निभाता है वो समाज के लिए आदर्श है।



नारी : राजनीतिक चेतना-प्रेमचन्द ने बहुत कहानियां ऐसी लिखी जिनका सम्बन्ध राजनीतिक चेतना से है। इनमें कुछ निम्नलिखित हैं : माँ, अनुभव, तावान, कुत्सा, डामुल का कैदी (मानसरोवर - २), माता का हृदय, धिक्कार, लैला (मानसरोवर - ३), सती, (मानसरोवर - ५), राजा हरदोल, रानी सारंधा, जुगनू की चमक (मानसरोवर - ६), जेल, पत्नी से पति शराब की दुकान, समरयात्रा, सुहाग की साड़ी(मानसरोवर - ७), आहुति तथा होली का उपहार (कफन), सती राजा हादौल, रानी सारंधा, विक्रमादित्य का तेगा लेला आदि कहानियों के माध्यम से इतिहास की छाया में भारत इतिहास प्रसिद्ध नारियों के चरित्र उभारकर प्रेमचन्द ने नारी - जाति में राष्ट्रीय चेतना उभारने का विशेष प्रयास किया है। ‘सती’ कहानी एक ऐसी कहानी है जिसे नारी जाति में राष्ट्रीय चेतना जगाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कड़ी माना गया है। गाँधी जी के सत्याग्रह आंदोलन में नारियों के सहयोग और जवान युवक - युवतियों के मन तरंगित हो रही राजनीतिक चेतना के अनुभव को प्रेमचन्द ने अपनी कहानी में प्रस्तुत किया है।



नारी शिक्षा-नारी शिक्षा की दिशा में प्रेमचन्द की अवधारणा यह थी कि स्रियों को शिक्षित किया जाय और उनको वह सभी अधिकार दिये जायें जो पुरुषों को प्राप्त हैं। अधिकार दिये जाने के साथ - साथ उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ऐसी कोई पाश्चात्य पद्धति में न जाने दिया जाए जिससे वह विलास बन जाए और अपने कर्तव्य से विमुख हो जाए। उन्होंने विलासिता को बुरा नहीं कहा बल्कि राजनीतिक दृष्टि से पराधीन तथा आर्थिक व सामाजिक दृष्टि से पिछड़े हुए भारत के युवकों और युवतियों का अपने देश और समाज की स्थिति को भूलकर अंग्रेजी पद्धति की नकल करना प्रेमचन्द को क्षुब्ध करता था।



पुरुष - नारी समानता-आपकी कहानी ‘शान्ति’, ‘झांकी’, ‘शिकार (मानसरोवर न० १), कुसुम, ‘जीवन का शाप’, ‘गृह - नीति’ (मानसरोवर न० २), लाछन (मानसरोवर - ५), तथा रहस्य कहानियाँ ऐसी हैं जहाँ वे पुरुष की भांति नारी की भी स्वतंत्रता चाहते हैं। उनका मानना था कि अगर पुरुष नारी का गुलाम नहीं है तो वह भी पुरुष की लौंडी नहीं है। और अगर पुरुष उसका गुलाम है तो नारी भी उसकी लौंडी है। दोनों बराबर है।



छुआछूत और प्रेमचन्द-छुआछूत के बारे में गाँधी जी ने कहा था, “अस्पृश्यता हिन्दू धर्म का अंग नहीं है, बल्कि उसमें घुसी हुई सड़न है, बहम है, पाप है, और उसको दूर करना एक - एक हिन्दू का धर्म है, उसका परम कर्तव्य है।गाँधी जी सभी वर्गों के समर्थन के चक्कर में छुआछूत की लड़ाई से भटक गए। लेकिन प्रेमचन्द ने गाँधीजी से प्रेरणा लेकर इस लड़ाई में कूदे थे अतः अंततः निन्दा करते रहे। गाँधीजी के खिलाफ जन्मों से नहीं बल्कि कर्मों के आधार पर जाति को माना। प्रेमचन्द इस मामले में गाँधी जी से आगे थे।



धार्मिक सहिष्णुता एवं गाँधीजी-प्रेमचन्द कहते हैं - “मैं एक इन्सान हूँ और जो इन्सानियत रखता हो, इन्सान का काम करता है, मैं वही हूँ और ऐसे ही लोगों को चाहता हूँ। प्रेमचन्द साम्प्रदायिकता को ऐसा पाप मानते हैं जिसका कोई प्रायश्चित नहीं। अतः व्यक्तिगत रुप से वे इस कम्यूनल प्रोपगंडा का गोरों का गोरों से मुकाबला करने के लिए तैयार थे। इस सम्बन्ध में प्रेमचन्द की दृष्टि पूर्ण वैज्ञानिक रही है। वे कहते हैं कि मैं उस धर्म को कभी स्वीकार नहीं करना चाहता जो मुझे यह सिखाता हो कि इन्सानियत, हमदर्दी और भाईचारा सब-कुछ अपने ही धर्म वालों के लिए है और उस दायरे के बाहर जितने लोग हैं सभी गैर हैं, और उन्हें जिन्दा रहने का कोई हक नहीं, तो मै उस धर्म से अलग होकर विधर्मी होना ज्यादा पसंद कर्रूंगा। प्रेमचन्द का मानना था कि साम्प्रदायिक झगड़ा ज्यादातर मामलों में राजनीतिक हित साधने के लिए राजनीतिक पार्टियाँ करती हैं। वह छोटे - छोटे झगड़ों को बड़ा रुप देकर बड़ा बना देंगे और अपना उल्लू सीधा करते हैं।



साम्प्रदायिकता और प्रेमचन्द-प्रेमचन्द ने साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए अपनी अनेक कहानियों में साम्प्रदायिक झगड़े की बुराई और परिणामों का उल्लेख किया। मुक्तिधन, क्षमा, (मानसरोवर-३) स्मृतिका, पुजारी (मानसरोवर-४) मंत्र हिंसा परमो धर्म (मानसरोवर-५) जिहाद (मानसरोवर-७) ब्रह्म का स्वांग तथा खून सफेद (मानसरोवर-८) ये ऐसी कहानियां हैं जिसके माध्यम से प्रेमचन्द ने साम्प्रदायिक वैषम्य के स्वर को दूरदराज तक पहुंचाने की कोशिश की है। ’मंत्र’ कहानी में उन्होंने एक ऐतिहासिक घटना को माध्यम बनाया कि जब १९२०-२२ ई० में हिन्दू-मुस्लिम एकता स्थापित हुई तो चारों तरफ लोग खुश हो गए। लेकिन यह खुशी ज्यादा दिनों तक न रह सकी क्योंकि इसको भंग करने की साजिश ब्रिटिश शासकों के द्वारा होने लगी वह भंग भी कर दिया गया। ‘मुक्तिधन’ रहमान के द्वारा गाय के प्रति प्रेम दिखाकर हिन्दू-मुस्लिम सोहार्द बनाए रखने का प्रयास किया गया है।हिंसा परोधर्मः के माध्यम से धर्म के नाम पर सारे देश में फैली ऐसी अराजकता को प्रस्तुत किया है जिसके सुनने या पढ़ने से दिल तार-तार होने लगता है। वे कहते हैं कि सत्य, अहिंसा, प्रेम तथा न्याय धर्म से गायब होने लगे थे। हर तरफ असत्य, हिंसा और द्वेष ही छा गया था। इन सब का कारण वह ब्राह्मणों और मौलवियों को मानते थे। उनके ख्याल से ऐसे लोगों ने अपने स्वार्थ को साधने के लिए धर्म का प्रयोग शुरु कर दिया है। वह मानते थे कि सभी धर्म को तिलांजली देकर मानव-धर्म को अपनाया जाए। जिसमें प्रेम, अहिंसा और एक दूसरे के दुख-दर्द को समझने और बांटने का पूरा अवसर हो। उनका कहना था कि उस मजहब या धर्म के सामने माथा झुकाने से क्या लाभ मिलेगा जिस धर्म में निष्क्रियता ने घर कर लिया हो जो धर्म केवल अपने को ही जीना सिखाता हो।

इस महान साहित्यकार ने सदा मानव धर्म को ही शीर्षस्थ स्थान प्रदान किया। उनके अनुसार इस धर्म के अंतर्गत मनुष्य का मनुष्य रहना अनिवार्य है। परोपकार के लिए कुछ त्याग भी करना पड़े तो वह आत्मा की हत्या नहीं है। प्रेमचन्द के जीवनदर्शन का मूलतत्व मानवतावाद है। वह मानवतावाद को सबसे पहले मानते थे। वही मानवता वाद जो मनुष्य की तरफदारी करने वाला हो।


प्रेमचन्द द्वारा रुढ़ीवाद का विरोध

जिस समय प्रेमचन्द का जन्म हुआ वह युग सामाजिक - धार्मिक रुढ़ीवाद से भरा हुआ था। इस रुढ़ीवाद से स्वयं प्रेमचन्द भी प्रभावित हुए। जब आपने कथा-साहित्य का सफर शुरु किया अनेकों प्रकार के रुढ़ीवाद से ग्रस्त समाज को यथा शक्ति कला के शस्र से मुक्त कराने का संकल्प लिया। अपनी कहानी के बालक के माध्यम से यह घोषणा करते हुए कहा कि “मैं निरर्थक रुढियों और व्यर्थ के बन्धनों का दास नहीं हूँ।”

समाज में व्यप्त रुढियाँ-सामाजिक रुढियों के संदर्भ में प्रेमचन्द ने वैवाहिक रुढियों जैसे अनमेल विवाह, बहुविवाह, अभिभावकों द्वारा आयोजित विवाह, पुनर्विवाह, दहेज प्रथा, विधवा विवाह, पर्दाप्रथा, बाल विवाह, वृद्धविवाह, पतिव्रत धर्म तथावारंगना वृद्धि के संबंध में बड़ी संवेदना और सचेतना के साथ लिखा है।तत्कालीन समाज में यह बात घर कर गई थी कि तीन पुत्रों के बाद जन्म लेने वाली पुत्री अपशकुन होती है। उन्होंने इस रुढि का अपनी कहानी ‘तेंतर’ के माध्यम से कड़ा विरोध किया है। होली के अवसर पर पाये जाने वाली रुढि की निन्दा करते हुए वह कहते हैं कि अगर पीने - पिलाने के बावजूद होली एक पवित्र त्योहार है तो चोरी और रिश्वतखोरी को भी पवित्र मानना चाहिए। उनके अनुसार त्योहारों का मतलब है अपने भाइयों से प्रेम और सहानुभूति करना ही है। आर्थिक जटिलताओं के बावजूद आतिथ्य - सत्कार को मयार्दा एवं प्रतिष्ठा का प्रश्न मान लेने जैसे रुढि की भी उन्होंने निन्दा की है।



धार्मिक रुढियाँ-प्रेमचन्द महान साहित्यकार के साथ - साथ एक महान दार्शनिक भी थे प्रेमचन्द की दार्शनिक निगाहों ने धर्म की आड़ में लोगों का शोषण करने वालों को अच्छी तरह भाँप लिया था। वह उनके वाह्य विधि - विधानों एवं आंतरिक अशुद्धियों को पहचान चुके थे। इन सब को परख कर प्रेमचन्द से प्रण ले लिया था कि वह धार्मिक रुढिवादिता को खत्म करने का प्रयास करेंगे। वह मानते थे कि धार्मिक रुढियों का कारण ब्राह्मण और मंदिर हैं। उन्होंने यहीं से अपना अभियान शुरु किया। इसके लिए कई कहानियाँ लिखी गई। जैसे - रामलीला, निमंत्रण, हिंसा परमो धर्मः (मानसरोवर-५) मनुष्य का परम धर्म - गुरुमंत्र, बाबाजी का भोग तथा पंडित मोटेराम की डायरी। पंडित मोटेराम की डायरी का एक अंश प्रस्तुत है: -”क्या नाम है कि मैं पंडित मोटेराम …….. बात करने में मैं पक्का फिकेत हूँ। बस यही समझलो कि कोई निमन्त्रण भर दे दे, फिर मैं अपनी बातों से ऐसा ज्ञान घोलता हूँ, वेद - शास्रों की ऐसी व्याख्या करता हूँ कि क्या मजाल कोई यजमान उल्लू न हो जाय। योगासन, हस्तरेखा, सन्तान शास्र, वशीकरण आदि सभी विधाएं जिन पर सेठ महाजनों का पक्का विश्वास है, मेरी जिह्मवा पर है। अगर पूछो कि क्यों पंडित मोटेराम शास्री, आपने इन विधाओं को पढ़ा भी है? मैं डंके की चोट के साथ कहता हूँ कि मैंने कभी नहीं पढ़ा। इन विधाओं का क्या रोना हमने कभी विद्या नहीं पढ़ी है। पूरे लंठ हैं, निरक्षर महान, लेकिन फिर भी किसी बड़े से बड़े पुस्तक - चाटू, शास्रघोटूँ पंडित का सामना करा दो, चपेट न दूँ तो मेरा नाम मोटेराम नहीं। ऐसा रऐटूं कि पंडित जी को भागने का भी रास्ता न मिले। पाठक कहेंगे यह असंभव है कि एक पूर्ख आदमी महान पंडित कैसे खोदेगा। मैं कहता हूँ प्रियवर, पुस्तक चाटने से कोई विद्वान नहीं हो जाता है। जो विद्वान आज इस युग में श्राद्ध, पिण्डदान और वर्णाश्रम में विश्वास रखता है, जो आज गोबर और गोमूत्र को पवित्र समझता है, जो देवपूजा को मुक्ति का साधन समझता है, वह विद्वान कैसे हो सकता है। मैं खुद यजमानों से यह सब कृत्य करवाता हूँ। नि:संदेह जानता हूँ, हलवा और कलाकन्द किसी आत्मा के पेट में नहीं, मेरे पेट में जाता है फिर भी यजमानों को मुड़ता हूँ। क्योंकि यह मेरी जीविका है। यजमान स्वयं बेवकूफ बनते हैं पाँच पैसे का गऊदान करके भवसागर पार उतरना चाहता है। उसे मैं कैसे मना करुँ कि यह उनके लिए मि है।”

प्रस्तुत आत्मकथा से ब्राह्मणों के गादड़ चिट्ठा खुलकर सामने आ गए हों और इससे धार्मिक रुढियों को भी आघात पहुंचाया है। तत्कालीन समाज में व्याप्त रुढि मृतक भोज पर प्रेमचन्द कह गये हैं कि यह कैसी परम्परा है कि मरने के बाद परिवार के बचे हुए लोग मृतक भोज करवायें। जबकि जाने वाला अपने पीछे फूटी कौड़ी भी नहीं छोड़ कर गया है। परिवार में इतना पैसा नहीं है कि वह अपने बच्चों को पालन-पोषण के साथ-साथ पढ़ा लिखा कर अपने पैरों पर खड़ा कर सके।

बिरादरी के सरगने विधवा पत्नी के पास बचे आभूषण और मकान के बलबूते पर ही सही मगर वह मृतक के परिवार से हर हाल में मृतक भोज चाहते हैं क्योंकि यह उनके नाक के कट जाने जैसा है। सरगने की बात मानकर या दबाव में आकर बेचारा परिवार मृतक भोज देने के लिए तैयार हो जाता है और सालों तक कर्ज में डूबा रहता है। यह धार्मिक रुढ़ी धर्म की आड़ में ही हुआ करती है।

प्रेमचन्द जैसा महान साहित्यकार एवं दार्शनिक यह मानता है कि नेकी और बदी की सबसे बड़ी पहचान व्यक्ति का अपना दिल है। दिल जिस काम को बुरा कहता हो वह काम हर हाल में बुरा है और जिस काम को अच्छा कह दे वह काम हर हाल में अच्छा है।

प्रेमचन्द स्वर्ग - नरक के बारे में कहते हैं कि स्वर्ग - नरक की चिंता में वह लोग रहते हैं जो अपाहिज, कर्त्तव्यहीन एवं निर्जीव होते हैं। मनुष्य का स्वर्ग - नरक सब इसी पृथ्वी पर है। उनके अनुसार पुनर्जन्म गोरखधंधा तथा धोखे में डालने वाला है।

शोषण

प्रेमचन्द और शोषण का बहुत पुराना रिश्ता माना जा सकता है। क्योंकि बचपन से ही शोषण के शिकार रहे प्रेमचन्द इससे अच्दी तरह वाकिफ हो गए थे। समाज में सदा वर्गवाद व्याप्त रहा है। समाज में रहने वाले हर व्यक्ति को किसी न किसी वर्ग से जुड़ना ही होगा।प्रेमचन्द ने वर्गवाद के खिलाफ लिखने के लिए ही सरकारी पद से त्यागपत्र दे दिया। वह इससे सम्बन्धित बातों को उन्मुख होकर लिखना चाहते थे। उनके मुताबिक वर्तमान युग न तो धर्म का है और न ही मोक्ष का। अर्थ ही इसका प्राण बनता जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार अर्थोपार्जन सबके लिए अनिवार्य होता जा रहा है। इसके बिना जिन्दा रहना सर्वथा असंभव है। वह कहते हैं कि समाज में जिन्दा रहने में जितनी कठिनाइयों का सामना लोग करेंगे उतना ही वहाँ गुनाह होगा। अगर समाज में लोग खुशहाल होंगे तो समाज में अच्छाई ज्यादा होगी और समाज में गुनाह नहीं के बराबर होगा। प्रेमचन्द ने शोषितवर्ग के लोगों को उठाने का हर संभव प्रयास किया। उन्होंने आवाज लगाई “ए लोगों जब तुम्हें संसार में रहना है तो जिन्दों की तरह रहो, मुर्दों की तरह जिन्दा रहने से क्या फायदा।”प्रेमचन्द ने अपनी कहानियों में शोषक - समाज के विभिन्न वर्गों की करतूतों व हथकण्डों का पर्दाफाश किया है। ये निम्नलिखित हैं: — ग्राम एवं नगर के महाजन
- सामंतवाद के प्रतिनिधि - जमींदार
- पूँजीवाद के प्रतिनिधि - उद्योगपति
- सरकारी अर्धसरकारी अफसर

प्रेमचन्द ने अपनी कहानियाँ नशा, पूस की रात (मानसरोवर-१), पछतावा (मानसरोवर-६), जेल, (मानसरोवर-७) बेटी का धन, बलिदान, विध्वंस तथा उपदेश (मानसरोवर-८) ‘नशा’ कहानी में जमींदार को हिंसक पशु और खून चूसने वाली जोंक और वृक्ष की चोटी पर फूलने वाला बुंआ कहा है और यह कहा है कि ईश्वर ने असामियों को इनका काम करने और सेवा करने के लिए ही पैदा किया है। ‘पूस की रात’ का ‘हलकू’ उस किसान का प्रतीक है जो सबको खिलाता और पहनाता है मगर स्वयं रात में जाड़े में नंगे ठिठुरने पर मजबूर है। मजदूरी करके हलकू अपनी माल गुजारी भरता है। इस प्रकार के बहुत से किसान हैं जो मजदूरी करके मालगुजारी भरा करते हैं। उनकी हालत पर कोई तरस नहीं खाता है। हर कोई अपने-अपने वर्ग के लिए मरता है।

