हकीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हकीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, मार्च 11, 2010

हथेली पे उगा सच.....

फ़िर एक गीला शब्द
हथेली पे
अकस्मात उग आया है
मुट्ठी में पिघलता यथार्थ
घुसपैठी लहरों से
सीपियों सा
टूटने लगा है
फरेबी बादल
उड़ेल देता है
ढेर सारी स्याही
आकाश में ......


मस्तिष्क
पिशाचनी के
पंजों में सा जकड़ा
कसमसा उठता है
समय की खोह में
कहीं गुम हुआ मन
दरारों भरे आईने से
कई - कई सूरतों में
बंटकर
उड़ाता है हंसीं ......


किसी
सूफियाना कलाम की
करुण आवाज़
गूंजती है कानों में
रात खिड़की पर खड़ी
बढ़ाती है हाथ
मैं चुपचाप शिकारे में
जा बैठती हूँ


बूढ़ा मल्लाह मुखातिब होता है
" कहाँ जाना है बीबी "
मैं हिम शिखरों की ओर
इशारा करती हूँ
शफ्फाक़ हवाएं
चीड़ की गंध लिए
मुझे हैरानी से
देखती हैं .....


तभी ......
मेरे भीतर का भंवर
छाती पर नली रख
गोली दाग देता है
सामने .....
सच खड़ा है
मुंह चिढ़ाता हुआ
और मैं राख़ हुई
पत्थर सी
जड़ हो जाती हूँ .......!!

वह लाल दुपट्टा.....

(१)

बरसों पहले
जो तुम
इक धूप का टुकड़ा
मेरे आँगन में
रोप गए थे
अब उसमें
मुहब्बत के बीज
उगने लगे हैं
शायद अबके
नागफनी खिल उठे .......!!


(२)

आज
न जाने क्या बात हुई
छितरे बादल
आवारा टुकड़ियों में
चाँद से
अटखेलियाँ करते रहे
मैंने रोशनदान से झाँका
रात भी करवट बदल
सोने का बहाना
कर रही थी ......!!


(३)

आज ये
दोपहर की
लम्बी सांसें
न जाने क्यों
उम्मीद के धागे
बुनने लगीं है
रब्बा....!
वह लाल दुपट्टा आज भी कहीं
मेरे पास पड़ा है ....!!

वह तेरा ही नाम था जो गिर गया था हाथों से

आज फ़िर
रात के साये बहुत गहरे हैं
मन की तहों में छिपी
बेपनाह मोहब्बत ....
अपने आप को क़त्ल करती
खामोश हो गई है....

आँखें ....
एक गहरी साँस लेती हैं
इक खामोश आवाज़
कट कर गिरती है
पंखे से.....

रब्बा....!
मैं तुलसी के नीचे
जलते दीये सी पाक़
कितनी खोखली हो गई हूँ आज
कि अब ....
इन बनते- बिगड़ते लफ़्जों में
अपने ही जन्म का पल
बेमानी लगने लगा है ...

आह....!
न जाने क्यों यह परिंदा
रोता है रातों में ....
कहीं यह भी किसी वहशतजदा
रूह का कज़्फ़1 तो नहीं ....?

सामने कागज़ पर
मेरा कटा बाजू पड़ा है
और वहशत है कि क़र्ज़ख्वाह2 सी
चिखती रही सीढियों से .......

आज फ़िर शब्दों ने
अपने आप को
क़त्ल किया है ....
कुछ सच्चाइयां नग्न खडी थीं
पर वहशत ने यूँ परदा डाला
के बदन ....
हैरत की गठरी बन गया ...

ज़ज्बात ...
भीगते रहे बूंदों में
वजूद मिट्टी के बर्तन सा
तिड़कता गया
बस .....
दर्द मुस्काता रहा आंखों में
तसल्ली देता रहा
देख कलाइयों को
जहाँ लहू का एक कतरा
अपना तवाजुन3
खो बैठा था ....

