रात आधी से ज्यादा गई थी, सारा आलम सोता था
नाम तेरा ले ले कर कोई दर्द का मारा रोता था
चारागरों, ये तस्कीं कैसी, मैं भी हूं इस दुनिया में
उनको ऐसा दर्द कब उठा, जिनको बचाना होता था
कुछ का कुछ कह जाता था मैं फ़ुरकत की बेताबी में
सुनने वाले हंस पडते थे होश मुझे तब आता था
तारे अक्सर डूब चले थे, रात को रोने वालों को
आने लगी थी नींद सी कुछ, दुनिया में सवेरा होता था
तर्के-मोहब्बत करने वालों, कौन ऐसा जग जीत लिया
इश्क के पहले के दिन सोचो, कौन बडा सुख होता था
उसके आंसू किसने देखे, उसकी आंहे किसने सुनी
चमन चमन था हुस्न भी लेकिन दरिया दरिया रोता था
पिछला पहर था हिज़्र की शब का, जागता रब, सोता इन्सान
तारों कि छांव में कोई ’फ़िराक’ सा मोती पिरोता था
चारागर=हकीम, तस्कीन=तसल्ली, फ़ुरकत=जुदाई
तर्के-मोहब्बत=मोहब्बत का खात्मा
शनिवार, मई 02, 2009
रात आधी से ज्यादा गई थी, सारा आलम सोता था
रस में डूब हुआ लहराता बदन क्या कहना
रस में डूब हुआ लहराता बदन क्या कहना
करवटें लेती हुई सुबह-ए-चमन क्या कहना
बाग़-ए-जन्नत में घटा जैसे बरस के खुल जाये
सोंधी सोंधी तेरी ख़ुश्बू-ए-बदन क्या कहना
जैसे लहराये कोई शोला कमर की ये लचक
सर ब-सर आतिश-ए-सय्याल बदन क्या कहना
क़ामत-ए-नाज़ लचकती हुई इक क़ौस-ओ-ए-क़ज़ाह
ज़ुल्फ़-ए-शब रंग का छया हुआ गहन क्या कहना
जिस तरह जल्वा-ए-फ़िर्दौस हवाओं से छीने
पैराहन में तेरे रंगीनी-ए-तन क्या कहना
जल्वा-ओ-पर्दा का ये रंग दम-ए-नज़्ज़ारा
जिस तरह अध-खुले घुँघट में दुल्हन क्या कहना
जगमगाहट ये जबीं की है के पौ फटती है
मुस्कुराहट है तेरी सुबह-ए-चमन क्या कहना
ज़ुल्फ़-ए-शबगूँ की चमक पैकर-ए-सीमें की दमक
दीप माला है सर-ए-गंग-ओ-जमन क्या कहना
ये माना ज़िन्दगी है चार दिन की
ये माना ज़िन्दगी है चार दिन की
बहुत होते हैं यारों चार दिन भी
खुदा को पा गया वाईज़, मगर है
जरुरत आदमी को आदमी की
मिला हूं मुस्कुरा कर उस से हर बार
मगर आंखों में भी थी कुछ नमी सी
मोहब्बत में कहें क्या हाल दिल का
खुशी ही काम आती है ना गम ही
भरी महफ़िल में हर इक से बचा कर
तेरी आंखों ने मुझसे बात कर ली
लडकपन की अदा है जानलेवा
गजब की छोकरी है हाथ भर की
रकीब-ए-गमजदा अब सब्र कर ले
कभी उस से मेरी भी दोस्ती थी
ये निकहतों कि नर्म रवी, ये हवा, ये रात
ये निकहतों कि नर्म रवी, ये हवा, ये रात
याद आ रहे हैं इश्क के टूटे ता-अल्लुकात
मासूमियों की गोद में दम तोडता है इश्क
अब भी कोई बना ले तो बिगडी नहीं है बात
इक उम्र कट गई है तेरे इन्तज़ार में
ऐसे भी हैं कि कट ना सकी जिनसे एक रात
हम अहले-इन्तज़ार के आहट पे कान थे
ठन्डी हवा थी, गम था तेरा, ढल चली थी रात
हर साई-ओ-हर अमल में मोहब्बत का हाथ है