प्रेमचन्द के कहानी साहित्य में राष्ट्रीयता का स्वर सबसे ज्यादा मुखर है। उस युग के स्वतंत्रता आंदोलन ने ही प्रेमचन्द जैसे संवेदनशील कलाकारों में राष्ट्रीयता जैसा प्रबल भाव डाला था। प्रेमचन्द गाँधी जी से बहुत प्रभावित हुए थे और राष्ट्रीयता के क्षेत्र में उन्हें अपना आदर्श मानकर चले थे। माँ, अनमन, दालान (मानसरोवर-१) कुत्सा, डामुल का कैदी (मानसरोवर-२) माता का हृदय, धिक्कार, लैला (मानसरोवर-३) सती (मानसरोवर-५) जेल, पत्नी से पति, शराब की दुकान जलूस, होली का उपहार कफन, समर यात्रा सुहाग की साड़ी (मानसरोवर-७) तथा आहुति इत्यादि वे कहानियाँ हैं जिनमें राष्ट्रीयता के विष्य को प्रमुखता से डाला गया है।

इन कहानियों ने प्रेमचन्द ने एक इतिहासकार की भांति राष्ट्रीय आंदोलन के चित्र खींचे हैं। गाँधी जी से प्रेमचन्द काफी प्रभावित थे। उन्होंने विश्वास जैसी कहानी के माध्यम से गाँधी जी के आदर्शों को लोगों के सामने प्रस्तुत किया।

प्रेमचन्द के मानस में भारतीय संस्कार अपेक्षाकृत अधिक प्रबल थे। विदेशी सभ्यता, संस्कृति आचरण एवं शिक्षा के प्रति उनकी आस्था दुर्बल थी। प्रेमचन्द को अपने देश और यहाँ की चीजों से अथाह प्रेम था।