वह तुम्हीं तो थे
जो दर्द में भी
तहजीब सिखलाते रहे थे जीने की
पर खुदा से दुआ मांगते वक्त
वह तेरा नाम ही था
जो गिर गया था
हाथों से ....!!!


1 कज़्फ़ - दुराचार का आरोप लगाना
2 कर्जख्वाह -ऋण इच्छुक
3 तवाजुन -संतुलन

वजूद तलाशती औरत .....

शीशे की दीवारों में कैद
इक मछली
धीरे-धीरे तलाशती है
अपना वजूद
उसके वजूद के बुलबुले
ऊपर उठते हैं
और ऊपर उठकर
दम तोड़ देते हैं


जानी -पहचानी
ये मछली मुझे
हर औरत के चेहरे में
नजर आती
रेगिस्तान में
मृग -मरीचिका सी
भागती-फिरती
नंगी- गीलीं
परछाइयों के बीच
अपने वजूद को तलाशती
सुनहरी,रुपहली
सुंदर मछली ....


एक्वेरियम में
बिछाई गई बजरी
समुंदरी पेड़ - पौधे
लाल,भूरे रंग के
छोटे-बड़े पत्थरों के बीच
गीले सवालों में खड़ी
अपने अस्तित्व को तलाशती
जूते की गिरफ्त में कराहती
किसी तड़पती कोख में
दम तोड़ती
हवा के बंद टुकड़े सी
कमरे में सिसकती
बाज़ारों में अपना
जिस्म नुचवाती
हँसी की कब्र में
उतर जाती है
किसी बिलबिलाते
चेहरे का
निवाला बनने .....


वह नहीं बन पाती
सीता-सावित्री
वह बनती है
खजुराहो की मैथुन मूर्ति
शीशे की दीवारों में कैद
वह आज भी
कटघरे में खड़ी है
न्याय के लिए ...


आज के कवियों की
कविता की तरह
संभोग की पृष्ठभूमि पर टंगी
वह अपना वजूद तलाशती है
शिखर पर पहुँचने का वजूद
स्त्री होने का वजूद
जी भर .......
साँस ले पाने का वजूद.....

वक़्त की नफासत.....

बरसों पहले
जीवन मर्यादाएं
धूसर धुन्धल चित्र लिए
हस्तरेखाओं की तंग घाटियों में
हिचकोले खाती रहीं.....

ऊबड़-खाबड़
बीहड़ों में भटकती
गहरी निस्सारता लेकर
कैद में छटपटाती
आंखों में कातरता
भय और बेबसी की
अवांछित भीड़ लिए
इक तारीकी पूरे वजूद में
उतरती रही ......

वक्त नफ़ासत पूर्ण तरीके से
सीढ़ियों पर बैठा
तस्वीर बनाता रहा ...

तारों को
छू पाने की कोशिश में
न जाने कितने लंबे समय
और संघर्षों से
गुजर जाना पड़ा .....

आज मैंने
अंधियारों को चीरकर
चाँद से बातें करना
सीख लिया है
रातों को आती है चाँदनी
दूर पुरनूर वादियों की
गहरी तलहटी से
दिखलाती है मुझे
शिलाओं का नृत्य करना
उच्छवासों से पर्वतों का थिरकना
समुंदरी लहरों के बीच
सीपी में बैठी एक बूंद का
मोती बन जाना
उड़ते हुए पन्ने में
किसी नज़्म का
चुपचाप आकर
मेरी गोद में
गिर जाना

आज जब
दूर दरख्तों से
छनकर आती धूप
थपथपाती है पीठ मेरी
धैर्य सहलाता है घाव
हवाएं शंखनाद करतीं हैं
तब मैं ....
वे तमाम तपते हर्फ़
तुम्हारी हथेली पे रख
पूछती हूँ
उन सारे सवालों के
जवाब ...........!!

रब्बा! यह कैसा सच है तेरा.....