तामीर-ए-ज़िन्दगी के समझ कुछ मुहरकात
अहल-ए-रज़ा में शान-ए-बगावत भी हो ज़रा
इतनी भी ज़िन्दगी ना हो पाबंदगी-ए-रस्मियात
उठ बंदगी से मालिक-ए-तकदीर बन के देख
क्या वसवसा अज़ब का क्या काविश-ए-निज़ात
मुझको तो गम ने फ़ुर्सत-ए-गम भी ना दी फ़िराक
दे फ़ुर्सत-ए-हयात ना जैसे गम-ए-हयात
ये तो नहीं कि ग़म नहीं
ये तो नहीं कि ग़म नहीं
हाँ! मेरी आँख नम नहीं
तुम भी तो तुम नहीं हो आज
हम भी तो आज हम नहीं
अब न खुशी की है खुशी
ग़म भी अब तो ग़म नहीं
मेरी नशिस्त है ज़मीं
खुल्द नहीं इरम नहीं
क़ीमत-ए-हुस्न दो जहाँ
कोई बड़ी रक़म नहीं
लेते हैं मोल दो जहाँ
दाम नहीं दिरम नहीं
सोम-ओ-सलात से फ़िराक़
मेरे गुनाह कम नहीं
मौत अगरचे मौत है
मौत से ज़ीस्त कम नहीं
यह नर्म नर्म हवा झिलमिला रहे हैं चिराग़
यह नर्म नर्म हवा झिलमिला रहे हैं चिराग़
तेरे ख़्याल की खुश्बू से बस रहे हैं दिमाग़
दिलों को तेरे तबस्सुम की याद यूं आई
की जगमगा उठें जिस तरह मंदिरों में चिराग
तमाम शोला-ए-गुल है तमाम मौज-ए-बहार
कि ता-हद-ए-निगाह-ए-शौक़ लहलहाते हैं बाग़
‘नई ज़मीं, नया आस्मां, नई दुनिया’
सुना तो है कि मोहब्बत को इन दिनों है फ़राग
दिलों में दाग़-ए-मोहब्बत का अब यह आलम है
कि जैसे नींद में दूबे होन पिछली रात चिराग़
फिराक़ बज़्म-ए-चिरागां है महफ़िल-ए-रिन्दां
सजे हैं पिघली हुई आग से छलकते अयाग़
मौत इक गीत रात गाती थी
मौत इक गीत रात गाती थी
ज़िन्दगी झूम झूम जाती थी
कभी दीवाने रो भी पडते थे
कभी तेरी भी याद आती थी
किसके मातम में चांद तारों से
रात बज़्मे-अज़ा सजाती थी
रोते जाते थे तेरे हिज़्र नसीब
रात फ़ुरकत की ढलती जाती थी
खोई खोई सी रहती थी वो आंख
दिल का हर भेद पा भी जाती थी
ज़िक्र था रंग-ओ-बू का और दिल में
तेरी तस्वीर उतरती जाती थी
हुस्न में थी इन आंसूओं की चमक
ज़िन्दगी जिनमें मुस्कुराती थी
दर्द-ए-हस्ती चमक उठा जिसमें
वो हम अहले-वफ़ा की छाती थी
तेरे उन आंसूओं की याद आयी
ज़िन्दगी जिनमें मुस्कुराती थी
था सूकूते-फ़ज़ा तरन्नुम रेज़
बू-ए-गेसू-ए-यार गाती थी
गमे-जानां हो या गमें-दौरां
लौ सी कुछ दिल में झिलमिलाती थी
ज़िन्दगी को वफ़ा की राहों में
मौत खुद रोशनी दिखाती थी
बात क्या थी कि देखते ही तुझे
उल्फ़ते-ज़ीस्त भूल जाती थी
थे ना अफ़लाके-गोश बर-आवाज
बेखुदी दास्तां सुनाती थी
करवटें ले उफ़क पे जैसे सुबह
कोई दोसीज़ा रस-मसाती थी
ज़िन्दगी ज़िन्दगी को वक्ते-सफ़र
कारवां कारवां छुपाती थी
सामने तेरे जैसे कोई बात
याद आ आ के भूल जाती थी
वो तेरा गम हो या गमे-दुनिया
शमा सी दिल में झिलमिलाती थी
गम की वो दास्ताने-नीम-शबी
आसमानों की नीन्द आती थी
मौत भी गोश भर सदा थी फ़िराक