प्रेमचंद और नारी

इधर हिन्दी में नारी-विमर्श की बडी चर्चा है। इस चर्चा में पुरुष और नारी दोनों शामिल हैं। कुछ पत्रिकाओं के सम्पादकों ने तो जैसे युग-युग से बन्दी नारी की मुक्ति का ही आन्दोलन शुरू कर दिया है तथा ?हंस? जैसी पत्रिकाएँ तो नारी के बलात्कार और नारी की यौन-मुक्ति की कहानियों को ही पुरस्कृत तथा प्रकाशित करने का निर्णय कर चुकी हैं। हिन्दी के ऐसे लेखकों तथा सम्पादकों का ऐसा ही नारी-विमर्श है जो नारी को उसके शरीर का स्वामी मानते हुए उसे अपने शरीर को किसी भी प्रकार से भोगने की स्वतंत्रता देता है। हंस के सम्पादक तथा जनवादी चेतना के मसीहा राजेन्द्र यादव यही बात कहते हैं, ??उसे (स्त्री को) भी सत्ता में हिस्सा चाहिए था और उसके पास हथियार के रूप में सिर्फ उसकी देह थी, चूँकि देह उसकी थी, इसलिए वह उसका इस्तेमाल करने के लिए स्वतन्त्र थी - वह फिल्मों में, राजनीति में, उद्योग में, सौन्दर्य प्रतियोगिताओं में देह की कीमत वसूल रही थी - वह पुरुषों के खेल में अपनी मर्जी से शामिल हो गयी थी और उन नियमों के हिसाब से खेल रही थी।??१ यह अमेरिकन समाज का सत्य है जहाँ तेरह-चौदह वर्ष की किशोरियाँ एक नहीं अनेक से यौन- सम्बन्ध रखने के लिए स्वतन्त्र हैं और उसे वे नारी-मुक्ति का द्वार मानती हैं। हमारे जनवादी चेतना के सम्पादक उसी नारी-विमर्श को साहित्य और समाज में ला रहे हैं। ये लेखक पुरुष सत्तात्मक समाज और सामंती व्यवस्था म नारी के शोषण और दासता के इतिहास के वर्णन में जिस नारी-निष्ठा का प्रदर्शन करते हैं, तथा नारी-मुक्ति का ढोल पीटते हैं, ऐसे लेखक नारी को खुद भोग की वस्तु से अधिक कुछ नहीं समझते।
राजेन्द्र यादव ने ?हासिल? शीर्षक से एक आत्मकथात्मक कहानी लिखी जो ?हंस? के अगस्त-सित. १९९७ के अंक में छपी थी । इस कहानी का नायक (जो लेखक की आयु का ही है) नारी को भोग की वस्तु मानते हुए समाज की नैतिक मर्यादाओं तथा यौन शुचिता को चुनौती देते हुए कहता है - ??नारी क्या है ? सिर्फ एक बहता हुआ सोता । उसे तो बहना ही है, अगर आप कुछ मिनट उसके किनारे अपनी थकान मिटा लेते हैं, दो घूँट पानी पीकर, अगली लम्बी यात्राओं पर निकल पडने के लिए तरोताजा हो जाते हैं, तो इसमें बुराई क्या है ? नहीं, न इसमें कुछ गलत है, न अनैतिक ….. भाड में गयी नैतिक मर्यादाएँ और शील सच्चरित्रा। यह हमारा सारा लेखन इन्हीं बन्धनों के खिलाफ ही तो विद्रोह है।??२ यह आत्म-स्वीकृति जनवादी चेतना के पुरोधा लेखक की है जो अमेरिकन नारी की देह-मुक्ति तथा यौन-स्वच्छंदता को अपने साहित्य और समाज में लाने के लिए विद्रोह तक करने को तत्पर है। यह भी ध्यान रखने की बात है कि राजेन्द्र यादव स्वयं ऐसे पुरुष-सत्तात्मक परिवार के स्वामी हैं जिसे वे हर प्रकार की गालियाँ देते हैं लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी पत्नी को घर छोडने को विवश कर दिया।
प्रेमचंद की नारी की यौन-शुचिता के विवेचन के लिए मुझे इस प्रसंग को तथा नारी-विमर्श के इस पश्चिमी उन्माद को पृष्ठभूमि के रूप में देना उचित प्रतीत हुआ। नारी-विमर्श में नारी के अधिकारों, उसकी मुक्ति एवं स्वतंत्रता के प्रश्न में उसकी यौन-शुचिता का सवाल बहुत ही महत्त्वपूर्ण है। अतः प्रेमचंद के इस सम्बन्ध में विचारों को जानने से पहले यह आवश्यक था कि यह स्पष्ट हो कि आज के नारी-विमर्श के मसीहा किस प्रकार उसकी यौन-शुचिता को नष्ट करने तथा शरीर के मुक्त उपभोग में ही नारी-मुक्ति का दिवा-स्वप्न देख रहे हैं। भू-मंडलीकरण के इस दौर में नारी एक वस्तु बन गयी है और उसका शरीर केन्द्र में आ गया है। वह स्वयं नग्न प्रदर्शन तथा यौन व्यापारों का स्वेच्छा से अंग बन रही है और नारी को भोग्या बनाने वाले पुरुषों ने तो उसकी यौन-शुचिता का मजाक उडाते हुए इस परम्परागत मूर्खता से मुक्त करने का जैसे आन्दोलन ही शुरू कर दिया है। नारी को इस प्रकार यौन-शुचिता की जडता तथा यौन-पवित्रता की मूर्खता से मुक्त करने के मूल में विवाह तथा घर-परिवार की परम्परागत संस्थाओं को भी तोडने का षड्यन्त्र चल रहा है। असल में भारतीय नारी जब तक एक पुरुष के प्रति निष्ठावान है तथा घर-परिवार की रचना में मग्न है, तब तक यौन-मुक्ति सम्भव नहीं है। इसी कारण पश्चिमी देशों में विवाह संस्था नष्ट हो रही है और घर-परिवार का स्वरूप भी एकदम बदल रहा है। नर और नारी की परस्पर पूरकता, समर्पण और विश्वास नष्ट हो रहा है तथा समाज तलाक, यौन अपराधों, समलैंगिकता तथा एड्स जैसी जानलेवा बीमारियों के जाल में फँसता जा रहा है।
भारत में उन्नीसवीं शताब्दी में राजा राममोहन राय के द्वारा जो नवजागरण आरम्भ हुआ उसमें नारी-जागरण भी एक महत्त्वपूर्ण अंग था। उन्होंने सन् १८२९ में सती प्रथा के निषेध का कानून बनवाकर नारी के उत्थान के इतिहास का आरम्भ किया। इसके उपरान्त ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, देवेन्द्रनाथ टैगोर, केशवचन्द्र सेन, ब्रह्म समाज, आर्य समाज, विवेकानन्द आदि ने उन्नीसवीं शताब्दी में नारी जागरण की बुनियाद रख दी। स्वामी विवेकानन्द ने भारतीय नारी की शिक्षा, बौद्धिक विकास, मातृत्व तथा सतीत्व पर बल देकर नारी की स्वतन्त्रता और उसके उद्धार को ठोस आधार दिया। स्वामी विवेकानन्द ने नारी की स्वाधीनता और उसके सतीत्व को नारीत्व मानते हुए कहा, ??आदर्श स्त्रीत्व का अर्थ पूर्ण स्वाधीनता है। सतीत्व आधुनिक हिन्दू नारी के जीवन की केन्द्रीय भावना है। पत्नी एक वृत्त का केन्द्र है जिसका स्थायित्व उसके सतीत्व पर निर्भर है।३ गगग (वह) विवाहित हो या कुमारी, जीवन की हर अवस्था में, अपने सतीत्व से तिल-भर भी डिगने की अपेक्षा, जीवन की निडर होकर आहुति दे दे।??४ विवेकानन्द केवल नारी की ही नहीं पुरुष की भी यौन-पवित्रता चाहते हैं। वे पवित्रता को स्त्री और पुरुष दोनों का सर्वप्रथम धर्म कहते हैं और चाहते हैं कि स्त्री अपने पति को छोडकर शेष पुरुषों को पुत्रवत् तथा पुरुष अपनी पत्नी को छोडकर सभी को माता, बहन तथा पुत्री के समान देखे। ऐसी पवित्रता और सतीत्व ही मनुष्य के पाशविक भावों को नष्ट कर सकता है।५ बीसवीं शताब्दी के नारी जागरण तथा महात्मा गाँधी एवं प्रेमचंद जैसे राष्ट्र- नायकों ने विवेकानन्द के इस यौन-शुचिता के दर्शन को अपनाया और नारी की शिक्षा, बन्धनों से मुक्ति तथा उसके अधिकारों एवं उसकी स्वाधीनता के आन्दोलन में उसके सतीत्व और यौन-पवित्रता के भारतीय आदर्श को आधुनिक स्त्री के रूप में उसे रूपान्तरित करने में अनिवार्य रूप से स्वीकार किया। प्रेमचंद के नारी के आदर्श में त्याग और सेवा के साथ पवित्रता भी उसका अंग है। उन्होंने इन्द्रनाथ मदान को ७ सितम्बर, १९३४ को अपने पत्र में लिखा था, ??स्त्री का मेरा आदर्श त्याग है, सेवा है, पवित्रता है, सब कुछ एक से मिला-जुला त्याग जिसका अन्त नहीं, सेवा सदैव, सहर्ष और पवित्रता ऐसी कि कोई कभी उस पर उँगली न उठा सके।??६ त्याग और सेवा पवित्रता के ही अंग हैं तथा पवित्रता सतीत्व और यौन-पवित्रता का ही पर्याय है। शिवरानी देवी ने ऐसी एक घटना का वर्णन किया है जब वे प्रेमचंद और सवा साल की बेटी कमला के साथ स्टीमर से सरयू पार कर रही थीं और एक नवयुवक उनकी ओर बढता आ रहा था। शिवरानी देवी ने प्रेमचंद को जब इस बारे में बताया तो उन्होंने उस नवयुवक की गर्दन पकडी और दूर तक खींचते ले गये और सरयू में झोंक देने को तैयार हो गये।७ इस प्रकार प्रेमचंद अपने निजी जीवन के साथ अपने औपन्यासिक पात्रों के जीवन में भी नारी के शील-हरण अथवा उसकी यौन-शुचिता को कलंकित करने के पुरुष के किसी भी प्रयास को क्षमा नहीं कर सके। प्रेमचंद हिन्दी साहित्यकारों में एकमात्र ऐसे साहित्यकार हैं जिन्होंने नारी-जागरण का शंखनाद किया, उसके ?अबला? तथा ?दासी? के परम्परागत कलंक को मिटाया, उसे शिक्षित किया और राजनीति में सक्रिय बनाया, उसे विधवा-विवाह, बेमेल विवाह, दहेज, तलाक आदि कुप्रथाओं के प्रति सचेत किया और अपनी स्वाधीनता तथा अस्तित्व एवं अधिकारों के लिए संघर्ष की शक्ति प्रदान की। उन्होंने अपने नारी पात्रों में आदर्श माता, पत्नी, प्रेमिका तथा बहन के चरित्र उत्पन्न किये तथा ऐसे नारी पात्रों की सर्जना की जो अन्याय, शोषण तथा दमन की मुक्ति के लिए लड सकीं, लेकिन वे अपने किसी नारी पात्र को इतना आधुनिक नहीं बना पाये कि वह विवाह-पूर्व यौन सम्बन्ध बनाये, किसी पर-पुरुष के साथ यौन सम्बन्ध स्थापित करे और अपनी यौन स्वच्छंदता से समाज में हलचल उत्पन्न करे। उसे कोई उनका ?सैक्स टेबू? कहे, परम्परागत सतीत्व के पालन की मूर्खता कहे, नारी को लक्ष्मण-रेखा अथवा मर्यादाओं में बाँधने का हिन्दू दुराग्रह तथा आधुनिकता का विरोधी कहे, प्रेमचंद नारी की यौन-शुचिता पर कोई ढील तथा कोई समझौता करने को तैयार नहीं हैं।
प्रेमचंद साहित्य में नारी की यौन-शुचिता एवं पवित्रता के अनेक प्रसंग मिलते हैं। यौन-शुचिता का यह प्रश्न नारी के सभी रूपों से जुडा है, चाहे वे कुमारी है, प्रेमिका है, पत्नी है, विधवा है या कोई और रूप है। नारी जहाँ-जहाँ है, वहाँ-वहाँ जब नारी के शील-हरण का प्रसंग जन्म लेता है तो प्रतिक्रियाओं के कई रूप होते हैं। प्रेमचंद के पहले उपन्यास ?असरारे मआबिद- उर्फ देवस्थान रहस्य में महादेव मन्दिर का महन्त रामकली आदि स्त्रियों का शील-हरण करता है, परन्तु इसमें इन स्त्रियों की सहमति होती है। ?सेवासदन? की सुमन ने गृहिणी बनने के स्थान पर ?इन्द्रियों के आनन्द-भोग? की शिक्षा पायी थी तथा उसे अपने रूप-सौन्दर्य का अभिमान था। वह इसी कारण मुहल्ले के शोहदों को चिक की आड से अपने शारीरिक सौन्दर्य को दिखाने में असीम आनन्द का अनुभव करती थी। इस प्रकार सुमन स्वयं ही अपनी पवित्रता भंग करती है और गृहिणी से वेश्या बनती है। ?प्रेमाश्रम? में जमींदार का कारिन्दा गौस खाँ मनोहर की पत्नी बिलासी का अपमान करता है और उसका चपरासी फैजू उसकी गर्दन पकडकर धक्का देता है तो वह आहत होती है। इस पर मनोहर गौस खाँ की हत्या कर देता है। इसी उपन्यास में गायत्री विधवा है, सम्पत्तिवान है और सती-साध्वी स्त्री है, किन्तु उसकी छोटी बहन का पति ज्ञानशंकर उसके शरीर तथा धन दोनों को हथियाना चाहता है। गायत्री के पिता राय कमलानन्द अपने दामाद ज्ञानशंकर की प्रवृत्तियों से समझ जाते हैं कि वह उनकी विधवा बेटी गायत्री को अपनी ?काम-चेष्टा? का शिकार बनाना चाहता है। ज्ञानशंकर की पत्नी विद्या पति को देव-तुल्य मानती है। इस पर भी राय कमलानन्द विद्या से कहते हैं, ??अगर उसके सतीत्व पर जरा भी धब्बा लगा तो तुम्हारे कुल का सर्वनाश हो जायेगा।??८ संयोग कुछ ऐसा होता है कि ज्ञानशंकर और गायत्री जब आलिंगनबद्ध होते हैं तभी विद्या कमरे में प्रवेश करती है और गायत्री आत्म-ग्लानि से चीख मारकर रोती है और अपने से कहती है, ??मैं उसके (बहन विद्या के) सामने साध्वी, सती बनती थी, अपने पतिव्रत पर घमंड करती थी, पर ……. मैं उसकी गृह-विनाशिनी अग्नि, उसकी हांडी में मुँह डालने वाली कुतिया हूँ।??९ राय कमलानन्द का शाप फलीभूत होता है और अन्त में ज्ञानशंकर आत्म-हत्या कर लेता है।
?रंगभूमि? उपन्यास में नारी की यौन-शुचिता के कई प्रसंग हैं, एक प्रसंग विनय-सोफिया का है जो प्रेमी-प्रेमिका हैं, दूसरा सूरदास-सुभागी का है जो अपयश का भागी बनता है और सूरदास अदालत से दंडित होता है तथा तीसरा सुभागी के साथ घीसू आदि बलात्कार की चेष्टा करते हैं और सजा पाते हैं। विनय और सोफया जब भीलों की बस्ती में होते हैं तो लेखक कहता है कि दोनों प्रेम में डूबे हैं, दोनों मिलन के लिए उद्विग्न, विकल और अधीर हैं, परन्तु एकान्त और स्वाधीनता होने पर भी नैतिक बन्धनों की दृढता उन्हें मिलने नहीं देती है। विनय की अधीरता बढती है तो वह एक भीलनी की दी जडी-बूटी और वशीकरण-मंत्र का उपयोग करता है, परन्तु वह पश्चाताप करता है तथा इसे विश्वासघात, सतीत्व-हत्या तथा नैतिक भावों का नाश मानता है।१० सोफया विनय के गले में बाहें डाल देती है, परन्तु विनय अपनी यौन-उत्तेजना को नियन्त्रित करके सोफया की यौन-शुचिता की रक्षा करता है। सूरदास-सुभागी प्रसंग में परस्त्री को अपने यहाँ आश्रय देने पर कलंक से नहीं बच पाता है। भैरों के पीटने पर जब उसकी घरवाली सुभागी सूरदास के झोंपडे में आश्रय लेती है तो भैरों, नायकराम आदि उस पर पराई औरत को वश में करने का दोष लगाते हैं तो सूरदास कहता है, ??मैं परायी स्त्री को अपनी माता, बेटी, बहन समझता हं। जिस दिन मेरा मन इतना चंचल हो जायेगा, तुम मुझे जीता न देखोगे।??११ सूरदास सुभागी की शील-रक्षा के लिए ही उसे अपने झोंपडे में रखता है और जानता है कि यदि उसने उसे निकाल दिया तो वह ?मुसलमान या किरिसतान? हो जायेगी।१२ यही सूरदास आगे चलकर सुभागी के साथ बलात्कार की चेष्टा करने पर गाँव के ही लडकों के विरुद्ध रिपोर्ट लिखाता है और इसकी चिन्ता नहीं करता कि सारा गाँव उसका विरोधी हो गया है। सूरदास के लिए नारी का सतीत्व तथा उसकी यौन पवित्रता सर्वोपरि है। वह नायकराम से यही कहता है, ??क्या औरत की आबरू कुछ होती ही नहीं। सुभागी गरीब है, अबला है, मजूरी करके अपना पेट पालती है, इसलिए जो कोई चाहे, उसकी आबरू बिगाड दे ? जो चाहे, उसे हरजाई समझ ले। गगग औरत की आबरू कोई हँसी खेल नहीं है। इसके पीछे सिर कट जाते हैं, लहू की नदी बह जाती है।??१३ सूरदास यही करता है और घीसू एवं विद्याधर को सजा हो जाती है। प्रेमचंद बलात्कार की चेष्टा पर भी अपराधियों को दण्डित कराते हैं। ?कायाकल्प? उपन्यास में तो साम्प्रदायिक दंगे के दौरान ख्वाजा साहब का बेटा अहिल्या को उठा कर ले जाता है और बलात्कार की चेष्टा करता है तो अहिल्या उसकी ही छुरी से उसकी हत्या कर देती है और खुद ख्वाजा साहब ही सूरदास वाला ही तर्क देते हुए कहते हैं, ??उसने हर एक लडकी के लिए नमूना पेश कर दिया। खुदा और रसूल दोनों उसे दुआ दे रहे हैं। फरिश्ते उसके कदमों का बोसा ले रहे हैं। उसने खून नहीं किया, कत्ल नहीं किया, अपनी अस्मत की हिफाजत की, जो उसका फर्ज था। वह खुदाई कहर था, जो छुरी बनकर उसके सीने में चुभा।??१४ ?निर्मला? उपन्यास में सतीत्व-भंग के दो प्रसंग हैं। निर्मला का जीवन और चरित्र ही यौन-अतृप्ति का प्रतीक है। वह अपने पति तोताराम में पति को नहीं पिता को देखती है, क्योंकि उसकी अधेड आयु का एक आदमी उसका पिता था। अतः वह अपने सौतेले बडे पुत्र मंसाराम से हँसती-बोलती है तो उसकी ?विलासिनी कल्पना? उत्तेजित और तृप्त होती है और अपनी बहन कृष्णा से स्पष्ट रूप में कहती है, ??यह मैं जानती हूँ कि अगर उसके मन में पाप होता तो मैं उसके लिए सब कुछ कर सकती थी।??१५ इसका परिणाम यह हुआ कि मंसाराम की मृत्यु हुई और निर्मला पति की निगाह में गिर गयी, परन्तु निर्मला ने फिर अपनी यौन-अतृप्ति का मार्ग खोजा और पति के सियाराम को खोजने जाने पर वह अपनी सहेली के पति डॉक्टर भुवन की ओर आकर्षित हुई और वह श्ाृंगार करके सुधा के घर जाने लगी, परन्तु डॉक्टर भुवन जैसे ही एकान्त में अपना प्रेम प्रकट करता है तो निर्मला वहाँ से भाग खडी होती है। सुधा इस घटना को जान लेती है तो अपने पति डॉक्टर भुवन की ऐसी भर्त्सना करती है कि भुवन आत्म-हत्या कर लेता है, पर सुधा ऐसे सौभाग्य से वैधव्य को पसन्द करती है।१६ ?प्रतिज्ञा? उपन्यास में कमलाप्रसाद पूर्णा को एकान्त में ले जाकर उससे बलात्कार करना चाहता है, परन्तु उसे पूर्णा का विरोध तथा समाज का अपयश मिलता है। ?कर्मभूमि? उपन्यास में अमरकान्त विवाहित होकर भी कुमारी सकीना से प्रेम करता है और सकीना भी उसे चाहती है। एक दिन जब दोनों प्रेम के आवेग में थे तो अमरकान्त सकीना को छाती से लगाने के लिए अपनी ओर खींचता है कि तभी पठानिन आती है तो वह उत्तेजित होकर कहती है, ??चुपचाप चला जा, नहीं तो आँखें निकाल लूँगी। तू है किस घमण्ड में ? अभी एक इशारा कर दूँ, तो सारा मुहल्ला जमा हो जाये। हम गरीब हैं, मुसीबत के मारे हैं, रोटियों के मुहताज हैं ! जानता है क्यों ? इसलिए कि हमें आबरू प्यारी है। खबरदार जो इधर का रुख किया। मुँह में कालिख लगाकर चला जा।??१७ इस घटना की तीव्र प्रतिक्रिया होती है और अमरकान्त को शहर से ही जाना पडता है और उसकी पत्नी सुखदा भी इन शब्दों में अपने पति का मूल्यांकन करती है, ??उन्होंने मेरे साथ विश्वासघात किया है। मैं ऐसे कमीने आदमी की खुशामद नहीं कर सकती। अगर आज मैं किसी मर्द के साथ भाग जाऊँ, तो तुम समझती हो, वह मुझे मनाने आयेंगे ? वह शायद मेरी गर्दन काटने आयें।??१८ इसी उपन्यास में तीन गोरे सैनिक मुन्नी के साथ बलात्कार करते हैं तो प्रेमचंद इस स्त्री का दृश्य खींचते हैं, ??उसी वक्त एक युवती खेत से निकली और मुँह छिपाये, लंगडाती, कपडे संभालती, एक तरफ चल पडी। अबला लज्जावश, किसी से कुछ कहे बिना, सबकी नजरों से दूर निकल जाना चाहती थी। उसकी जिस अमूल्य वस्तु का अपहरण किया गया था, उसे कौन दिला सकता था? दुष्टों को मार डालो, इससे तुम्हारी न्याय-बुद्धि को सन्तोष होगा, उसकी तो जो चीज जानी थी, वह गयी।??१९ यह नारी की यौन-शुचिता है, उसका सतीत्व है जिसका अपहरण हुआ है। मुन्नी पति-परिवार छोड देती है और भिखारिन के वेश में दो गोरों की छुरी से हत्या कर देती है। पुलिस उसे पकड लेती है तो मानती है कि उसने हत्या की है और वह फाँसी से नहीं डरती है, क्योंकि जब आबरू लुट गयी, तो जीकर क्या करूँगी।२० उपन्यास में मुन्नी मरती नहीं है। वह बरी होती है और एक गाँव में पहुँच कर नया जीवन शुरू करती है।
?गोदान? में नारी के सतीत्व, यौन-पवित्रता तथा उसके भंग होने के कुछ प्रेम-प्रसंग हैं जो सामाजिक प्रश्नों को उत्पन्न करते हैं। होरीराम का अपना परिवार है तथा धनिया सती-साध्वी पत्नी है जिसने होरी के सिवा किसी पुरुष को आँख भरकर देखा न था।२१ लेकिन होरी में कुछ छेडछाड की प्रवृत्ति थी। होरी दुलारी सहुआइन की दुकान पर तम्बाकू आदि लेने जाता था तो कुछ चुहल करता था। धनिया इस पर होरी से कई-कई दिन नहीं बोलती थी, घर का काम भी न करती थी और एक बार तो वह नैहर भाग गयी थी। उपन्यास में गोबर तथा विधवा फुनिया के प्रेम सम्बन्ध, फुनिया के पुरुषों की कामुकता के अनुभव, पंडित को बलात्कार की चेष्टा पर पीटना, गोबर से गर्भवती होना आदि कथा-प्रसंग नारी के यौन-सम्बन्धों के कई रूपों को उद्घाटित करते हैं। फुनिया एक पति अथवा एक पुरुष के साथ ही यौन सम्बन्ध रखना चाहती है और इस सम्बन्ध में साफगोई से काम लेती है। वह गोबर से अपनी पहली ही मुलाकात में कह देती है, ??मेरा होकर रहना पडेगा। फिर किसी के सामने हाथ फैलाये देखूँगी, तो घर से निकाल दूँगी। गगग मैं तो जिसकी हो जाऊँगी, उसकी जन्म-भर के लिए हो जाऊँगी, सुख में, दुःख में, सम्पत में, विपत में, उसके साथ रहूँगी। हरजाई नहीं हूँ कि सबसे हँसती-बोलती फिरूँ। न रुपये की भूखी हूँ, न गहने-कपडे की। बस भले आदमी का संग चाहती हूँ।??२२ इस अवसर पर फुनिया एक पंडित द्वारा बलात्कार की चेष्टा की घटना भी गोबर को सुनाती है। फुनिया उस पंडित के मुँह पर दूध की हांडी दे मारती है और उसकी पीठ पर दो लात भी लगाती है और मजबूत कलेजे से कहती है, ??मैं अहीर की लडकी हूँ। मूँछ का एक-एक बाल चुनवा लूँगी। यही लिखा है तुम्हारे पोथी-पत्रे में कि दूसरों की बहू-बेटी को अपने घर में बन्द करके बेइज्जत करो। इसीलिए तिलक-मुद्रा का जाल बिछाये बैठे हो।??२३ फुनिया गाँव की औरत होने पर भी पुरुष की काम-लोलुपता पर कुछ और महत्त्वपूर्ण बातें कहती है। वह आश्चर्य करती है कि किसी का रोज-रोज मन कैसे बदल जाता है तथा क्या आदमी गाय-बकरी से भी गया बीता है ? जब मर्द इधर-उधर ताक-झाँक करेगा तो औरत भी आँख लडायेगी। मर्द का हरजाईपन औरत को भी उतना ही बुरा लगता है, जितना औरत का मर्द को।२४ इसी फुनिया को गोबर गर्भवती अवस्था में छोडकर भाग जाता है तो उस ?कुलटा?, ?कलंकिनी? तथा ?पापिष्ठा? को होरी और धनिया दोनों उसे घर में आश्रय देते हैं और छाती से लगाते हैं। उनके बेटे ने उसकी बाँह पकडी है तो उसका निर्वाह करना है। उपन्यास में मातादीन-सिलिया का प्रसंग भी कुछ ऐसा ही है। मातादीन तन-मन लेकर भी सिलिया की उपेक्षा करता था और काम करने की मशीन समझता था, लेकिन उसके माता-पिता अपने भाई-बन्दों के साथ आते हैं और मातादीन के मुँह में हड्डी डाल देते हैं। सिलिया का बाप हरखू कहता है कि हमारी इज्जत लेते हो तो अपना धरम हमें दो और उसकी माँ कहती है कि हम चमार हैं इसलिए हमारी कोई इज्जत ही नहीं। मातादीन ने सिलिया की इज्जत बिगाडी है, तुम बडे नेमी-धरमी हो। उसके साथ सोओगे, लेकिन उसके हाथ का पानी न पिओगे। यही चुडैल है कि यह सब सहती है। मैं तो ऐसे आदमी को माहुर दे देती।२५ इस प्रकार दलित जाति की यौन-नैतिकता भी स्त्री-पुरुष में एकनिष्ठता चाहती है, परन्तु सिलिया जब रात में सोना से मिलने जाती है तो मथुरा अंधेरा और एकान्त पाकर उसे आलिंगन में ले लेता है और वह भी कुछ अनुकूल हो जाती है कि सोना की पुकार से सिलिया का सतीत्व तो बच जाता है, लेकिन सोना क्रोध में पति की इस हरजाई पर सिलिया से कहती है, ??तुमने उस पापी को लात क्यों नहीं मारी ? क्यों तूने उसकी नाक दाँतों से नहीं काट ली ? उसका खून क्यों नहीं पी लिया, चिल्लायी क्यों नहीं ???२६ सोना की दृष्टि में सबसे बडा पाप किसी पुरुष का पर-स्त्री और स्त्री का पर-पुरुष की ओर ताकना था। इस अपराध के लिए उसके यहाँ कोई क्षमा न थी। मेहता और मालती के प्रसंग में मालती स्वच्छंद नारी है। लेखक के अनुसार मालती बाहर से तितली और अन्दर से मधुमक्खी है, लेकिन उसमें तितलीपन क्रमशः कम होता जाता है और मधुमक्खी के समान सेवा-कर्म में लग जाती है। वह प्रेम को शरीर की नहीं आत्मा की वस्तु मानती है तथा सेवा-त्याग एवं मानवतावादी दृष्टि प्रमुख हो जाती है। ?गोदान? में अधेड भोला का विधवा युवती नोहरी से विवाह होता है तो दोनों को घर से निकलना पडता है तो उन्हें नोखेराम आश्रय देता है और नोहरी को अपने जाल में फँसा लेता है और नोहरी भी यही चाहती है। भोला की सारे गाँव में बदनामी होती है तो भोला होरी के पास आता है तो धनिया भी नोहरी की बदचलनी पर भोला और नोहरी दोनों की भर्त्सना करती है। धनिया भोला से कहती है कि वही औरत सेवा कर सकती है जिसने जवानी में तुम्हारे साथ सुख उठाया हो। तुम तो नोहरी पर सियार की तरह टूट पडे। अब तो तुम्हारा धरम यही है कि गंडासे से उसका सिर काट दो। फाँसी ही तो पाओगे। फाँसी इस छीछालेदारी से अच्छी।२७ धनिया तो यहाँ तक कहती है कि जो औरत के कुराह जाने पर टुकुर-टुकुर देखता रहे वह तो मर्द ही नहीं है। यह एक ग्रामीण स्त्री का यौन-दर्शन है जो स्त्री को हर परिस्थिति में पतिव्रता और पवित्रता की परिधि में बाँधे रखती है। उसके नारी-दर्शन में नारी पति के प्रति यौन-निष्ठा को भंग करे तो अपराधिनी है और दंडनीय है। ?गोदान? में ही रायसाहब की बेटी मीनाक्षी के तलाक के प्रसंग में प्रेमचंद ने उस समय के नारी-मुक्ति आन्दोलन की चर्चा की है और लिखा है कि मीनाक्षी समाचार-पत्रों में स्त्रियों के अधिकारों की चर्चा पढती थी और ?जनाना क्लब? जाने लगी थी। यहाँ शिक्षित ऊँचे कुल की महिलाएँ आती थीं और वे वोट, अधिकार और स्वाधीनता तथा नारी-जागृति की खूब चर्चा करती थीं, जैसे पुरुषों के विरुद्ध कोई षड्यन्त्र रचा जा रहा हो। इनमें अधिकांश वही देवियाँ थीं जिनकी अपने पुरुषों से न पटती थी, जो नयी शिक्षा के कारण पुरानी मर्यादाओं को तोड डालना चाहती थीं। कई युवतियाँ भी थीं, जो डिग्रियाँ ले चुकी थीं और विवाहित जीवन को आत्म-सम्मान के लिए घातक समझकर नौकरियों की तलाश में थीं।२८ इन्हीं स्त्रियों में से एक मिस सुलतान थी जिसके कहने पर ही मीनाक्षी ने पति पर गुजारे का दावा किया था, परन्तु उसके पति दिग्विजय सिंह ने उस पर बदचलनी का आरोप लगाया तो मीनाक्षी मुकदमा जीतने पर भी इस अपमान का बदला लेने के लिए हंटर लेकर उसके बंगले पर पहचती है और रणचण्डी की भाँति पति तथा वहाँ नाचती वेश्या और पूरी चंडाल चौकडी की हंटर से पिटाई करती है। इस घटना का यही अर्थ है कि प्रेमचंद मीनाक्षी जैसी स्त्री पर चरित्र-पतन के झूठे आरोप पर पति की हंटर से पिटाई करते हैं। नारी की चारित्रिक पवित्रता उनके लिए सबसे अधिक प्रिय है और रक्षणीय है।
प्रेमचंद की कई कहानियों में भी नारी की यौन-शुचिता तथा यौन-शोषण के प्रसंग आते हैं और वे उस युग के नारी-विमर्श के यथार्थ परिदृश्य को प्रस्तुत करते हैं। प्रेमचंद अपनी कहानी ?रसिक सम्पादक? में एक ऐसे सम्पादक का चित्र खींचते हैं जो स्त्रियों के अधिकारों के सबसे बडे रक्षक हैं, लेखिकाओं के घटिया लेख भी खूब छापते हैं, पत्रों में उनकी खूब तारीफ करते हैं और लेखिकाएँ भी उन्हें दर्शन देकर उफत करती हैं। सम्पादक की यह रसिकता कहानी की रचना का आधार बनती है और एक कुरूप लेखिका को देखकर पानी-पानी हो जाती है। आज आपको ऐसे सम्पादक खूब मिलेंगे तथा एक महान् सम्पादक को लेकर तो लेखिकाओं तक को स्पष्टीकरण देना पडा है। ?घासवाली? कहानी की मुलिया ठाकुर चैनसिंह की अश्लील हरकतों से अपने सतीत्व और यौन-पवित्रता की रक्षा करती है, जो दलित नारी की यौन-नैतिकता का प्रमाण है। मुलिया चमारिन है, सुन्दर है तो क्या इसी कारण कोई ठाकुर उसकी यौन-शुचिता भंग कर सकता है ? वह चैनसिंह को निरुत्तर करती हुई कहती है, ??अगर मेरा आदमी तुम्हारी औरत से इसी तरह बातें करता, तो तुम्हें कैसा लगता ? तुम उसकी गर्दन काटने को तैयार हो जाते कि नहीं ? बोलो ! क्या समझते हो कि महावीर चमार है तो उसकी देह में लहू नहीं है, उसे लज्जा नहीं है, अपनी मर्यादा का विचार नहीं है। गगग मैं चमारिन होकर भी इतनी नीच नहीं हूँ कि (पति के) विश्वास का बदला खोट से दूँ।??२९ इस कहानी की मुलिया से ही नहीं अपने अन्य नारी पात्रों से प्रेमचंद इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि नारी को अपना सतीत्व तथा अपनी यौन-पवित्रता दुनिया में सबसे प्यारी होती है और इस मूल्यवान वस्तु को वह सहज रूप से छोडने को तैयार नहीं होती। ?प्रतिज्ञा? उपन्यास में प्रेमा कहती है, ??स्त्री हारे दरजे ही की दुराचारिणी होती है। अपने सतीत्व से अधिक उसे संसार की और किसी वस्तु पर गर्व नहीं होता, न वह किसी चीज को इतना मूल्यवान समझती है।??३० इसी प्रकार ?वेश्या? कहानी में वेश्या माधुरी कहती है, ??नारी अपना बस रहते हुए कभी पैसों के लिए अपने को समर्पित नहीं करती। यदि वह ऐसा कर रही है तो समझ लो कि उसके लिए और कोई आश्रय और कोई आधार नहीं है।??३१
प्रेमचंद के नारी-दर्शन में इस प्रकार दोनों ही रूपों में नारी की यौन-शुचिता की रक्षा का कठोर आग्रह है - एक, पुरुष द्वारा नारी का धन-बल तथा छल-बल से उसका शील-हरण तथा दूसरा, नारी का स्वयं अपने सतीत्व को बाजार में बेचना। प्रेमचंद का युग नारी-उत्थान का युग था तथा एक नयी नारी का जन्म हो रहा था। यह आधुनिक नारी परम्परागत भारतीय नारी की बुनियाद पर ही निर्मित और विकसित हो रही थी। वह अपनी परम्परा में ही आधुनिक बन रही थी और इसी कारण घर, परिवार, पतिव्रत जैसे परम्परागत मूल्यों के प्रति समर्पित थी और साथ ही अपने अधिकार, स्वतन्त्रता और अस्तित्व का आग्रह कर रही थी। यह प्रेमचंद ही नहीं उस युग की नारी की मांग थी। हिन्दी की नारी पत्रिका ?गृहलक्ष्मी? के दिसम्बर, १९२५ (पौष, सम्वत् १९८२) के अंक में एक शिक्षित नवविवाहिता का एक पत्र छपा है जिसमें वह अपने युग के नारीवादियों से कहती है, ??पढी-लिखी स्त्री को उस मछली की तरह न बनाओ जो तैर नहीं सकती, उस आम के पेड की तरह न बनाओ, जिसमें कभी फल-फूल नहीं लग सकें। उसे उस रास्ते पर चलने दो जिस पर स्त्री को चलना चाहिए। जिस प्रकार पुरुषत्व आप का गुण है, उसी प्रकार स्त्रीत्व स्त्री का गुण है। उसके इस अमूल्य गुण की दुर्दशा उचित नहीं है। गगग स्त्री अपना घर चाहती है, अपना द्वार चाहती है, अपना पति चाहती है, अपना बच्चा चाहती है। जितनी बातें इस चाह की बाधक हैं, वे उनके लिए घातक हैं।??३२ इन विचारों के मूल में नारी की आकांक्षा घर-परिवार की है और इसके लिए उसे पत्नी और माता बनना अनिवार्य है। विवेकानन्द ने कहा था कि हिन्दू संस्कृति में स्त्री जीवन का महान् उद्देश्य माता का गौरव पद प्राप्त करना है।३३ प्रेमचंद का विचार भी यही है। ?गोदान? में मेहता कहता है, ??नारी केवल माता है और इसके उपरान्त वह जो कुछ है, वह सब मातृत्व का उपक्रम मात्र। मातृत्व संसार की सबसे बडी साधना, सबसे बडी तपस्या, सबसे बडा त्याग और सबसे महान् विजय है।??३४ नारी के इस प्रेमचंदीय दर्शन में घर-परिवार का मूलाधार होने पर उसके सतीत्व तथा उसकी यौन-शुचिता की रक्षा की स्थितियाँ स्वतः निर्मित हो जाती हैं, लेकिन आज की शिक्षित नारी और कुछ हिन्दी लेखिकाओं का स्त्रीवाद उसी घर-परिवार तथा नारी की पति-निष्ठा को ही ध्वस्त करके उसे सैक्स में आजाद बना रहा है। हिन्दी की देहवादी लेखिका मैत्रेय पुष्पा इसी बात को यों कहती हैं, ??घर और घेर दो शब्द हैं। घेर में जो दशा जानवरों की होती है, घर में वही स्त्री की नियति होती है। जानवरों के लिए जिस तरह दूसरे के खूँटे नहीं होते, स्त्रियों के लिए कोई दूसरा घर नहीं होता। मुक्ति की कोई सम्भावना नहीं, आना अन्ततोगत्वा वहीं है। मालिक प्यार करे तो ठीक वरना खाना देता रहे और पीटता रहे।??३५ पश्चिम के स्त्री आन्दोलन तथा भारत की कुछ मैत्रेय पुष्पा जैसी शिक्षित महिलाओं, ?हंस? जैसी देहवादी पत्रिकाओं तथा मीडिया, विज्ञापन एवं सौन्दर्य प्रतियोगिताओं आदि ने भारतीय नारी को पूर्णतः घर और यौन सम्बन्धों के बन्धन से मुक्ति को ही नारी की स्वतन्त्रता मान लिया है। इनकी नारी मुक्ति पत्नी और माता को बन्धन तथा प्रेयसी, विनोदिनी एवं भोग की केन्द्र बना रही है। सुधीश पचौरी जैसे वामपंथी भी राजेन्द्र यादव के ?हंस? पर यही आरोप लगाते हुए लिखते हैं, ??यदि हम ?हंस? के पिछले कुछ अंक देखें तो वह स्त्रीत्ववाद के नाम पर किया जाता सैक्सबाजी का घालमेल समझ में आ जाता है। हिन्दी में स्त्रीत्ववाद इसी तरह लपक लिया जा रहा है। स्त्रीत्ववाद के गहन सामाजिक संघर्षमूलक-सत्तामूलक आशयों को समझने, बताने की जगह एक सरल-सी समझ यह चला दी गयी है कि स्त्री आजाद होना माँगती है। आजाद माने सब कुछ से आजाद। वह आजाद है तो आजाद रहे। ?हम है ना?, हम भी तो आजाद हैं।??३६ यही पुरुष निर्मित नारी की मुक्ति है। इसमें नारी का शरीर ही प्रमुख है और इस ?हम? में जो पुरुष हैं, वही नारी के फैशन तथा सौन्दर्य की मंडियों के प्रतिमानों के निर्धारक और उसके शरीर के ग्राहक हैं।३७ नारी की ऐसी यौन-मुक्ति से भारत की परम्परागत विवाह तथा परिवार संस्था एवं नारी की यौन-पवित्रता को नष्ट करने का ऐसा षड्यन्त्र है जिसमें आधुनिकतावादियों के साथ कुछ जनवादी भी शामिल हैं, परन्तु ऐसे कुछ सौ-दो सौ तथा कुछ हजार लोग देश की आधी अरब की स्त्रियों की आबादी को ऐसी सैक्स आजादी का अंग नहीं बना सकेंगे। इस देश की मृणाल पांडे, चित्रा मुद्गल, ममता कालिया, राजी सेठ, सुनीता जैन, चन्द्रकान्ता, कमल कुमार, कुसुम कुमार, मेहरून्निसा परवेज, सूर्यबाला, ऋता शुक्ल जैसी अनेक लेखिकाएँ ऐसे आधुनिक नारी-मुक्ति के विरोध में खडी हैं और सच तो यह है कि महानगरों में शिक्षित तथा कामकाजी स्त्रियाँ भी ऐसी यौन-मुक्ति के लिए तैयार नहीं होंगी। अतः इस देश में विवेकानन्द, गाँधी और प्रेमचंद के नारी-दर्शन को आधुनिकता, भूमंडलीकरण तथा यौन-मुक्ति की बडी-से-बडी आँधी भी नष्ट नहीं कर सकेगी। यह सच है, यह आँधी चलती रहेगी, कामुकता एवं अश्लीलता का विस्तार भी होगा, कुछ देश की शिक्षित युवतियाँ उसे कैरियर भी बनायेंगी तथा फिल्मों एवं सौन्दर्य प्रतियोगिताओं में नग्न-प्रदर्शन भी करेंगी तथा वेश्यावृत्ति के व्यापार भी चलते रहेंगे, परन्तु भारत के सम्पूर्ण नारी समाज को इन अर्थों में आधुनिक बनाना असम्भव ही होगा। भारतीय नारी में यौन-शुचिता की जडें इतनी गहरी हैं कि वह तितली बनकर भी मधुमक्खी बनी रहती है। मधुमक्खी परिवार, सेवा तथा त्याग की प्रतीक है। प्रेमचंद का यही नारी दर्शन था तथा भारतीय नारी का भी यही जीवन-दर्शन है। भारतीय नारी में आधुनिकता का प्रवेश भी इसी आधारभूत दर्शन से ही होगा और वह तभी स्थायी एवं उपयोगी होगा। भारत का अर्धनारीश्वर का दर्शन, स्त्री-पुरुष की परस्परपूरकता एवं एकनिष्ठता, विवाह तथा परिवार की पवित्रता एवं परस्पर का अटूट विश्वास किसी भी पश्चिमी यौन आँधी से भारतीय नारी को उसके अधिकार तथा स्वतन्त्रता के साथ उसकी यौन- शुचिता को भी बनाये रखेगी।