रब्बा !
यह कैसा इंसाफ है तेरा
आज जब एक सतायी हुई औरत
मुर्दा आंखों में
अन्तिम सांसें ले रही थी
तब भी तुम वहीं
ख़ामोश खड़े थे
उसकी देह की निचुड़ी दीवारें
अपने अन्दर
दफ़्न कर ले गईं थीं
वे सारे सवालात
जो अब मेरे सीने में
धधक रहे हैं

जानती हूँ ;
धीरे-धीरे कैसे टूटी थी वो
कई बार जब हम मिलते
मैं पूछती : "...कैसी हो तुम ? "
वह हंस देती "....जैसी तुम हो ! "
हम दोनों मुस्कुरा जातीं


मुखालिफ़* स्थितियों से लड़ना
परिस्थितियों से समझौता करना
जिसमें न जाने कितनी बार
धराशायी होकर गिरी थी वह
क्रूर झोंका जब भ्रम तोड़ता
उसकी किरचें
संभाले नहीं संभलती
हर क्षण उसके अन्दर
जैसे कुछ दरक जाता


ज़िन्दगी के
कितने ही पैने रूप
देखे थे उसने
नित छलनी कर देने वाली
भाषा के सलीबों पे चढ़ती
बड़ी बड़ी इमारतों सी
ढह जाती


रात भर

करवटें बदलती
पीड़ा से कराहती
आंखों में उगी वितृष्णा
रिक्तता , अकेलापन
उसे भीतर तक
खोखला कर जाता
एक गहरी अकूबत
सीने में भरभरा उठती


और इक दिन
हथियार डाल दिए थे उसने
उसने नहीं देह ने
कभी ज्वर
कभी थकावट
कभी सर दर्द
कभी उल्टी
कभी.......!
वह तिल- तिल कर
मिटने लगी


और फ़िर
एक दिन पता चला
उसे कैंसर है
ब्रेन कैंसर
वह भी अन्तिम स्टेज पर
वह खुश थी
बेहद खुश
उसकी उखड़ी सांसों में
इक सुकून सा घुल गया था


रब्बा !
औरत को दर्द देते वक्त
लोहे सी शक्ति
और फौलाद सा
दिल भी दिया कर
नहीं तो वह यूँ ही मग्लूब* हो
समिधा बन महाकुंड में
धुआं-धुआं सी
ज़बह होती रहेगीं ......!!

रखा चूम कर फूल तेरे कदमों पे.....

ऊँची सफ़ेद बर्फीली पहाडियां
धरती के स्वर्ग कश्मीर की वादियाँ
आज हैं रक्त-रंजित
तोपों के धमाकों से
थर्रा रही.....
खौफ़ और आग का धुंआ बना
इक कहानी तवारिख की ....

दुल्हन की तरह सजे शिकारे
सैलानियों को लेकर
जो डल झील थी इतराती
आज पत्ती-पत्ती, हर शाख़
है खौफज़दा .....
जो सरज़मीं कश्मीर की
जन्नत की तस्वीर थी
है वहाँ सन्नाटा
महक है चरों तरफ़
बारूद की .......

मौन, निशब्द
शालीमार और गुलमर्ग
दर्द से कराहते
कह रहे हैं दास्तां
सैकड़ों मारे गए बेगुनाह
वतन परस्तों की ....

मेरी दुआ
तेरे रख्शे करम
अए वीर जवानों
मेरे हिस्से की चंद खुशियाँ भी
तुझे मयस्सर
रखा चूम कर फूल
तेरे क़दमों पे
भुला न पाएंगे शहादत
तेरी जवानी की ......!!!!

यह कैसी आजा़दी है?