प्रेमचंद की कहानियां - 'सभ्यता का रहस्य'

यों तो मेरी समझ में दुनिया की एक हजार एक बातें नहीं आती-जैसे लोग प्रात:काल उठते ही बालों पर छुरा क्यों चलाते हैं ? क्या अब पुरुषों में भी इतनी नजाकत आ गयी है कि बालों का बोझ उनसे नहीं सँभलता ? एक साथ ही सभी पढ़े-लिखे आदमियों की आँखें क्यों इतनी कमजोर हो गयी है ? दिमाग की कमजोरी ही इसका कारण है या और कुछ? लोग खिताबों के पीछे क्यों इतने हैरान होते हैं ? इत्यादि-लेकिन इस समय मुझे इन बातों से मतलब नहीं। मेरे मन में एक नया प्रश्न उठ रहा है और उसका जवाब मुझे कोई नहीं देता। प्रश्न यह है कि सभ्य कौन है और असभ्य कौन ? सभ्यता के लक्षण क्या हैं ? सरसरी नजर से देखिए, तो इससे ज्यादा आसान और कोई सवाल ही न होगा। बच्चा-बच्चा इसका समाधान कर सकता है। लेकिन जरा गौर से देखिए, तो प्रश्न इतना आसान नहीं जान पड़ता। अगर कोट-पतलून पहनना, टाई-हैट कालर लगाना, मेज पर बैठकर खाना खाना, दिन में तेरह बार कोको या चाय पीना और सिगार पीते हुए चलना सभ्यता है, तो उन गोरों को भी सभ्य कहना पड़ेगा, जो सड़क पर बैठकर शाम को कभी-कभी टहलते नजर आते हैं; शराब के नशे से आँखें सुर्ख, पैर लड़खड़ाते हुए, रास्ता चलनेवालों को अनायास छेड़ने की धुन ! क्या उन गोरों को सभ्य कहा जा सकता है ? कभी नहीं। तो यह सिद्ध हुआ कि सभ्यता कोई और ही चीज है, उसका देह से इतना सम्बन्ध नहीं है जितना मन से।

2

मेरे इने-गिने मित्रों में एक राय रतनकिशोर भी हैं। आप बहुत ही सहृदय, बहुत ही उदार, बहुत शिक्षित और एक बड़े ओहदेदार हैं। बहुत अच्छा वेतन पाने पर भी उनकी आमदनी खर्च के लिए काफी नहीं होती। एक चौथाई वेतन तो बँगले ही की भेंट हो जाती है। इसलिए आप बहुधा चिंतित रहते हैं। रिश्वत तो नहीं लेते-कम-से-कम मैं नहीं जानता, हालाँकि कहने वाले कहते हैं-लेकिन इतना जानता हूँ कि वह भत्ता बढ़ाने के लिए दौरे पर बहुत रहते हैं, यहाँ तक कि इसके लिए हर साल बजट की किसी दूसरे मद से रुपये निकालने पड़ते हैं। उनके अफसर कहते हैं, इतने दौरे क्यों करते हो, तो जवाब देते हैं, इस जिले का काम ही ऐसा है कि जब तक खूब दौरे न किए जाएँ रिआया शांत नहीं रह सकती। लेकिन मजा तो यह है कि राय साहब उतने दौरे वास्तव में नहीं करते, जितने कि अपने रोजनामचे में लिखते हैं। उनके पड़ाव शहर से पचास मील पर होते हैं। खेमे वहॉँ गड़े रहते हैं, कैंप के अमले वहाँ पड़े रहते हैं और राय साहब घर पर मित्रों के साथ गप-शप करते रहते हैं, पर किसी की मजाल है कि राय साहब की नेकनीयती पर सन्देह कर सके। उनके सभ्य पुरुष होने में किसी को शंका नहीं हो सकती।
एक दिन मैं उनसे मिलने गया। उस समय वह अपने घसियारे दमड़ी को डाँट रहे थे। दमड़ी रात-दिन का नौकर था, लेकिन घर रोटी खाने जाया करता था। उसका घर थोड़ी ही दूर पर एक गाँव में था। कल रात को किसी कारण से यहाँ न आ सका। इसलिए डाँट पड़ रही थी।
राय साहब-जब हम तुम्हें रात-दिन के लिए रखे हुए हैं, तो तुम घर पर क्यों रहे ? कल के पैसे कट जायेंगे।
दमड़ी-हजूर, एक मेहमान आ गये थे, इसी से न आ सका।
राय साहब-तो कल के पैसे उसी मेहमान से लो।
दमड़ी-सरकार, अब कभी ऐसी खता न होगी।
राय साहब-बक-बक मत करो।
दमड़ी-हजूर……
राय साहब-दो रुपये जुरमाना।
दमड़ी रोता चला गया। रोजा बख्शाने आया था, नमाज़ गले पड़ गयी। दो रुपये जुरमाना ठुक गया। खता यही थी कि बेचारा कसूर माफ कराना चाहता था।
यह एक रात को गैरहाज़िर होने की सजा थी ! बेचारा दिन-भर का काम कर चुका था, रात को यहाँ सोया न था, उसका दण्ड ! और घर बैठे भत्ते उड़ानेवाले को कोई नहीं पूछता ! कोई दंड नहीं देता। दंड तो मिले और ऐसा मिले कि जिंदगी-भर याद रहे; पर पकड़ना तो मुश्किल है। दमड़ी भी अगर होशियार होता, तो जरा रात रहे आकर कोठरी में सो जाता। फिर किसे खबर होती कि वह रात को कहाँ रहा। पर गरीब इतना चंट न था।

3

दमड़ी के पास कुल छ: बिस्वे जमीन थी। पर इतने ही प्राणियों का खर्च भी था। उसके दो लड़के, दो लड़कियाँ और स्त्री, सब खेती में लगे रहते थे, फिर भी पेट की रोटियाँ नहीं मयस्सर होती थीं। इतनी जमीन क्या सोना उगल देती ! अगर सब-के-सब घर से निकल मजदूरी करने लगते, तो आराम से रह सकते थे; लेकिन मौरूसी किसान मजदूर कहलाने का अपमान न सह सकता था। इस बदनामी से बचने के लिए दो बैल बाँध रखे थे ! उसके वेतन का बड़ा भाग बैलों के दाने-चारे ही में उड़ जाता था। ये सारी तकलीफें मंजूर थीं, पर खेती छोड़कर मजदूर बन जाना मंजूर न था। किसान की जो प्रतिष्ठा है, वह कहीं मजदूर की हो सकती है, चाहे वह रुपया रोज ही क्यों न कमाये ? किसानी के साथ मजदूरी करना इतने अपमान की बात नहीं, द्वार पर बँधे हुए बैल हुए बैल उसकी मान-रक्षा किया करते हैं, पर बैलों को बेचकर फिर कहाँ मुँह दिखलाने की जगह रह सकती है !
एक दिन राय साहब उसे सरदी से काँपते देखकर बोले-कपड़े क्यों नहीं बनवाता ? काँप क्यों रहा है ?
दमड़ी-सरकार, पेट की रोटी तो पूरा ही नहीं पड़ती, कपड़े कहाँ से बनवाऊँ ?
राय साहब-बैलों को बेच क्यों नहीं डालता ? सैकड़ों बार समझा चुका, लेकिन न-जाने क्यों इतनी मोटी-सी बात तेरी समझ में नहीं आती।
दमड़ी-सरकार, बिरादरी में कहीं मुँह दिखाने लायक न रहूँगा। लड़की की सगाई न हो पायेगी, टाट बाहर कर दिया जाऊँगा।
राय साहब-इन्हीं हिमाकतों से तुम लोगों की यह दुर्गति हो रही है। ऐसे आदमियों पर दया करना भी पाप है। (मेरी तरफ फिर कर) क्यों मुंशीजी, इस पागलपन का भी कोई इलाज है ? जाड़ों मर रहे हैं, पर दरवाजे पर बैल जरूर बाँधेंगे।
मैंने कहा-जनाब, यह तो अपनी-अपनी समझ है।
राय साहब-ऐसी समझ को दूर से सलाम कीजिए। मेरे यहॉं कई पुश्तों से जन्माष्टमी का उत्सव मनाया जाता था। कई हजार रुपयों पर पानी फिर जाता था। गाना होता था; दावतें होती थीं, रिश्तेदारों को न्योते दिये जाते थे, गरीबों को कपड़े बाँटे जाते थे। वालिद साहब के बाद पहले ही साल मैंने उत्सव बन्द कर दिया। फायदा क्या ? मुफ्त में चार-पाँच हजार की चपत खानी पड़ती थी। सारे कसबे में वावेला मचा, आवाजें कसी गयीं, किसी ने नास्तिक कहा, किसी ने ईसाई बनाया लेकिन यहाँ इन बातों की क्या परवा ! आखिर थोड़े ही दिनों में सारा कोलाहल शान्त हो गया। अजी, बड़ी दिल्लगी थी। कसबे में किसी के यहाँ शादी हो, लकड़ी मुझसे ले ! पुश्तों से यह रस्म चली आती थी। वालिद तो दूसरों से दरख्त मोल लेकर इस रस्म को निभाते थे। थी हिमाकत या नहीं ? मैंने फौरन लकड़ी देना बन्द कर दिया। इस पर भी लोग बहुत रोये-धोये, लेकिन दूसरों का रोना-धोना सुनूँ, या अपना फायदा देखूँ। लकड़ी से कम-से-कम 500)रुपये सलाना की बचत हो गयी। अब कोई भूलकर भी इन चीजों के लिए दिक करने नहीं आता।
मेरे दिल में फिर सवाल पैदा हुआ, दोनों में कौन सभ्य है, कुल-प्रतिष्ठा पर प्राण देनेवाले मूर्ख दमड़ी; या धन पर कुल-मर्यादा को बलि देनेवाले राय रतन किशोर !