अभी-अभी बम के धमाको़ से
चीख़ उठा है शहर
बच्‍चे, बूढे,जवान
खून से लथपथ
अनगिनत लाशों का ढेर
इस हृदय वारदात की
कहानी कह रहा है

ओह!
यह कैसी आजा़दी है
जो घोल रही है
मेरे और तुम्‍हारे बीच
खौ़फ, आग और विष का धुआँ?
हमारे होठों पे थिरकती हंसी को
समेटकर
दुबक गई है
किसी देशद्रोही की जेब में

और हम
चुपचाप देख रहे हैं
अपने सपनों को
अपने महलों को
अपनी आकांक्षाओं को
बारूद में जलकर
राख़ में बदलते हुए

मोहब्बत का निग़ार है नज़्म.....

मानो तो ख़ुदा की इबादत का साज़ है नज़्म
बेबस खामोशी की आवाज है नज़्म

किसी कब्र में सिसकती मोहब्बत की निगार[1] है नज़्म
आशिकों की रूह से निकली पुकार है नज़्म

हवाओं का भी रुख मोड़ दे वो तूफ़ान है नज़्म
दिल में छुपे दर्द की ज़ुबान है नज़्म

बेंध दे सीना पत्थरों का वो औज़ार है नज़्म
शायर और आशिकों की मज़ार है नज़्म

चट्टानों पर लिखा इश्क का पैगाम है नज़्म
न भूले सदियों तक 'हकीर' वो इलहाम[2] है नज़्म

शब्दार्थ:

↑ प्रतिमा, मूर्ति
↑ देववाणी

मैं तेरा दीवाना हूँ .....

(1)

तोहफ़ा

रात आसमां कुछ सितारे

झोली में भर कर ले आया

मैंने कहा ......

मेरा सितारा तो मेरे पास है

वह बोला ......

पर वो तुझे रौशनी नहीं देता

ये तुझे रौशनी भी देंगे ,

और रास्ता भी ....

मैंने पूछा कौन हैं ये ....?

तेरी नज्मों के दीवाने

वो मुस्कुराया ......!!

(२)

साथी

कुछ लफ्ज़ कमरे में

इधर-उधर बिखरे पड़े थे

मैंने छूकर देखा ....

सभी दम तोड़ चुके थे

सिर्फ़ एक लफ्ज़ जिंदा था

मैंने उसे पलट कर देखा

वह ' दर्द ' था .....

मैंने उसे उठाया

और सीने से लगा लिया .....!!

(३)

दर्द का शिकवा

वह इक कोने में बैठा

सिसक रहा था ....

मैंने पूछा .....

' क्यों रो रहे हो साथी ....? '

वह बोला ......

वे तुम्हें मुझसे

छीन लेना चाहते हैं .....!!

(४)

दीवाना

वह झुक कर

धीमें से बोला .....

मैं तेरा दीवाना हूँ ' हक़ीर '

और मेरे लबों को चूम लिया

मैंने पलकें खोलीं तो देखा

वह दर्द था .......!!!

बोलते पत्थर,चार कविताएँ.....

(१)

बोलते पत्थर ........

जब कभी छूती हूँ मैं

इन बेजां पत्थरों को

बोलने लगते हैं

ज़िन्दगी की अदालत में

थके- हारे ये पत्थर

भयग्रसित

मेरी पनाह में आकर

टूटते चले गए

बोले......

कभी धर्म के नाम पर

कभी जातीयता के नाम पर

कभी प्रांतीयता के नाम पर

कभी ज़र,जोरू, जमीन के नाम पर

हम ..............

सैंकडों चीखें अपने भीतर

दबाये बैठे हैं ........!!

(२)

मन्दिर मस्जिद विवाद ....

वह ....

कुछ कहना चाह रहा था

मैंने झुक कर

उसकी आवाज़ सुनी

वह कराहते हुए धीमें से बोला......

मैं तो बरसों से चुपचाप

इन दीवारों का बोझ

अपने कन्धों पर

ढो रहा था

फ़िर......

मुझे क्यों तोड़ा गया ....?

मैंने एक ठंडी आह भरी

और बोली, मित्र .......