4

राय साहब के इजलास में एक बड़े मार्के का मुकदमा पेश था। शहर का एक रईस खून के मामले में फँस गया था। उसकी जमानत के लिए राय साहब की खुशामदें होने लगीं। इज्जत की बात थी। रईस साहब का हुक्म था कि चाहे रियासत बिक जाय, पर इस मुकदमे से बेदाग निकल जाऊँ। डालियॉँ लगाई गयीं, सिफारिशें पहुँचाई गयीं, पर राय साहब पर कोई असर न हुआ। रईस के आदमियों को प्रत्यक्ष रूप से रिश्वत की चर्चा करने की हिम्मत न पड़ती थी। आखिर जब कोई बस न चला, तो रईस की स्त्री से मिलकर सौदा पटाने की ठानी।
रात के दस बजे थे। दोनों महिलाओं में बातें होने लगीं। 20 हजार की बातचीत थी ! राय साहब की पत्नी तो इतनी खुश हुईं कि उसी वक्त राय साहब के पास दौड़ी हुई आयी और कहनें लगी-ले लो, ले लो
राय साहब ने कहा-इतनी बेसब्र न हो। वह तुम्हें अपने दिल में क्या समझेंगी ? कुछ अपनी इज्जत का भी खयाल है या नहीं ? माना कि रकम बड़ी है और इससे मैं एकबारगी तुम्हारी आये दिन की फरमायशों से मुक्त हो जाऊँगा, लेकिन एक सिविलियन की इज्जत भी तो कोई मामूली चीज नहीं है। तुम्हें पहले बिगड़कर कहना चाहिए था कि मुझसे ऐसी बेदूदी बातचीत करनी हो, तो यहाँ से चली जाओ। मैं अपने कानों से नहीं सुनना चाहती।
स्त्री-यह तो मैंने पहले ही किया, बिगड़कर खूब खरी-खोटी सुनायीं। क्या इतना भी नहीं जानती ? बेचारी मेरे पैरों पर सर रखकर रोने लगी।
राय साहब-यह कहा था कि राय साहब से कहूँगी, तो मुझे कच्चा ही चबा जायेंगे ?
यह कहते हुए राय साहब ने गदगद होकर पत्नी को गले लगा लिया।
स्त्री-अजी, मैं न-जाने ऐसी कितनी ही बातें कह चुकी, लेकिन किसी तरह टाले नहीं टलती। रो-रोकर जान दे रही है।
राय साहब-उससे वादा तो नहीं कर लिया ?
स्त्री-वादा ? मैं रुपये लेकर सन्दूक में रख आयी। नोट थे।
राय साहब-कितनी जबरदस्त अहमक हो, न मालूम ईश्वर तुम्हें कभी समझ भी देगा या नहीं।
स्त्री-अब क्या देगा ? देना होता, तो दे न दी होती।
राय साहब-हाँ मालूम तो ऐसा ही होता है। मुझसे कहा तक नहीं और रुपये लेकर सन्दूक में दाखिल कर लिए ! अगर किसी तरह बात खुल जाय, तो कहीं का न रहूँ।
स्त्री-तो भाई, सोच लो। अगर कुछ गड़बड़ हो, तो मैं जाकर रुपये लौटा दूँ।
राय साहब-फिर वही हिमाकत ! अरे, अब तो जो कुछ होना था, हो चुका। ईश्वर पर भरोसा करके जमानत लेनी पड़ेगी। लेकिन तुम्हारी हिमाकत में शक नहीं। जानती हो, यह साँप के मुँह में उँगली डालना है। यह भी जानती हो कि मुझे ऐसी बातों से कितनी नफरत है, फिर भी बेसब्र हो जाती हो। अबकी बार तुम्हारी हिमाकत से मेरा व्रत टूट रहा है। मैंने दिल में ठान लिया था कि अब इस मामले में हाथ न डालूँगा, लेकिन तुम्हारी हिमाकत के मारे जब मेरी कुछ चलने भी पाये ?
स्त्री-मैं जाकर लौटाये देती हूँ।
राय साहब-और मैं जाकर जहर खाये लेता हूँ।
इधर तो स्त्री-पुरुष में यह अभिनय हो रहा था, उधर दमड़ी उसी वक्त अपने गाँव के मुखिया के खेत से जुआर काट रहा था। आज वह रात-भर की छुट्टी लेकर घर गया था। बैलों के लिए चारे का एक तिनका भी नहीं है। अभी वेतन मिलने में कई दिन की देर थी, मोल ले न सकता था। घर वालों ने दिन को कुछ घास छीलकर खिलायी तो थी, लेकिन ऊँट के मुँह में जीरा। उतनी घास से क्या हो सकता था। दोनों बैल भूखे खड़े थे। दमड़ी को देखते ही दोनों पूँछें खड़ी करके हुँकारने लगे। जब वह पास गया तो दोनों उसकी हथेलियाँ चाटने लगे। बेचारा दमड़ी मन मसोसकर रह गया। सोचा, इस वक्त तो कुछ हो नहीं सकता, सबेरे किसी से कुछ उधार लेकर चारा लाऊँगा।
लेकिन जब ग्यारह बजे रात उसकी आँखें खुलीं, तो देखा कि दोनों बैल अभी तक नाँद पर खड़े हैं। चाँदनी रात थी, दमड़ी को जान पड़ा कि दोनों उसकी ओर उपेक्षा और याचना की दृष्टि से देख रहे हैं। उनकी क्षुधा-वेदना देखकर उसकी आँखें सजल हो आयीं। किसान को अपने बैल अपने लड़कों की तरह प्यारे होते हैं। वह उन्हें पशु नहीं, अपना मित्र और सहायक समझता। बैलों को भूखे खड़े देखकर नींद आँखों से भाग गयी। कुछ सोचता हुआ उठा। हँसिया निकाली और चारे की फिक्र में चला। गाँव के बाहर बाजरे और जुआर के खेत खड़े थे। दमड़ी के हाथ काँपने लगे। लेकिन बैलों की याद ने उसे उत्तेजित कर दिया। चाहता, तो कई बोझ काट सकता था; लेकिन वह चोरी करते हुए भी चोर न था। उसने केवल उतना ही चारा काटा, जितना बैलों को रात-भर के लिए काफी हो। सोचा, अगर किसी ने देख भी लिया, तो उससे कह दूँगा, बैल भूखे थे, इसलिए काट लिया। उसे विश्वास था कि थोड़े-से चारे के लिए कोई मुझे पकड़ नहीं सकता। मैं कुछ बेचने के लिए तो काट नहीं रहा हूँ; फिर ऐसा निर्दयी कौन है, जो मुझे पकड़ ले। बहुत करेगा, अपने दाम ले लेगा। उसने बहुत सोचा। चारे का थोड़ा होना ही उसे चोरी के अपराध से बचाने को काफी था। चोर उतना काटता, जितना उससे उठ सकता। उसे किसी के फायदे और नुकसान से क्या मतलब ? गाँव के लोग दमड़ी को चारा लिये जाते देखकर बिगड़ते जरूर, पर कोई चोरी के इलजाम में न फँसाता, लेकिन संयोग से हल्के के थाने का सिपाही उधर जा निकला। वह पड़ोस के एक बनिये के यहाँ जुआ होने की खबर पाकर कुछ ऐंठने की टोह में आया था। दमड़ी को चारा सिर पर उठाते देखा, तो सन्देह हुआ। इतनी रात गये कौन चारा काटता है ? हो न हो, कोई चोरी से काट रहा है, डाँटकर बोला-कौन चारा लिए जाता है ? खड़ा रह!
दमड़ी ने चौककर पीछे देखा, तो पुलिस का सिपाही ! हाथ-पाँव फूल गये, काँपते हुए बोला-हुजूर, थोड़ा ही-सा काटा है, देख लीजिए।
सिपाही-थोड़ा काटा हो या बहुत, है तो चोरी। खेत किसका है ?
दमड़ी-बलदेव महतो का।
सिपाही ने समझा था, शिकार फँसा, इससे कुछ ऐंठँगा; लेकिन वहाँ क्या रखा था। पकड़कर गाँव में लाया और जब वहाँ भी कुछ हत्थे चढ़ता न दिखाई दिया तो थाने ले गया। थानेदार ने चालान कर दिया। मुकदमा राय साहब ही के इजलास में पेश किया।
राय साहब ने दमड़ी को फँसे हुए देखा, तो हमदर्दी के बदले कठोरता से काम लिया। बोले-यह मेरी बदनामी की बात है। तेरा क्या बिगड़ा, साल-छ: महीने की सजा हो जायेगी, शर्मिन्दा तो मुझे होना पड़ रहा है ! लोग यही तो कहते होंगे कि राय साहब के आदमी ऐसे बदमाश और चोर हैं। तू मेरा नौकर न होता, तो मैं हलकी सजा देता; लेकिन तू मेरा नौकर है, इसलिए कड़ी-से-कड़ी सजा दूँगा। मैं यह नहीं सुन सकता कि राय साहब ने अपने नौकर के साथ रिआयत की।
यह कहकर राय साहब ने दमड़ी को छ: महीने की सख्त कैद का हुक्म सुना दिया।
उसी दिन उन्होंने खून के मुकदमे में जमानत ले ली। मैंने दोनों वृत्तान्त सुने और मेरे दिल में यह ख्याल और भी पक्का हो गया कि सभ्यता केवल हुनर के साथ ऐब करने का नाम है। आप बुरे-से-बुरा काम करें, लेकिन अगर आप उस पर परदा डाल सकते हैं, तो आप सभ्य हैं, सज्जन हैं, जेन्टिलमैन हैं। अगर आप में यह सिफ़त नहीं तो आप असभ्य हैं, गँवार हैं, बदमाश हैं। यह सभ्यता का रहस्य है !

ठाकुर का कुआँ- प्रेमचंद

जोखू ने लोटा मुंह से लगाया तो पानी में सख्त बदबू आई । गंगी से बोला-यह कैसा पानी है ? मारे बास के पिया नहीं जाता । गला सूखा जा रहा है और तू सडा पानी पिलाए देती है !
गंगी प्रतिदिन शाम पानी भर लिया करती थी । कुआं दूर था, बार-बार जाना मुश्किल था । कल वह पानी लायी, तो उसमें बू बिलकुल न थी, आज पानी में बदबू कैसी ! लोटा नाक से लगाया, तो सचमुच बदबू थी । जरुर कोई जानवर कुएं में गिरकर मर गया होगा, मगर दूसरा पानी आवे कहां से?
ठाकुर के कुंए पर कौन चढ़नें देगा ? दूर से लोग डॉँट बताऍगे । साहू का कुऑं गॉँव के उस सिरे पर है, परन्तु वहॉं कौन पानी भरने देगा ? कोई कुऑं गॉँव में नहीं है।
जोखू कई दिन से बीमार हैं । कुछ देर तक तो प्यास रोके चुप पड़ा रहा, फिर बोला-अब तो मारे प्यास के रहा नहीं जाता । ला, थोड़ा पानी नाक बंद करके पी लूं ।
गंगी ने पानी न दिया । खराब पानी से बीमारी बढ़ जाएगी इतना जानती थी, परंतु यह न जानती थी कि पानी को उबाल देने से उसकी खराबी जाती रहती हैं । बोली-यह पानी कैसे पियोंगे ? न जाने कौन जानवर मरा हैं। कुऍ से मै दूसरा पानी लाए देती हूँ।
जोखू ने आश्चर्य से उसकी ओर देखा-पानी कहॉ से लाएगी ?
ठाकुर और साहू के दो कुऍं तो हैं। क्यो एक लोटा पानी न भरन देंगे?
‘हाथ-पांव तुड़वा आएगी और कुछ न होगा । बैठ चुपके से । ब्राहम्ण देवता आशीर्वाद देंगे, ठाकुर लाठी मारेगें, साहूजी एक पांच लेगें । गराबी का दर्द कौन समझता हैं ! हम तो मर भी जाते है, तो कोई दुआर पर झॉँकनें नहीं आता, कंधा देना तो बड़ी बात है। ऐसे लोग कुएँ से पानी भरने देंगें ?’
इन शब्दों में कड़वा सत्य था । गंगी क्या जवाब देती, किन्तु उसने वह बदबूदार पानी पीने को न दिया ।

2

रात के नौ बजे थे । थके-मॉँदे मजदूर तो सो चुके थें, ठाकुर के दरवाजे पर दस-पॉँच बेफिक्रे जमा थें मैदान में । बहादुरी का तो न जमाना रहा है, न मौका। कानूनी बहादुरी की बातें हो रही थीं । कितनी होशियारी से ठाकुर ने थानेदार को एक खास मुकदमे की नकल ले आए । नाजिर और मोहतिमिम, सभी कहते थें, नकल नहीं मिल सकती । कोई पचास मॉँगता, कोई सौ। यहॉ बे-पैसे-कौड़ी नकल उड़ा दी । काम करने ढ़ग चाहिए ।
इसी समय गंगी कुऍ से पानी लेने पहुँची ।
कुप्पी की धुँधली रोशनी कुऍं पर आ रही थी । गंगी जगत की आड़ मे बैठी मौके का इंतजार करने लगी । इस कुँए का पानी सारा गॉंव पीता हैं । किसी के लिए रोका नहीं, सिर्फ ये बदनसीब नहीं भर सकते ।
गंगी का विद्रोही दिल रिवाजी पाबंदियों और मजबूरियों पर चोटें करने लगा-हम क्यों नीच हैं और ये लोग क्यों ऊचें हैं ? इसलिए किये लोग गले में तागा डाल लेते हैं ? यहॉ तो जितने है, एक-से-एक छॅटे हैं । चोरी ये करें, जाल-फरेब ये करें, झूठे मुकदमे ये करें । अभी इस ठाकुर ने तो उस दिन बेचारे गड़रिए की भेड़ चुरा ली थी और बाद मे मारकर खा गया । इन्हीं पंडित के घर में तो बारहों मास जुआ होता है। यही साहू जी तो घी में तेल मिलाकर बेचते है । काम करा लेते हैं, मजूरी देते नानी मरती है । किस-किस बात मे हमसे ऊँचे हैं, हम गली-गली चिल्लाते नहीं कि हम ऊँचे है, हम ऊँचे । कभी गॉँव में आ जाती हूँ, तो रस-भरी आँख से देखने लगते हैं। जैसे सबकी छाती पर सॉँप लोटने लगता है, परंतु घमंड यह कि हम ऊँचे हैं!
कुऍं पर किसी के आने की आहट हुई । गंगी की छाती धक-धक करने लगी । कहीं देख ले तो गजब हो जाए । एक लात भी तो नीचे न पड़े । उसाने घड़ा और रस्सी उठा ली और झुककर चलती हुई एक वृक्ष के अँधरे साए मे जा खड़ी हुई । कब इन लोगों को दया आती है किसी पर ! बेचारे महगू को इतना मारा कि महीनो लहू थूकता रहा। इसीलिए तो कि उसने बेगार न दी थी । इस पर ये लोग ऊँचे बनते हैं ?
कुऍं पर स्त्रियाँ पानी भरने आयी थी । इनमें बात हो रही थीं ।
‘खान खाने चले और हुक्म हुआ कि ताजा पानी भर लाओं । घड़े के लिए पैसे नहीं है।’
हम लोगों को आराम से बैठे देखकर जैसे मरदों को जलन होती हैं ।’
‘हाँ, यह तो न हुआ कि कलसिया उठाकर भर लाते। बस, हुकुम चला दिया कि ताजा पानी लाओ, जैसे हम लौंडियाँ ही तो हैं।’
‘लौडिंयॉँ नहीं तो और क्या हो तुम? रोटी-कपड़ा नहीं पातीं ? दस-पाँच रुपये भी छीन-झपटकर ले ही लेती हो। और लौडियॉं कैसी होती हैं!’
‘मत लजाओं, दीदी! छिन-भर आराम करने को ती तरसकर रह जाता है। इतना काम किसी दूसरे के घर कर देती, तो इससे कहीं आराम से रहती। ऊपर से वह एहसान मानता ! यहॉं काम करते-करते मर जाओं, पर किसी का मुँह ही सीधा नहीं होता ।’
दानों पानी भरकर चली गई, तो गंगी वृक्ष की छाया से निकली और कुऍं की जगत के पास आयी । बेफिक्रे चले गऐ थें । ठाकुर भी दरवाजा बंदर कर अंदर ऑंगन में सोने जा रहे थें । गंगी ने क्षणिक सुख की सॉस ली। किसी तरह मैदान तो साफ हुआ। अमृत चुरा लाने के लिए जो राजकुमार किसी जमाने में गया था, वह भी शायद इतनी सावधानी के साथ और समझ्-बूझकर न गया हो । गंगी दबे पॉँव कुऍं की जगत पर चढ़ी, विजय का ऐसा अनुभव उसे पहले कभी न हुआ ।
उसने रस्सी का फंदा घड़े में डाला । दाऍं-बाऍं चौकनी दृष्टी से देखा जैसे कोई सिपाही रात को शत्रु के किले में सूराख कर रहा हो । अगर इस समय वह पकड़ ली गई, तो फिर उसके लिए माफी या रियायत की रत्ती-भर उम्मीद नहीं । अंत मे देवताओं को याद करके उसने कलेजा मजबूत किया और घड़ा कुऍं में डाल दिया ।
घड़े ने पानी में गोता लगाया, बहुत ही आहिस्ता । जरा-सी आवाज न हुई । गंगी ने दो-चार हाथ जल्दी-जल्दी मारे ।घड़ा कुऍं के मुँह तक आ पहुँचा । कोई बड़ा शहजोर पहलवान भी इतनी तेजी से न खींसच सकता था।
गंगी झुकी कि घड़े को पकड़कर जगत पर रखें कि एकाएक ठाकुर साहब का दरवाजा खुल गया । शेर का मुँह इससे अधिक भयानक न होगा।
गंगी के हाथ रस्सी छूट गई । रस्सी के साथ घड़ा धड़ाम से पानी में गिरा और कई क्षण तक पानी में हिलकोरे की आवाजें सुनाई देती रहीं ।
ठाकुर कौन है, कौन है ? पुकारते हुए कुऍं की तरफ जा रहे थें और गंगी जगत से कूदकर भागी जा रही थी ।
घर पहुँचकर देखा कि लोटा मुंह से लगाए वही मैला गंदा पानी पी रहा है।