अब तेरे नाम के साथ

इक और नाम जुड़ गया था

'मन्दिर' होने का नाम ......!!

(३)

भ्रूण हत्या ......

मन्दिर में आसन्न भगवान से

मैंने पूछा .......

तुम तो पत्थर के हो ....

फ़िर तुम्हें किस बात गम ....?

तुम क्यों यूँ मौन बैठे हो......??

वह बोला .......

जहां मैं बसता हूँ

उन कोखों में नित

न जाने कितनी बार

कत्ल किया जाता हूँ मैं .....!!

(४)

आतंक के बाद ......

सड़क के बीचो- बीच

पड़े कुछ पत्थरों ने ...

मुझे हाथ के इशारे से रोका

और कराहते हुए बोले.....

हमें जरा किनारे तक छोड़ दो मित्र

मैंने देखा .....

उनके माथे से

खून रिस रहा था

मैंने पूछा ....

'तुम्हारी ये हालत....?'

वे आह भर कर बोले .....

तुम इंसानों के किए गुनाह ही

इन माथों से बहते हैं .....!!

बेजुबां हैं क्‍यूँ लोग यहाँ......

फिजां में उठ रही लपट सी क्‍यों है
ये भगदड़ सी क्‍यों शहर में मची है
ये ताज क्‍यूँ जला आज आग में
यहाँ इंसानियत क्‍यों दिलों में मरी है.....

ये किसकी साजि़श है जो सड़कों पे
खामोशी सी यूँ , पसरी पडी़ है
लगी हैं क्‍यूँ , कतारों में लाशें
ये खूँ की होली फिर क्‍यों जली है.....

ये शहर, ये गलियाँ, ये सड़कें,ये मकां
बेजूबां हैं क्‍यूँ , लोग यहाँ
पूछता नहीं क्‍यूँ कोई किसी से
ये किसकी अरथी कांधों पे उठी है.....

आदमी ही आदमी का दुश्‍मन बना क्‍यों
बीच चौराहे पे क्‍यूँ ये गोली चली है
रात मेरी तो कट जायेगी हकी़र सजदे में
पर तेरे घर की खिड़की भी तो खुली है......!?!

प्रत्‍युत्तर

हाँ;
मैं चाहती हूँ
सारे आसमां को
आलिंगन में
भर लूँ...

हाँ;
मैं चाहती हूँ
चंद खुशियाँ
कुछ दिन और
समेट लूँ...

पर;
मेरे आसमां में
न कोई तारा है
न आफ़ताब...

वह तो रिक्‍त है
शुन्‍य सा
भ्रम है
क्षितिज सा...

मेरी कल्‍पनाओं का
कोई इमरोज नहीं
न ही कोई अन्‍य
चित्रकार...

कसूर
धड़कनों का नहीं
कसूर नजरों का था
कुछ तुम्‍हारी
कुछ मेरी...

इन बेवजह
धड़कती धड़कनों को
समेटना तो मुझे
बखूबी आता है...

बरसों से
मदिरा के प्‍यालों में
डूबो-डूबो कर
इन्‍हें ही तो
पीती आई हूँ...

हाँ;
इतना तो सच है
आज तुम्‍हारे ही लिए
मैंने इन शब्‍दों
को बाँधा है...

किसी
उपनाम से ही सही
तुम्‍हारे प्रत्‍युत्तरों को
ढूंढा करूँगी मैं
इन्‍हीं पन्‍नों में...

ताकि
उत्तर-प्रत्‍युत्तर के
इन्‍हीं सिलसिलों में
किन्‍हीं और शब्‍दों को
बाँध पाऊँ...