पूस की रात- प्रेमचंद

हल्कू ने आकर स्त्री से कहा-सहना आया है । लाओं, जो रुपये रखे हैं, उसे दे दूँ, किसी तरह गला तो छूटे ।
मुन्नी झाड़ू लगा रही थी। पीछे फिरकर बोली-तीन ही रुपये हैं, दे दोगे तो कम्मल कहॉँ से आवेगा? माघ-पूस की रात हार में कैसे कटेगी ? उससे कह दो, फसल पर दे देंगें। अभी नहीं ।
हल्कू एक क्षण अनिशिचत दशा में खड़ा रहा । पूस सिर पर आ गया, कम्बल के बिना हार मे रात को वह किसी तरह सो नहीं सकता। मगर सहना मानेगा नहीं, घुड़कियाँ जमावेगा, गालियॉं देगा। बला से जाड़ों मे मरेंगे, बला तो सिर से टल जाएगी । यह सोचता हुआ वह अपना भारी-भरकम डील लिए हुए (जो उसके नाम को झूठ सिध्द करता था ) स्त्री के समीप आ गया और खुशामद करके बोला-दे दे, गला तो छूटे ।कम्मल के लिए कोई दूसरा उपाय सोचँगा ।
मुन्नी उसके पास से दूर हट गई और ऑंखें तरेरती हुई बोली-कर चुके दूसरा उपाय! जरा सुनूँ तो कौन-सा उपाय करोगे ? कोई खैरात दे देगा कम्मल ? न जान कितनी बाकी है, जों किसी तरह चुकने ही नहीं आती । मैं कहती हूं, तुम क्यों नहीं खेती छोड़ देते ? मर-मर काम करों, उपज हो तो बाकी दे दो, चलो छुटटी हुई । बाकी चुकाने के लिए ही तो हमारा जनम हुआ हैं । पेट के लिए मजूरी करों । ऐसी खेती से बाज आयें । मैं रुपयें न दूँगी, न दूँगी ।
हल्कू उदास होकर बोला-तो क्या गाली खाऊँ ?
मुन्नी ने तड़पकर कहा-गाली क्यों देगा, क्या उसका राज है ?
मगर यह कहने के साथ् ही उसकी तनी हुई भौहें ढ़ीली पड़ गई । हल्कू के उस वाक्य में जो कठोर सत्य था, वह मानो एक भीषण जंतु की भॉँति उसे घूर रहा था ।
उसने जाकर आले पर से रुपये निकाले और लाकर हल्कू के हाथ पर रख दिए। फिर बोली-तुम छोड़ दो अबकी से खेती । मजूरी में सुख से एक रोटी तो खाने को मिलेगी । किसी की धौंस तो न रहेगी । अच्छी खेती है ! मजूरी करके लाओं, वह भी उसी में झोंक दो, उस पर धौंस ।
हल्कू न रुपयें लिये और इस तरह बाहर चला, मानो अपना हृदय निकालकर देने जा रहा हों । उसने मजूरी से एक-एक पैसा काट-काटकर तीन रुपये कम्बल के लिए जमा किए थें । वह आज निकले जा रहे थे । एक-एक पग के साथ उसका मस्तक पानी दीनता के भार से दबा जा रहा था ।

2

पूस की अँधेरी रात ! आकाश पर तारे भी ठिठुरते हुए मालूम होते थे। हल्कू अपने खेत के किनारे ऊख के पतों की एक छतरी के नीचे बॉस के खटाले पर अपनी पुरानी गाढ़े की चादर ओढ़े पड़ा कॉप रहा था । खाट के नीचे उसका संगी कुत्ता जबरा पेट मे मुँह डाले सर्दी से कूँ-कूँ कर रहा था । दो मे से एक को भी नींद नहीं आ रही थी ।
हल्कू ने घुटनियों कों गरदन में चिपकाते हुए कहा-क्यों जबरा, जाड़ा लगता है ? कहता तो था, घर में पुआल पर लेट रह, तो यहॉँ क्या लेने आये थें ? अब खाओं ठंड, मै क्या करूँ ? जानते थें, मै। यहॉँ हलुआ-पूरी खाने आ रहा हूँ, दोड़े-दौड़े आगे-आगे चले आये । अब रोओ नानी के नाम को ।
जबरा ने पड़े-पड़े दुम हिलायी और अपनी कूँ-कूँ को दीर्घ बनाता हुआ कहा-कल से मत आना मेरे साथ, नहीं तो ठंडे हो जाओगे । यीह रांड पछुआ न जाने कहाँ से बरफ लिए आ रही हैं । उठूँ, फिर एक चिलम भरूँ । किसी तरह रात तो कटे ! आठ चिलम तो पी चुका । यह खेती का मजा हैं ! और एक भगवान ऐसे पड़े हैं, जिनके पास जाड़ा आए तो गरमी से घबड़ाकर भागे। मोटे-मोटे गददे, लिहाफ, कम्बल । मजाल है, जाड़े का गुजर हो जाए । जकदीर की खूबी ! मजूरी हम करें, मजा दूसरे लूटें !
हल्कू उठा, गड्ढ़े मे से जरा-सी आग निकालकर चिलम भरी । जबरा भी उठ बैठा ।
हल्कू ने चिलम पीते हुए कहा-पिएगा चिलम, जाड़ा तो क्या जाता हैं, हॉँ जरा, मन बदल जाता है।
जबरा ने उनके मुँह की ओर प्रेम से छलकता हुई ऑंखों से देखा ।
हल्कू-आज और जाड़ा खा ले । कल से मैं यहाँ पुआल बिछा दूँगा । उसी में घुसकर बैठना, तब जाड़ा न लगेगा ।
जबरा ने अपने पंजो उसकी घुटनियों पर रख दिए और उसके मुँह के पास अपना मुँह ले गया । हल्कू को उसकी गर्म सॉस लगी ।
चिलम पीकर हल्कू फिर लेटा और निश्चय करके लेटा कि चाहे कुछ हो अबकी सो जाऊँगा, पर एक ही क्षण में उसके हृदय में कम्पन होने लगा । कभी इस करवट लेटता, कभी उस करवट, पर जाड़ा किसी पिशाच की भॉँति उसकी छाती को दबाए हुए था ।
जब किसी तर न रहा गया, उसने जबरा को धीरे से उठाया और उसक सिर को थपथपाकर उसे अपनी गोद में सुला लिया । कुत्ते की देह से जाने कैसी दुर्गंध आ रही थी, पर वह उसे अपनी गोद मे चिपटाए हुए ऐसे सुख का अनुभव कर रहा था, जो इधर महीनों से उसे न मिला था । जबरा शायद यह समझ रहा था कि स्वर्ग यहीं है, और हल्कू की पवित्र आत्मा में तो उस कुत्ते के प्रति घृणा की गंध तक न ,थी । अपने किसी अभिन्न मित्र या भाई को भी वह इतनी ही तत्परता से गले लगाता । वह अपनी दीनता से आहत न था, जिसने आज उसे इस दशा कोपहुंचा दिया । नहीं, इस अनोखी मैत्री ने जैसे उसकी आत्मा के सब द्वार खोल दिए थे और उनका एक-एक अणु प्रकाश से चमक रहा था ।
सहसा जबरा ने किसी जानवर की आहट पाई । इस विशेष आत्मीयता ने उसमे एक नई स्फूर्ति पैदा कर रही थी, जो हवा के ठंडें झोकों को तुच्छ समझती थी । वह झपटकर उठा और छपरी से बाहर आकर भूँकने लगा । हल्कू ने उसे कई बार चुमकारकर बुलाया, पर वह उसके पास न आया । हार मे चारों तरफ दौड़-दौड़कर भूँकता रहा। एक क्षण के लिए आ भी जाता, तो तुरंत ही फिर दौड़ता । कर्त्तव्य उसके हृदय में अरमान की भाँति ही उछल रहा था ।

3

एक घंटा और गुजर गया। रात ने शीत को हवा से धधकाना शुरु किया।
हल्कू उठ बैठा और दोनों घुटनों को छाती से मिलाकर सिर को उसमें छिपा लिया, फिर भी ठंड कम न हुई, ऐसा जान पड़ता था, सारा रक्त जम गया हैं, धमनियों मे रक्त की जगह हिम बह रहीं है। उसने झुककर आकाश की ओर देखा, अभी कितनी रात बाकी है ! सप्तर्षि अभी आकाश में आधे भी नहीं चढ़े । ऊपर आ जाऍंगे तब कहीं सबेरा होगा । अभी पहर से ऊपर रात हैं ।
हल्कू के खेत से कोई एक गोली के टप्पे पर आमों का एक बाग था । पतझड़ शुरु हो गई थी । बाग में पत्तियो को ढेर लगा हुआ था । हल्कू ने सोच, चलकर पत्तियों बटोरूँ और उन्हें जलाकर खूब तापूँ । रात को कोई मुझें पत्तियों बटारते देख तो समझे, कोई भूत है । कौन जाने, कोई जानवर ही छिपा बैठा हो, मगर अब तो बैठे नहीं रह जाता ।
उसने पास के अरहर के खेत मे जाकर कई पौधें उखाड़ लिए और उनका एक झाड़ू बनाकर हाथ में सुलगता हुआ उपला लिये बगीचे की तरफ चला । जबरा ने उसे आते देखा, पास आया और दुम हिलाने लगा ।
हल्कू ने कहा-अब तो नहीं रहा जाता जबरू । चलो बगीचे में पत्तियों बटोरकर तापें । टॉटे हो जाऍंगे, तो फिर आकर सोऍंगें । अभी तो बहुत रात है।
जबरा ने कूँ-कूँ करें सहमति प्रकट की और आगे बगीचे की ओर चला।
बगीचे में खूब अँधेरा छाया हुआ था और अंधकार में निर्दय पवन पत्तियों को कुचलता हुआ चला जाता था । वृक्षों से ओस की बूँदे टप-टप नीचे टपक रही थीं ।
एकाएक एक झोंका मेहँदी के फूलों की खूशबू लिए हुए आया ।
हल्कू ने कहा-कैसी अच्छी महक आई जबरू ! तुम्हारी नाक में भी तो सुगंध आ रही हैं ?
जबरा को कहीं जमीन पर एक हडडी पड़ी मिल गई थी । उसे चिंचोड़ रहा था ।
हल्कू ने आग जमीन पर रख दी और पत्तियों बठारने लगा । जरा देर में पत्तियों का ढेर लग गया था । हाथ ठिठुरे जाते थें । नगें पांव गले जाते थें । और वह पत्तियों का पहाड़ खड़ा कर रहा था । इसी अलाव में वह ठंड को जलाकर भस्म कर देगा ।
थोड़ी देर में अलावा जल उठा । उसकी लौ ऊपर वाले वृक्ष की पत्तियों को छू-छूकर भागने लगी । उस अस्थिर प्रकाश में बगीचे के विशाल वृक्ष ऐसे मालूम होते थें, मानो उस अथाह अंधकार को अपने सिरों पर सँभाले हुए हों । अन्धकार के उस अनंत सागर मे यह प्रकाश एक नौका के समान हिलता, मचलता हुआ जान पड़ता था ।
हल्कू अलाव के सामने बैठा आग ताप रहा था । एक क्षण में उसने दोहर उताकर बगल में दबा ली, दोनों पॉवं फैला दिए, मानों ठंड को ललकार रहा हो, तेरे जी में आए सो कर । ठंड की असीम शक्ति पर विजय पाकर वह विजय-गर्व को हृदय में छिपा न सकता था ।
उसने जबरा से कहा-क्यों जब्बर, अब ठंड नहीं लग रही है ?
जब्बर ने कूँ-कूँ करके मानो कहा-अब क्या ठंड लगती ही रहेगी ?
‘पहले से यह उपाय न सूझा, नहीं इतनी ठंड क्यों खातें ।’
जब्बर ने पूँछ हिलायी ।
अच्छा आओ, इस अलाव को कूदकर पार करें । देखें, कौन निकल जाता है। अगर जल गए बचा, तो मैं दवा न करूँगा ।
जब्बर ने उस अग्नि-राशि की ओर कातर नेत्रों से देखा !
मुन्नी से कल न कह देना, नहीं लड़ाई करेगी ।
यह कहता हुआ वह उछला और उस अलाव के ऊपर से साफ निकल गया । पैरों में जरा लपट लगी, पर वह कोई बात न थी । जबरा आग के गिर्द घूमकर उसके पास आ खड़ा हुआ ।
हल्कू ने कहा-चलो-चलों इसकी सही नहीं ! ऊपर से कूदकर आओ । वह फिर कूदा और अलाव के इस पार आ गया ।

4

पत्तियॉँ जल चुकी थीं । बगीचे में फिर अँधेरा छा गया था । राख के नीचे कुछ-कुछ आग बाकी थी, जो हवा का झोंका आ जाने पर जरा जाग उठती थी, पर एक क्षण में फिर ऑंखे बन्द कर लेती थी !
हल्कू ने फिर चादर ओढ़ ली और गर्म राख के पास बैठा हुआ एक गीत गुनगुनाने लगा । उसके बदन में गर्मी आ गई थी, पर ज्यों-ज्यों शीत बढ़ती जाती थी, उसे आलस्य दबाए लेता था ।
जबरा जोर से भूँककर खेत की ओर भागा । हल्कू को ऐसा मालूम हुआ कि जानवरों का एक झुण्ड खेत में आया है। शायद नीलगायों का झुण्ड था । उनके कूदने-दौड़ने की आवाजें साफ कान में आ रही थी । फिर ऐसा मालूम हुआ कि खेत में चर रहीं है। उनके चबाने की आवाज चर-चर सुनाई देने लगी।
उसने दिल में कहा-नहीं, जबरा के होते कोई जानवर खेत में नहीं आ सकता। नोच ही डाले। मुझे भ्रम हो रहा है। कहॉँ! अब तो कुछ नहीं सुनाई देता। मुझे भी कैसा धोखा हुआ!
उसने जोर से आवाज लगायी-जबरा, जबरा।
जबरा भूँकता रहा। उसके पास न आया।
फिर खेत के चरे जाने की आहट मिली। अब वह अपने को धोखा न दे सका। उसे अपनी जगह से हिलना जहर लग रहा था। कैसा दँदाया हुआ बैठा था। इस जाड़े-पाले में खेत में जाना, जानवरों के पीछे दौड़ना असह्य जान पड़ा। वह अपनी जगह से न हिला।
उसने जोर से आवाज लगायी-हिलो! हिलो! हिलो!
जबरा फिर भूँक उठा । जानवर खेत चर रहे थें । फसल तैयार हैं । कैसी अच्छी खेती थी, पर ये दुष्ट जानवर उसका सर्वनाश किए डालते है।
हल्कू पक्का इरादा करके उठा और दो-तीन कदम चला, पर एकाएक हवा कस ऐसा ठंडा, चुभने वाला, बिच्छू के डंक का-सा झोंका लगा कि वह फिर बुझते हुए अलाव के पास आ बैठा और राख को कुरेदकर अपनी ठंडी देह को गर्माने लगा ।
जबरा अपना गला फाड़ डालता था, नील गाये खेत का सफाया किए डालती थीं और हल्कू गर्म राख के पास शांत बैठा हुआ था । अकर्मण्यता ने रस्सियों की भॉति उसे चारों तरफ से जकड़ रखा था।
उसी राख के पस गर्म जमीन परद वही चादर ओढ़ कर सो गया ।
सबेरे जब उसकी नींद खुली, तब चारों तरफ धूप फैली गई थी और मुन्नी की रही थी-क्या आज सोते ही रहोगें ? तुम यहॉ आकर रम गए और उधर सारा खेत चौपट हो गया ।
हल्कू न उठकर कहा-क्या तू खेत से होकर आ रही है ?
मुन्नी बोली-हॉँ, सारे खेत कासत्यनाश हो गया । भला, ऐसा भी कोई सोता है। तुम्हारे यहॉ मँड़ैया डालने से क्या हुआ ?
हल्कू ने बहाना किया-मैं मरते-मरते बचा, तुझे अपने खेत की पड़ी हैं। पेट में ऐसा दरद हुआ, ऐसा दरद हुआ कि मै नहीं जानता हूँ !
दोनों फिर खेत के डॉँड पर आयें । देखा सारा खेत रौदां पड़ा हुआ है और जबरा मॅड़ैया के नीचे चित लेटा है, मानो प्राण ही न हों ।
दोनों खेत की दशा देख रहे थें । मुन्नी के मुख पर उदासी छायी थी, पर हल्कू प्रसन्न था ।
मुन्नी ने चिंतित होकर कहा-अब मजूरी करके मालगुजारी भरनी पड़ेगी।
हल्कू ने प्रसन्न मुख से कहा-रात को ठंड में यहॉ सोना तो न पड़ेगा।

ईदगाह- प्रेमचंद

रमजान के पूरे तीस रोजों के बाद ईद आयी है। कितना मनोहर, कितना सुहावना प्रभाव है। वृक्षों पर अजीब हरियाली है, खेतों में कुछ अजीब रौनक है, आसमान पर कुछ अजीब लालिमा है। आज का सूर्य देखो, कितना प्यारा, कितना शीतल है, यानी संसार को ईद की बधाई दे रहा है। गॉंव में कितनी हलचल है। ईदगाह जाने की तैयारियॉँ हो रही हैं। किसी के कुरते में बटन नहीं है, पड़ोस के घर में सुई-धागा लेने दौड़ा जा रहा है। किसी के जूते कड़े हो गए हैं, उनमें तेल डालने के लिए तेली के घर पर भागा जाता है। जल्दी-जल्दी बैलों को सानी-पानी दे दें। ईदगाह से लौटते-लौटते दोपहर हो जाएगी। तीन कोस का पेदल रास्ता, फिर सैकड़ों आदमियों से मिलना-भेंटना, दोपहर के पहले लोटना असम्भव है। लड़के सबसे ज्यादा प्रसन्न हैं। किसी ने एक रोजा रखा है, वह भी दोपहर तक, किसी ने वह भी नहीं, लेकिन ईदगाह जाने की खुशी उनके हिस्से की चीज है। रोजे बड़े-बूढ़ो के लिए होंगे। इनके लिए तो ईद है। रोज ईद का नाम रटते थे, आज वह आ गई। अब जल्दी पड़ी है कि लोग ईदगाह क्यों नहीं चलते। इन्हें गृहस्थी चिंताओं से क्या प्रयोजन! सेवैयों के लिए दूध ओर शक्कर घर में है या नहीं, इनकी बला से, ये तो सेवेयां खाऍंगे। वह क्या जानें कि अब्बाजान क्यों बदहवास चौधरी कायमअली के घर दौड़े जा रहे हैं। उन्हें क्या खबर कि चौधरी ऑंखें बदल लें, तो यह सारी ईद मुहर्रम हो जाए। उनकी अपनी जेबों में तो कुबेर काधन भरा हुआ है। बार-बार जेब से अपना खजाना निकालकर गिनते हैं और खुश होकर फिर रख लेते हैं। महमूद गिनता है, एक-दो, दस,-बारह, उसके पास बारह पैसे हैं। मोहनसिन के पास एक, दो, तीन, आठ, नौ, पंद्रह पैसे हैं। इन्हीं अनगिनती पैसों में अनगिनती चीजें लाऍंगें- खिलौने, मिठाइयां, बिगुल, गेंद और जाने क्या-क्या।
और सबसे ज्यादा प्रसन्न है हामिद। वह चार-पॉँच साल का गरीब सूरत, दुबला-पतला लड़का, जिसका बाप गत वर्ष हैजे की भेंट हो गया और मॉँ न जाने क्यों पीली होती-होती एक दिन मर गई। किसी को पता क्या बीमारी है। कहती तो कौन सुनने वाला था? दिल पर जो कुछ बीतती थी, वह दिल में ही सहती थी ओर जब न सहा गया,. तो संसार से विदा हो गई। अब हामिद अपनी बूढ़ी दादी अमीना की गोद में सोता है और उतना ही प्रसन्न है। उसके अब्बाजान रूपये कमाने गए हैं। बहुत-सी थैलियॉँ लेकर आऍंगे। अम्मीजान अल्लहा मियॉँ के घर से उसके लिए बड़ी अच्छी-अच्छी चीजें लाने गई हैं, इसलिए हामिद प्रसन्न है। आशा तो बड़ी चीज है, और फिर बच्चों की आशा! उनकी कल्पना तो राई का पर्वत बना लेती हे। हामिद के पॉंव में जूते नहीं हैं, सिर परएक पुरानी-धुरानी टोपी है, जिसका गोटा काला पड़ गया है, फिर भी वह प्रसन्न है। जब उसके अब्बाजान थैलियॉँ और अम्मीजान नियमतें लेकर आऍंगी, तो वह दिल से अरमान निकाल लेगा। तब देखेगा, मोहसिन, नूरे और सम्मी कहॉँ से उतने पैसे निकालेंगे।
अभागिन अमीना अपनी कोठरी में बैठी रो रही है। आज ईद का दिन, उसके घर में दाना नहीं! आज आबिद होता, तो क्या इसी तरह ईद आती ओर चली जाती! इस अन्धकार और निराशा में वह डूबी जा रही है। किसने बुलाया था इस निगोड़ी ईद को? इस घर में उसका काम नहीं, लेकिन हामिद! उसे किसी के मरने-जीने के क्या मतल? उसके अन्दर प्रकाश है, बाहर आशा। विपत्ति अपना सारा दलबल लेकर आये, हामिद की आनंद-भरी चितबन उसका विध्वसं कर देगी।
हामिद भीतर जाकर दादी से कहता है-तुम डरना नहीं अम्मॉँ, मै सबसे पहले आऊँगा। बिल्कुल न डरना।
अमीना का दिल कचोट रहा है। गॉँव के बच्चे अपने-अपने बाप के साथ जा रहे हैं। हामिद का बाप अमीना के सिवा और कौन है! उसे केसे अकेले मेले जाने दे? उस भीड़-भाड़ से बच्चा कहीं खो जाए तो क्या हो? नहीं, अमीना उसे यों न जाने देगी। नन्ही-सी जान! तीन कोस चलेगा कैसे? पैर में छाले पड़ जाऍंगे। जूते भी तो नहीं हैं। वह थोड़ी-थोड़ी दूर पर उसे गोद में ले लेती, लेकिन यहॉँ सेवैयॉँ कोन पकाएगा? पैसे होते तो लौटते-लोटते सब सामग्री जमा करके चटपट बना लेती। यहॉँ तो घंटों चीजें जमा करते लगेंगे। मॉँगे का ही तो भरोसा ठहरा। उस दिन फहीमन के कपड़े सिले थे। आठ आने पेसे मिले थे। उस उठन्नी को ईमान की तरह बचाती चली आती थी इसी ईद के लिए लेकिन कल ग्वालन सिर पर सवार हो गई तो क्या करती? हामिद के लिए कुछ नहीं हे, तो दो पैसे का दूध तो चाहिए ही। अब तो कुल दो आने पैसे बच रहे हैं। तीन पैसे हामिद की जेब में, पांच अमीना के बटुवें में। यही तो बिसात है और ईद का त्यौहार, अल्ला ही बेड़ा पर लगाए। धोबन और नाइन ओर मेहतरानी और चुड़िहारिन सभी तो आऍंगी। सभी को सेवेयॉँ चाहिए और थोड़ा किसी को ऑंखों नहीं लगता। किस-किस सें मुँह चुरायेगी? और मुँह क्यों चुराए? साल-भर का त्योंहार हैं। जिन्दगी खैरियत से रहें, उनकी तकदीर भी तो उसी के साथ है: बच्चे को खुदा सलामत रखे, यें दिन भी कट जाऍंगे।
गॉँव से मेला चला। ओर बच्चों के साथ हामिद भी जा रहा था। कभी सबके सब दौड़कर आगे निकल जाते। फिर किसी पेड़ के नींचे खड़े होकर साथ वालों का इंतजार करते। यह लोग क्यों इतना धीरे-धीरे चल रहे हैं? हामिद के पैरो में तो जैसे पर लग गए हैं। वह कभी थक सकता है? शहर का दामन आ गया। सड़क के दोनों ओर अमीरों के बगीचे हैं। पक्की चारदीवारी बनी हुई है। पेड़ो में आम और लीचियॉँ लगी हुई हैं। कभी-कभी कोई लड़का कंकड़ी उठाकर आम पर निशान लगाता हे। माली अंदर से गाली देता हुआ निंलता है। लड़के वहाँ से एक फलॉँग पर हैं। खूब हँस रहे हैं। माली को केसा उल्लू बनाया है।
बड़ी-बड़ी इमारतें आने लगीं। यह अदालत है, यह कालेज है, यह क्लब घर है। इतने बड़े कालेज में कितने लड़के पढ़ते होंगे? सब लड़के नहीं हैं जी! बड़े-बड़े आदमी हैं, सच! उनकी बड़ी-बड़ी मूँछे हैं। इतने बड़े हो गए, अभी तक पढ़ते जाते हैं। न जाने कब तक पढ़ेंगे ओर क्या करेंगे इतना पढ़कर! हामिद के मदरसे में दो-तीन बड़े-बड़े लड़के हें, बिल्कुल तीन कौड़ी के। रोज मार खाते हैं, काम से जी चुराने वाले। इस जगह भी उसी तरह के लोग होंगे ओर क्या। क्लब-घर में जादू होता है। सुना है, यहॉँ मुर्दो की खोपड़ियां दौड़ती हैं। और बड़े-बड़े तमाशे होते हें, पर किसी कोअंदर नहीं जाने देते। और वहॉँ शाम को साहब लोग खेलते हैं। बड़े-बड़े आदमी खेलते हें, मूँछो-दाढ़ी वाले। और मेमें भी खेलती हैं, सच! हमारी अम्मॉँ को यह दे दो, क्या नाम है, बैट, तो उसे पकड़ ही न सके। घुमाते ही लुढ़क जाऍं।
महमूद ने कहा-हमारी अम्मीजान का तो हाथ कॉँपने लगे, अल्ला कसम।
मोहसिन बोल-चलों, मनों आटा पीस डालती हैं। जरा-सा बैट पकड़ लेगी, तो हाथ कॉँपने लगेंगे! सौकड़ों घड़े पानी रोज निकालती हैं। पॉँच घड़े तो तेरी भैंस पी जाती है। किसी मेम को एक घड़ा पानी भरना पड़े, तो ऑंखों तक अँधेरी आ जाए।
महमूद-लेकिन दौड़तीं तो नहीं, उछल-कूद तो नहीं सकतीं।
मोहसिन-हॉँ, उछल-कूद तो नहीं सकतीं; लेकिन उस दिन मेरी गाय खुल गई थी और चौधरी के खेत में जा पड़ी थी, अम्मॉँ इतना तेज दौड़ी कि में उन्हें न पा सका, सच।
आगे चले। हलवाइयों की दुकानें शुरू हुई। आज खूब सजी हुई थीं। इतनी मिठाइयॉँ कौन खाता? देखो न, एक-एक दूकान पर मनों होंगी। सुना है, रात को जिन्नात आकर खरीद ले जाते हैं। अब्बा कहते थें कि आधी रात को एक आदमी हर दूकान पर जाता है और जितना माल बचा होता है, वह तुलवा लेता है और सचमुच के रूपये देता है, बिल्कुल ऐसे ही रूपये।
हामिद को यकीन न आया-ऐसे रूपये जिन्नात को कहॉँ से मिल जाऍंगी?
मोहसिन ने कहा-जिन्नात को रूपये की क्या कमी? जिस खजाने में चाहें चले जाऍं। लोहे के दरवाजे तक उन्हें नहीं रोक सकते जनाब, आप हैं किस फेर में! हीरे-जवाहरात तक उनके पास रहते हैं। जिससे खुश हो गए, उसे टोकरों जवाहरात दे दिए। अभी यहीं बैठे हें, पॉँच मिनट में कलकत्ता पहुँच जाऍं।
हामिद ने फिर पूछा-जिन्नात बहुत बड़े-बड़े होते हैं?
मोहसिन-एक-एक सिर आसमान के बराबर होता है जी! जमीन पर खड़ा हो जाए तो उसका सिर आसमान से जा लगे, मगर चाहे तो एक लोटे में घुस जाए।
हामिद-लोग उन्हें केसे खुश करते होंगे? कोई मुझे यह मंतर बता दे तो एक जिनन को खुश कर लूँ।
मोहसिन-अब यह तो न जानता, लेकिन चौधरी साहब के काबू में बहुत-से जिन्नात हैं। कोई चीज चोरी जाए चौधरी साहब उसका पता लगा देंगे ओर चोर का नाम बता देगें। जुमराती का बछवा उस दिन खो गया था। तीन दिन हैरान हुए, कहीं न मिला तब झख मारकर चौधरी के पास गए। चौधरी ने तुरन्त बता दिया, मवेशीखाने में है और वहीं मिला। जिन्नात आकर उन्हें सारे जहान की खबर दे जाते हैं।
अब उसकी समझ में आ गया कि चौधरी के पास क्यों इतना धन है और क्यों उनका इतना सम्मान है।
आगे चले। यह पुलिस लाइन है। यहीं सब कानिसटिबिल कवायद करते हैं। रैटन! फाय फो! रात को बेचारे घूम-घूमकर पहरा देते हैं, नहीं चोरियॉँ हो जाऍं। मोहसिन ने प्रतिवाद किया-यह कानिसटिबिल पहरा देते हें? तभी तुम बहुत जानते हों अजी हजरत, यह चोरी करते हैं। शहर के जितने चोर-डाकू हें, सब इनसे मुहल्ले में जाकर ‘जागते रहो! जाते रहो!’ पुकारते हें। तभी इन लोगों के पास इतने रूपये आते हें। मेरे मामू एक थाने में कानिसटिबिल हें। बरस रूपया महीना पाते हें, लेकिन पचास रूपये घर भेजते हें। अल्ला कसम! मैंने एक बार पूछा था कि मामू, आप इतने रूपये कहॉँ से पाते हैं? हँसकर कहने लगे-बेटा, अल्लाह देता है। फिर आप ही बोले-हम लोग चाहें तो एक दिन में लाखों मार लाऍं। हम तो इतना ही लेते हैं, जिसमें अपनी बदनामी न हो और नौकरी न चली जाए।
हामिद ने पूछा-यह लोग चोरी करवाते हैं, तो कोई इन्हें पकड़ता नहीं?
मोहसिन उसकी नादानी पर दया दिखाकर बोला..अरे, पागल! इन्हें कौन पकड़ेगा! पकड़ने वाले तो यह लोग खुद हैं, लेकिन अल्लाह, इन्हें सजा भी खूब देता है। हराम का माल हराम में जाता है। थोड़े ही दिन हुए, मामू के घर में आग लग गई। सारी लेई-पूँजी जल गई। एक बरतन तक न बचा। कई दिन पेड़ के नीचे सोए, अल्ला कसम, पेड़ के नीचे! फिरन जाने कहॉँ से एक सौ कर्ज लाए तो बरतन-भॉँड़े आए।
हामिद-एक सौ तो पचार से ज्यादा होते है?
‘कहॉँ पचास, कहॉँ एक सौ। पचास एक थैली-भर होता है। सौ तो दो थैलियों में भी न आऍं?
अब बस्ती घनी होने लगी। ईइगाह जाने वालो की टोलियॉँ नजर आने लगी। एक से एक भड़कीले वस्त्र पहने हुए। कोई इक्के-तॉँगे पर सवार, कोई मोटर पर, सभी इत्र में बसे, सभी के दिलों में उमंग। ग्रामीणों का यह छोटा-सा दल अपनी विपन्नता से बेखबर, सन्तोष ओर धैर्य में मगन चला जा रहा था। बच्चों के लिए नगर की सभी चीजें अनोखी थीं। जिस चीज की ओर ताकते, ताकते ही रह जाते और पीछे से आर्न की आवाज होने पर भी न चेतते। हामिद तो मोटर के नीचे जाते-जाते बचा।
सहसा ईदगाह नजर आई। ऊपर इमली के घने वृक्षों की छाया हे। नाचे पक्का फर्श है, जिस पर जाजम ढिछा हुआ है। और रोजेदारों की पंक्तियॉँ एक के पीछे एक न जाने कहॉँ वक चली गई हैं, पक्की जगत के नीचे तक, जहॉँ जाजम भी नहीं है। नए आने वाले आकर पीछे की कतार में खड़े हो जाते हैं। आगे जगह नहीं हे। यहॉँ कोई धन और पद नहीं देखता। इस्लाम की निगाह में सब बराबर हें। इन ग्रामीणों ने भी वजू किया ओर पिछली पंक्ति में खड़े हो गए। कितना सुन्दर संचालन है, कितनी सुन्दर व्यवस्था! लाखों सिर एक साथ सिजदे में झुक जाते हैं, फिर सबके सब एक साथ खड़े हो जाते हैं, एक साथ झुकते हें, और एक साथ खड़े हो जाते हैं, एक साथ खड़े हो जाते हैं, एक साथ झुकते हें, और एक साथ खड़े हो जाते हैं, कई बार यही क्रिया होती हे, जैसे बिजली की लाखों बत्तियाँ एक साथ प्रदीप्त हों और एक साथ बुझ जाऍं, और यही ग्रम चलता, रहे। कितना अपूर्व दृश्य था, जिसकी सामूहिक क्रियाऍं, विस्तार और अनंतता हृदय को श्रद्धा, गर्व और आत्मानंद से भर देती थीं, मानों भ्रातृत्व का एक सूत्र इन समस्त आत्माओं को एक लड़ी में पिरोए हुए हैं।