पत्‍थर होता इंसान

दर्द के इस शहर में
जल रहा चिराग बेखबर है
कोहरे सी नज्‍म् है औ,
शब्‍द तार तार है

एक बूँद पीठ सेंककर
धुआँ-धुआँ सी उड चली
वक्‍त की मुरदा उम्‍मीदें
पर चाहतें बेशुमार हैं

प्रेम,स्‍नेह,नीर पत्‍तियाँ
रौंदकर सब बढे जा रहे हैं
लोहे की साँकलों के अंदर
दस्‍तक धडकनों की बेकार है

घर,बाग,ठूँठ से जंगल
सर्द-शुष्‍क बियाबान से हैं खडे
सँघर्षो की इस आग में
पत्‍थर हुए इँसान हैं

नज़्में.....

१)

ज़िन्दगी इक ज़हर थी

जिसमें खुद को घोलकर

इन नज्मों ने

हर रोज़ पिया है

जिसका रंग

जिसका स्वाद

इसके अक्षरों में

सुलगता है

(२)

ज़ख्मों पर

उभर आए थे कुछ खुरंड

जिन्हें ये हर रोज़

एक-एक कर

उतारती हैं

(३)

इक हँसी

जो बरसों से कैद थी

ताबूत के अन्दर

उसका ये मांगती हैं

मुआवजा

(४)

कटघरे में खड़ी हैं

कई सवालों के साथ

के बरसों से सीने में दबी

मोहब्बत ने

खुदकशी क्यों की ....??

(५)

कुछ फूल थे गजरे के

जो आँधियों से बिखर गए थे

उन्हें ये हर रोज़

एक-एक कर चुनती हैं

(६)

शाख़ से झड़े हुए पत्तों का

शदीद दर्द है

जो वक्त- बे -वक्त

मुस्कुरा उठता है

चोट खाकर

( शदीद -तेज )

(७)

उन कहकहों का उबाल हैं

जो चीखें नंगे पाँव दौड़ी हैं

कब्रों की ओर

(८)

इक वहशत जो

बर्दाश्त से परे थी

इन लफ्ज़ों में

घूंघट काढे बैठी है

(९)

खामोशी का लफ्ज़ हैं

जो चुपके-चुपके

बहाते हैं आंसू

ख्वाहिशों का

कफ़न ओढे

१०)

जब-जब कैद में

कुछ लफ्ज़ फड़फड़ाते हैं

कुछ कतरे लहू के

सफहों पर

टपक उठते हैं

(११)

ये नज्में .....

उम्मीद हैं ....

दास्तां हैं ....

दर्द हैं .....

हँसी हैं ....

सज़दा हैं .....

दीन हैं .....

मज़हब हैं ....

ईमान हैं ....

खुदा .....

और ....

मोहब्बत का जाम भी हैं ....!!

रात जुगनुओं ने इश्क का जाम भरा.....

रात जुगनुओं ने इश्क़ का जाम भरा
तारे सेहरा बांधे दुल्हे से सजने लगे
सबा का इक झोंका उड़ा ले गया चुपके से
चाँदनी सपनों की पालकी में जा बैठी !


शब ने मदहोशी का आलम बुना
आसमां नीली चादर बिछाने लगा
मुहब्बत का मींह बरसाया बादलों ने
चाँद आशिकी का गीत गाने लगा !


हुश्न औ' इश्क नशेमंद आँखों में
प्रीत की कब्रों में सजते रहे
कभी चिनवाये गए जिंदा दीवारों में
कभी चनाब के पानी में बहते रहे !

धुआँ धुआँ है आसमाँ.....

लुटी-लुटी हैं सरहदें

धुआं - धुआं है आसमां

डरी - डरी हैं बस्तियां

डरा-डरा सा है समां


फूल दीखते नहीं किसी शजर पे

ज़ख्म उगे हैं हर शाख़ पे

ये कैसी जमीं है जहां

उगती हैं फसल के बदले गोलियाँ

डरी-डरी है .............


सहमी-सहमी सी है सबा

चाँद का भी रंग उड़ा

ये कौन लिए जा रहा है

मेरे शहर की रौशनियाँ

डरी- डरी हैं...........