2

नमाज खत्म हो गई। लोग आपस में गले मिल रहे हैं। तब मिठाई और खिलौने की दूकान पर धावा होता है। ग्रामीणों का यह दल इस विषय में बालकों से कम उत्साही नहीं है। यह देखो, हिंडोला हें एक पैसा देकर चढ़ जाओ। कभी आसमान पर जाते हुए मालूम होगें, कभी जमीन पर गिरते हुए। यह चर्खी है, लकड़ी के हाथी, घोड़े, ऊँट, छड़ो में लटके हुए हैं। एक पेसा देकर बैठ जाओं और पच्चीस चक्करों का मजा लो। महमूद और मोहसिन ओर नूरे ओर सम्मी इन घोड़ों ओर ऊँटो पर बैठते हें। हामिद दूर खड़ा है। तीन ही पैसे तो उसके पास हैं। अपने कोष का एक तिहाई जरा-सा चक्कर खाने के लिए नहीं दे सकता।
सब चर्खियों से उतरते हैं। अब खिलौने लेंगे। अधर दूकानों की कतार लगी हुई है। तरह-तरह के खिलौने हैं-सिपाही और गुजरिया, राज ओर वकी, भिश्ती और धोबिन और साधु। वह! कत्ते सुन्दर खिलोने हैं। अब बोला ही चाहते हैं। महमूद सिपाही लेता हे, खाकी वर्दी और लाल पगड़ीवाला, कंधें पर बंदूक रखे हुए, मालूम होता हे, अभी कवायद किए चला आ रहा है। मोहसिन को भिश्ती पसंद आया। कमर झुकी हुई है, ऊपर मशक रखे हुए हैं मशक का मुँह एक हाथ से पकड़े हुए है। कितना प्रसन्न है! शायद कोई गीत गा रहा है। बस, मशक से पानी अड़ेला ही चाहता है। नूरे को वकील से प्रेम हे। कैसी विद्वत्ता हे उसके मुख पर! काला चोगा, नीचे सफेद अचकन, अचकन के सामने की जेब में घड़ी, सुनहरी जंजीर, एक हाथ में कानून का पौथा लिये हुए। मालूम होता है, अभी किसी अदालत से जिरह या बहस किए चले आ रहे है। यह सब दो-दो पैसे के खिलौने हैं। हामिद के पास कुल तीन पैसे हैं, इतने महँगे खिलौन वह केसे ले? खिलौना कहीं हाथ से छूट पड़े तो चूर-चूर हो जाए। जरा पानी पड़े तो सारा रंग घुल जाए। ऐसे खिलौने लेकर वह क्या करेगा, किस काम के!
मोहसिन कहता है-मेरा भिश्ती रोज पानी दे जाएगा सॉँझ-सबेरे
महमूद-और मेरा सिपाही घर का पहरा देगा कोई चोर आएगा, तो फौरन बंदूक से फैर कर देगा।
नूरे-ओर मेरा वकील खूब मुकदमा लड़ेगा।
सम्मी-ओर मेरी धोबिन रोज कपड़े धोएगी।
हामिद खिलौनों की निंदा करता है-मिट्टी ही के तो हैं, गिरे तो चकनाचूर हो जाऍं, लेकिन ललचाई हुई ऑंखों से खिलौनों को देख रहा है और चाहता है कि जरा देर के लिए उन्हें हाथ में ले सकता। उसके हाथ अनायास ही लपकते हें, लेकिन लड़के इतने त्यागी नहीं होते हें, विशेषकर जब अभी नया शौक है। हामिद ललचता रह जाता है।
खिलौने के बाद मिठाइयाँ आती हैं। किसी ने रेवड़ियॉँ ली हें, किसी ने गुलाबजामुन किसी ने सोहन हलवा। मजे से खा रहे हैं। हामिद बिरादरी से पृथक् है। अभागे के पास तीन पैसे हैं। क्यों नहीं कुछ लेकर खाता? ललचाई ऑंखों से सबक ओर देखता है।
मोहसिन कहता है-हामिद रेवड़ी ले जा, कितनी खुशबूदार है!
हामिद को सदेंह हुआ, ये केवल क्रूर विनोद हें मोहसिन इतना उदार नहीं है, लेकिन यह जानकर भी वह उसके पास जाता है। मोहसिन दोने से एक रेवड़ी निकालकर हामिद की ओर बढ़ाता है। हामिद हाथ फैलाता है। मोहसिन रेवड़ी अपने मुँह में रख लेता है। महमूद नूरे ओर सम्मी खूब तालियॉँ बजा-बजाकर हँसते हैं। हामिद खिसिया जाता है।
मोहसिन-अच्छा, अबकी जरूर देंगे हामिद, अल्लाह कसम, ले जा।
हामिद-रखे रहो। क्या मेरे पास पैसे नहीं है?
सम्मी-तीन ही पेसे तो हैं। तीन पैसे में क्या-क्या लोगें?
महमूद-हमसे गुलाबजामुन ले जाओ हामिद। मोहमिन बदमाश है।
हामिद-मिठाई कौन बड़ी नेमत है। किताब में इसकी कितनी बुराइयॉँ लिखी हैं।
मोहसिन-लेकिन दिन मे कह रहे होगे कि मिले तो खा लें। अपने पैसे क्यों नहीं निकालते?
महमूद-इस समझते हें, इसकी चालाकी। जब हमारे सारे पैसे खर्च हो जाऍंगे, तो हमें ललचा-ललचाकर खाएगा।
मिठाइयों के बाद कुछ दूकानें लोहे की चीजों की, कुछ गिलट और कुछ नकली गहनों की। लड़कों के लिए यहॉँ कोई आकर्षण न था। वे सब आगे बढ़ जाते हैं, हामिद लोहे की दुकान पररूक जात हे। कई चिमटे रखे हुए थे। उसे ख्याल आया, दादी के पास चिमटा नहीं है। तबे से रोटियॉँ उतारती हैं, तो हाथ जल जाता है। अगर वह चिमटा ले जाकर दादी को दे दे तो वह कितना प्रसन्न होगी! फिर उनकी ऊगलियॉँ कभी न जलेंगी। घर में एक काम की चीज हो जाएगी। खिलौने से क्या फायदा? व्यर्थ में पैसे खराब होते हैं। जरा देर ही तो खुशी होती है। फिर तो खिलौने को कोई ऑंख उठाकर नहीं देखता। यह तो घर पहुँचते-पहुँचते टूट-फूट बराबर हो जाऍंगे। चिमटा कितने काम की चीज है। रोटियॉँ तवे से उतार लो, चूल्हें में सेंक लो। कोई आग मॉँगने आये तो चटपट चूल्हे से आग निकालकर उसे दे दो। अम्मॉँ बेचारी को कहॉँ फुरसत हे कि बाजार आऍं और इतने पैसे ही कहॉँ मिलते हैं? रोज हाथ जला लेती हैं।
हामिद के साथी आगे बढ़ गए हैं। सबील पर सबके सब शर्बत पी रहे हैं। देखो, सब कतने लालची हैं। इतनी मिठाइयॉँ लीं, मुझे किसी ने एक भी न दी। उस पर कहते है, मेरे साथ खेलो। मेरा यह काम करों। अब अगर किसी ने कोई काम करने को कहा, तो पूछूँगा। खाऍं मिठाइयॉँ, आप मुँह सड़ेगा, फोड़े-फुन्सियॉं निकलेंगी, आप ही जबान चटोरी हो जाएगी। तब घर से पैसे चुराऍंगे और मार खाऍंगे। किताब में झूठी बातें थोड़े ही लिखी हें। मेरी जबान क्यों खराब होगी? अम्मॉँ चिमटा देखते ही दौड़कर मेरे हाथ से ले लेंगी और कहेंगी-मेरा बच्चा अम्मॉँ के लिए चिमटा लाया है। कितना अच्छा लड़का है। इन लोगों के खिलौने पर कौन इन्हें दुआऍं देगा? बड़ों का दुआऍं सीधे अल्लाह के दरबार में पहुँचती हैं, और तुरंत सुनी जाती हैं। में भी इनसे मिजाज क्यों सहूँ? मैं गरीब सही, किसी से कुछ मॉँगने तो नहीं जाते। आखिर अब्बाजान कभीं न कभी आऍंगे। अम्मा भी ऑंएगी ही। फिर इन लोगों से पूछूँगा, कितने खिलौने लोगे? एक-एक को टोकरियों खिलौने दूँ और दिखा हूँ कि दोस्तों के साथ इस तरह का सलूक किया जात है। यह नहीं कि एक पैसे की रेवड़ियॉँ लीं, तो चिढ़ा-चिढ़ाकर खाने लगे। सबके सब हँसेंगे कि हामिद ने चिमटा लिया है। हंसें! मेरी बला से! उसने दुकानदार से पूछा-यह चिमटा कितने का है?
दुकानदार ने उसकी ओर देखा और कोई आदमी साथ न देखकर कहा-तुम्हारे काम का नहीं है जी!
‘बिकाऊ है कि नहीं?’
‘बिकाऊ क्यों नहीं है? और यहॉँ क्यों लाद लाए हैं?’
तो बताते क्यों नहीं, कै पैसे का है?’
‘छ: पैसे लगेंगे।‘
हामिद का दिल बैठ गया।
‘ठीक-ठीक पॉँच पेसे लगेंगे, लेना हो लो, नहीं चलते बनो।‘
हामिद ने कलेजा मजबूत करके कहा तीन पैसे लोगे?
यह कहता हुआ व आगे बढ़ गया कि दुकानदार की घुड़कियॉँ न सुने। लेकिन दुकानदार ने घुड़कियॉँ नहीं दी। बुलाकर चिमटा दे दिया। हामिद ने उसे इस तरह कंधे पर रखा, मानों बंदूक है और शान से अकड़ता हुआ संगियों के पास आया। जरा सुनें, सबके सब क्या-क्या आलोचनाऍं करते हैं!
मोहसिन ने हँसकर कहा-यह चिमटा क्यों लाया पगले, इसे क्या करेगा?
हामिद ने चिमटे को जमीन पर पटकर कहा-जरा अपना भिश्ती जमीन पर गिरा दो। सारी पसलियॉँ चूर-चूर हो जाऍं बचा की।
महमूद बोला-तो यह चिमटा कोई खिलौना है?
हामिद-खिलौना क्यों नही है! अभी कन्धे पर रखा, बंदूक हो गई। हाथ में ले लिया, फकीरों का चिमटा हो गया। चाहूँ तो इससे मजीरे काकाम ले सकता हूँ। एक चिमटा जमा दूँ, तो तुम लोगों के सारे खिलौनों की जान निकल जाए। तुम्हारे खिलौने कितना ही जोर लगाऍं, मेरे चिमटे का बाल भी बॉंका नही कर सकतें मेरा बहादुर शेर है चिमटा।
सम्मी ने खँजरी ली थी। प्रभावित होकर बोला-मेरी खँजरी से बदलोगे? दो आने की है।
हामिद ने खँजरी की ओर उपेक्षा से देखा-मेरा चिमटा चाहे तो तुम्हारी खॅजरी का पेट फाड़ डाले। बस, एक चमड़े की झिल्ली लगा दी, ढब-ढब बोलने लगी। जरा-सा पानी लग जाए तो खत्म हो जाए। मेरा बहादुर चिमटा आग में, पानी में, ऑंधी में, तूफान में बराबर डटा खड़ा रहेगा।
चिमटे ने सभी को मोहित कर लिया, अब पैसे किसके पास धरे हैं? फिर मेले से दूर निकल आए हें, नौ कब के बज गए, धूप तेज हो रही है। घर पहुंचने की जल्दी हो रही हे। बाप से जिद भी करें, तो चिमटा नहीं मिल सकता। हामिद है बड़ा चालाक। इसीलिए बदमाश ने अपने पैसे बचा रखे थे।
अब बालकों के दो दल हो गए हैं। मोहसिन, महमद, सम्मी और नूरे एक तरफ हैं, हामिद अकेला दूसरी तरफ। शास्त्रर्थ हो रहा है। सम्मी तो विधर्मी हा गया! दूसरे पक्ष से जा मिला, लेकिन मोहनि, महमूद और नूरे भी हामिद से एक-एक, दो-दो साल बड़े होने पर भी हामिद के आघातों से आतंकित हो उठे हैं। उसके पास न्याय का बल है और नीति की शक्ति। एक ओर मिट्टी है, दूसरी ओर लोहा, जो इस वक्त अपने को फौलाद कह रहा है। वह अजेय है, घातक है। अगर कोई शेर आ जाए मियॉँ भिश्ती के छक्के छूट जाऍं, जो मियॉँ सिपाही मिट्टी की बंदूक छोड़कर भागे, वकील साहब की नानी मर जाए, चोगे में मुंह छिपाकर जमीन पर लेट जाऍं। मगर यह चिमटा, यह बहादुर, यह रूस्तमे-हिंद लपककर शेर की गरदन पर सवार हो जाएगा और उसकी ऑंखे निकाल लेगा।
मोहसिन ने एड़ी-चोटी का जारे लगाकर कहा-अच्छा, पानी तो नहीं भर सकता?
हामिद ने चिमटे को सीधा खड़ा करके कहा-भिश्ती को एक डांट बताएगा, तो दौड़ा हुआ पानी लाकर उसके द्वार पर छिड़कने लगेगा।
मोहसिन परास्त हो गया, पर महमूद ने कुमुक पहुँचाई-अगर बचा पकड़ जाऍं तो अदालम में बॅधे-बँधे फिरेंगे। तब तो वकील साहब के पैरों पड़ेगे।
हामिद इस प्रबल तर्क का जवाब न दे सका। उसने पूछा-हमें पकड़ने कौने आएगा?
नूरे ने अकड़कर कहा-यह सिपाही बंदूकवाला।
हामिद ने मुँह चिढ़ाकर कहा-यह बेचारे हम बहादुर रूस्तमे-हिंद को पकड़ेगें! अच्छा लाओ, अभी जरा कुश्ती हो जाए। इसकी सूरत देखकर दूर से भागेंगे। पकड़ेगें क्या बेचारे!
मोहसिन को एक नई चोट सूझ गई-तुम्हारे चिमटे का मुँह रोज आग में जलेगा।
उसने समझा था कि हामिद लाजवाब हो जाएगा, लेकिन यह बात न हुई। हामिद ने तुरंत जवाब दिया-आग में बहादुर ही कूदते हैं जनाब, तुम्हारे यह वकील, सिपाही और भिश्ती लैडियों की तरह घर में घुस जाऍंगे। आग में वह काम है, जो यह रूस्तमे-हिन्द ही कर सकता है।
महमूद ने एक जोर लगाया-वकील साहब कुरसी-मेज पर बैठेगे, तुम्हारा चिमटा तो बाबरचीखाने में जमीन पर पड़ा रहने के सिवा और क्या कर सकता है?
इस तर्क ने सम्मी औरनूरे को भी सजी कर दिया! कितने ठिकाने की बात कही हे पट्ठे ने! चिमटा बावरचीखाने में पड़ा रहने के सिवा और क्या कर सकता है?
हामिद को कोई फड़कता हुआ जवाब न सूझा, तो उसने धॉँधली शुरू की-मेरा चिमटा बावरचीखाने में नही रहेगा। वकील साहब कुर्सी पर बैठेगें, तो जाकर उन्हे जमीन पर पटक देगा और उनका कानून उनके पेट में डाल देगा।
बात कुछ बनी नही। खाल गाली-गलौज थी, लेकिन कानून को पेट में डालनेवाली बात छा गई। ऐसी छा गई कि तीनों सूरमा मुँह ताकते रह गए मानो कोई धेलचा कानकौआ किसी गंडेवाले कनकौए को काट गया हो। कानून मुँह से बाहर निकलने वाली चीज हे। उसको पेट के अन्दर डाल दिया जाना बेतुकी-सी बात होने पर भी कुछ नयापन रखती हे। हामिद ने मैदान मार लिया। उसका चिमटा रूस्तमे-हिन्द हे। अब इसमें मोहसिन, महमूद नूरे, सम्मी किसी को भी आपत्ति नहीं हो सकती।
विजेता को हारनेवालों से जो सत्कार मिलना स्वाभविक है, वह हामिद को भी मिल। औरों ने तीन-तीन, चार-चार आने पैसे खर्च किए, पर कोई काम की चीज न ले सके। हामिद ने तीन पैसे में रंग जमा लिया। सच ही तो है, खिलौनों का क्या भरोसा? टूट-फूट जाऍंगी। हामिद का चिमटा तो बना रहेगा बरसों?
संधि की शर्ते तय होने लगीं। मोहसिन ने कहा-जरा अपना चिमटा दो, हम भी देखें। तुम हमार भिश्ती लेकर देखो।
महमूद और नूरे ने भी अपने-अपने खिलौने पेश किए।
हामिद को इन शर्तो को मानने में कोई आपत्ति न थी। चिमटा बारी-बारी से सबके हाथ में गया, और उनके खिलौने बारी-बारी से हामिद के हाथ में आए। कितने खूबसूरत खिलौने हैं।
हामिद ने हारने वालों के ऑंसू पोंछे-मैं तुम्हे चिढ़ा रहा था, सच! यह चिमटा भला, इन खिलौनों की क्या बराबर करेगा, मालूम होता है, अब बोले, अब बोले।
लेकिन मोहसनि की पार्टी को इस दिलासे से संतोष नहीं होता। चिमटे का सिल्का खूब बैठ गया है। चिपका हुआ टिकट अब पानी से नहीं छूट रहा है।
मोहसिन-लेकिन इन खिलौनों के लिए कोई हमें दुआ तो न देगा?
महमूद-दुआ को लिय फिरते हो। उल्टे मार न पड़े। अम्मां जरूर कहेंगी कि मेले में यही मिट्टी के खिलौने मिले?
हामिद को स्वीकार करना पड़ा कि खिलौनों को देखकर किसी की मां इतनी खुश न होगी, जितनी दादी चिमटे को देखकर होंगी। तीन पैसों ही में तो उसे सब-कुछ करना था ओर उन पैसों के इस उपयों पर पछतावे की बिल्कुल जरूरत न थी। फिर अब तो चिमटा रूस्तमें-हिन्द हे ओर सभी खिलौनों का बादशाह।
रास्ते में महमूद को भूख लगी। उसके बाप ने केले खाने को दियें। महमून ने केवल हामिद को साझी बनाया। उसके अन्य मित्र मुंह ताकते रह गए। यह उस चिमटे का प्रसाद थां।

3

ग्यारह बजे गॉँव में हलचल मच गई। मेलेवाले आ गए। मोहसिन की छोटी बहन दौड़कर भिश्ती उसके हाथ से छीन लिया और मारे खुशी के जा उछली, तो मियॉं भिश्ती नीचे आ रहे और सुरलोक सिधारे। इस पर भाई-बहन में मार-पीट हुई। दानों खुब रोए। उसकी अम्मॉँ यह शोर सुनकर बिगड़ी और दोनों को ऊपर से दो-दो चॉँटे और लगाए।
मियॉँ नूरे के वकील का अंत उनके प्रतिष्ठानुकूल इससे ज्यादा गौरवमय हुआ। वकील जमीन पर या ताक पर हो नहीं बैठ सकता। उसकी मर्यादा का विचार तो करना ही होगा। दीवार में खूँटियाँ गाड़ी गई। उन पर लकड़ी का एक पटरा रखा गया। पटरे पर कागज का कालीन बिदाया गया। वकील साहब राजा भोज की भाँति सिंहासन पर विराजे। नूरे ने उन्हें पंखा झलना शुरू किया। आदालतों में खर की टट्टियॉँ और बिजली के पंखे रहते हें। क्या यहॉँ मामूली पंखा भी न हो! कानून की गर्मी दिमाग पर चढ़ जाएगी कि नहीं? बॉँस कापंखा आया ओर नूरे हवा करने लगें मालूम नहीं, पंखे की हवा से या पंखे की चोट से वकील साहब स्वर्गलोक से मृत्युलोक में आ रहे और उनका माटी का चोला माटी में मिल गया! फिर बड़े जोर-शोर से मातम हुआ और वकील साहब की अस्थि घूरे पर डाल दी गई।
अब रहा महमूद का सिपाही। उसे चटपट गॉँव का पहरा देने का चार्ज मिल गया, लेकिन पुलिस का सिपाही कोई साधारण व्यक्ति तो नहीं, जो अपने पैरों चलें वह पालकी पर चलेगा। एक टोकरी आई, उसमें कुछ लाल रंग के फटे-पुराने चिथड़े बिछाए गए जिसमें सिपाही साहब आराम से लेटे। नूरे ने यह टोकरी उठाई और अपने द्वार का चक्कर लगाने लगे। उनके दोनों छोटे भाई सिपाही की तरह ‘छोनेवाले, जागते लहो’ पुकारते चलते हें। मगर रात तो अँधेरी होनी चाहिए, नूरे को ठोकर लग जाती है। टोकरी उसके हाथ से छूटकर गिर पड़ती है और मियॉँ सिपाही अपनी बन्दूक लिये जमीन पर आ जाते हैं और उनकी एक टॉँग में विकार आ जाता है।
महमूद को आज ज्ञात हुआ कि वह अच्छा डाक्टर है। उसको ऐसा मरहम मिला गया है जिससे वह टूटी टॉँग को आनन-फानन जोड़ सकता हे। केवल गूलर का दूध चाहिए। गूलर का दूध आता है। टाँग जावब दे देती है। शल्य-क्रिया असफल हुई, तब उसकी दूसरी टाँग भी तोड़ दी जाती है। अब कम-से-कम एक जगह आराम से बैठ तो सकता है। एक टॉँग से तो न चल सकता था, न बैठ सकता था। अब वह सिपाही संन्यासी हो गया है। अपनी जगह पर बैठा-बैठा पहरा देता है। कभी-कभी देवता भी बन जाता है। उसके सिर का झालरदार साफा खुरच दिया गया है। अब उसका जितना रूपांतर चाहों, कर सकते हो। कभी-कभी तो उससे बाट का काम भी लिया जाता है।
अब मियॉँ हामिद का हाल सुनिए। अमीना उसकी आवाज सुनते ही दौड़ी और उसे गोद में उठाकर प्यार करने लगी। सहसा उसके हाथ में चिमटा देखकर वह चौंकी।
‘यह चिमटा कहॉं था?’
‘मैंने मोल लिया है।‘
‘कै पैसे में?
‘तीन पैसे दिये।‘
अमीना ने छाती पीट ली। यह कैसा बेसमझ लड़का है कि दोपहर हुआ, कुछ खाया न पिया। लाया क्या, चिमटा! ‘सारे मेले में तुझे और कोई चीज न मिली, जो यह लोहे का चिमटा उठा लाया?’
हामिद ने अपराधी-भाव से कहा-तुम्हारी उँगलियॉँ तवे से जल जाती थीं, इसलिए मैने इसे लिया।
बुढ़िया का क्रोध तुरन्त स्नेह में बदल गया, और स्नेह भी वह नहीं, जो प्रगल्भ होता हे और अपनी सारी कसक शब्दों में बिखेर देता है। यह मूक स्नेह था, खूब ठोस, रस और स्वाद से भरा हुआ। बच्चे में कितना व्याग, कितना सदभाव और कितना विवेक है! दूसरों को खिलौने लेते और मिठाई खाते देखकर इसका मन कितना ललचाया होगा? इतना जब्त इससे हुआ कैसे? वहॉँ भी इसे अपनी बुढ़िया दादी की याद बनी रही। अमीना का मन गदगद हो गया।
और अब एक बड़ी विचित्र बात हुई। हामिद कें इस चिमटे से भी विचित्र। बच्चे हामिद ने बूढ़े हामिद का पार्ट खेला था। बुढ़िया अमीना बालिका अमीना बन गई। वह रोने लगी। दामन फैलाकर हामिद को दुआऍं देती जाती थी और आँसूं की बड़ी-बड़ी बूंदे गिराती जाती थी। हामिद इसका रहस्य क्या समझता!