धमकी , धमाके , लूट ,कत्ल ,अपहरण

है चारो ओर अम्नो-चैन की बर्बादियाँ

बेखौफ फिरते हैं आतताई लिए हाथों में खंजर

है मेरे हाथों में खूं से सनी रोटियाँ

डरी-डरी हैं.............


ज़र , ज़मीं , मज़हब, सिहासत , मस्लहत

इन मजहबों के झगड़े में

खुदा भी हुआ है लहू-लुहाँ

बता मैं कैसे मनाऊँ

ज़श्ने-आज़ादी ऐ 'हक़ीर '

रोता है दिल देख ...

उन लुटे घरों की तन्हाईयाँ

डरी- डरी हैं ............

लुटी-लुटी हैं ............!!!

दुहाई है! ऐ जिस्‍म से खेलने वाले इंसानों...

अभी तो ताज़ा थे ज़ख्‍म
पिछले वर्ष के
जब इन्‍हीं सडकों पर निर्वस्‍त्र
घसीटी गई थी
घर की लाज

और आज
ठीक एक वर्ष बाद
एक और गहरा जख्‍म...?

एक के बाद एक
छ: मिनट में छ: धमाके
ओह! इतनी दरिंदगी...?
इतनी निर्दयता...?

रक्‍तरंजित सड़कों पर
बिखरी पडी़ हैं लाशें
क्षत-विक्षत अंगों का बाजार लगा है
क्रोध,आक्रोश, धुआँ,बारूद, आगज़नी
चारो ओर कैसा ये सामान सजा है...?

आह..! मन आहत है भीतर तक
क्‍यों मर गई हैं हमारी संवेदनाएं...?
क्‍यों मर गई है हमारी मानवता...?

मुझे माफ करना
ऐ दर्द में कराहते इंसानों
मुझे माफ करना
अय बारूद में जलकर तड़पते इंसानो
मैं शर्मींदा हूँ
क्‍यों मैंने मानव रुप में जन्‍म लिया
मैं शर्मींदा हूँ
क्‍यों मैंने इस धरती पर जन्‍म लिया...

दुहाई है!
ऐ मानव जिस्‍म़ से खेलने वाले इंसानो...!
दुहाई है
ऐ रब की बनाई दुनियाँ में
आग लगाने वाले इंसानो...!
दुहाई है तुम्‍हें
उन मासूम सिसकियों की
दुहाई है तुम्‍हें
उन मासूम आहों की...
जो आज तुम्‍हारी वजह से
यतीम कहलाये जा रहे हैं...

दर्द के टुकड़े

फेंके हुए लफ्‍़ज
धूप की चुन्‍नी ओढे़
अपने हिस्‍से का
जाम पीते रहे
सूरज खींचता रहा
लकीरें देह पर
मन की गीली मिट्‌टी में
कहीं चूडि़याँ सी टूटीं
और दर्द के टुकडे़
बर्फ हो गए.

दर्द की दवा........

तमाम रात मैं
अधमुंदी आंखों से
तारों की लौ में
टूटे शब्दों पर टंगी
अपनी नज़म
ढूंढती रही .....

मुस्कानों का खून कर
ज़िन्दगी भी जैसे
चलते - चलते
ख़ुद अपने ही कन्धों पर
सर रख
रो लेना चाहती है ....

मैंने
रात के आगोश में डूबते
सूरज से पुछा
चाँद तारों से पुछा
अंगडाई लेती
बहारों से पुछा
सभी ने
अंधेरे में रिस्ते
मेरे ज़ख्मों को
और कुरेदना चाहा ....

मैंने अधमुंदी पलकें
खोल दीं
गर्द का गुब्बार
झाड़ दिया
और अपनी
बिखरी नज्मों को
समेटकर
सीने से लगा लिया ....

यही तो है
मेरे दर्द की दवा
मैंने उन्हें चूमा
और अपने जिस्म का
सारा सुलगता लावा
उसमें भर दिया ....!!