ज़िन्दगी कोई गीत गाती थी
मुझको मारा है हर इक दर्द-ओ-दवा से पहले
मुझको मारा है हर इक दर्द-ओ-दवा से पहले
दी सज़ा इश्क ने हर ज़ुर्म-ओ-खता से पहले
आतिश-ए-इश्क भडकती है हवा से पहले
होंठ जलते हैं मोहब्बत में दुआ से पहले
अब कमी क्या है तेरे बेसर-ओ-सामानों को
कुछ ना था तेरी कसम तर्क-ओ-फ़ना से पहले
इश्क-ए-बेबाक को दावे थे बहुत खलवत में
खो दिया सारा भरम, शर्म-ओ-हया से पहले
मौत के नाम से डरते थे हम ऐ शौक-ए-हयात
तूने तो मार ही डाला था, कज़ा से पहले
हम उन्हे पा कर फ़िराक, कुछ और भी खोये गये
ये तकल्लुफ़ तो ना थे अहद-ए-वफ़ा से पहले
बहुत पहले से उन क़दमों की आहट जान लेते हैं
बहुत पहले से उन क़दमों की आहट जान लेते हैं
तुझे ए ज़िन्दगी, हम दूर से पहचान लेते हैं
मेरी नजरें भी ऐसे कातिलों का जान ओ ईमान हैं
निगाहे मिलते ही जो जान और ईमान लेते हैं
तबियत अपनी घबराती है जब सुनसान रातों में
हम ऐसे में तेरी यादों के चादर तान लेते हैं
खुद अपना फ़ैसला भी इश्क में काफ़ी नहीं होता
उसे भी कैसे कर गुजरें जो दिल में ठान लेते हैं
जिसे सूरत बताते हैं, पता देती है सीरत का
इबारत देख कर जिस तरह मानी जान लेते हैं
तुझे घाटा ना होने देंगे कारोबार-ए-उल्फ़त में
हम अपने सर तेरा ऎ दोस्त हर नुक़सान लेते हैं
रफ़ीक़-ए-ज़िन्दगी थी अब अनीस-ए-वक़्त-ए-आखिर है
तेरा ऎ मौत! हम ये दूसरा एअहसान लेते हैं
हमारी हर नजर तुझसे नयी सौगन्ध खाती है
तो तेरी हर नजर से हम नया पैगाम लेते हैं
ज़माना वारदात-ए-क़्ल्ब सुनने को तरसता है
इसी से तो सर आँखों पर मेरा दीवान लेते हैं
'फ़िराक' अक्सर बदल कर भेस मिलता है कोई काफ़िर
कभी हम जान लेते हैं कभी पहचान लेते हैं
निगाहें नाज़ ने पर्दे उठाए हैं क्या-क्या ।
निगाहें नाज़ ने पर्दे उठाए हैं क्या-क्या ।
हिजाब अहले मुहब्बत को आए हैं क्या-क्या ।।
जहाँ में थी बस इक अफ़वाह तेरे जलवों की,
चराग़े दैरो-हरम झिलमिलाए है क्या-क्या ।
कहीं चराग़, कहीं गुल, कहीं दिल बरबाद,
ख़ेरामें नाज़ ने कितने उठाए हैं क्या-क्या ।
पयामें हुस्न, पयामे जुनूँ, पयामें फ़ना,
तेरी निगाह ने फसाने सुनाए हैं क्या-क्या ।
‘फिराक़’ राहे वफ़ा में सबक रवी तेरी,
बड़े बड़ों के क़दम डगमगाए हैं क्या-क्या ।
न जाने अश्क से आँखों में क्यों है आये हुए
न जाने अश्क से आँखों में क्यों है आये हुए
गुज़र गया ज़माना तुझे भुलाये हुए
जो मन्ज़िलें हैं तो बस रहरवान-ए-इश्क़ की हैं
वो साँस उखड़ी हुई पाँव डगमगाये हुए
न रहज़नों से रुके रास्ते मोहब्बत के
वो काफ़िले नज़र आये लुटे लुटाये हुए
अब इस के बाद मुझे कुछ ख़बर नहीं उन की
ग़म आशना हुए अपने हुए पराये हुए
ये इज़्तिराब सा क्या है कि मुद्दतें गुज़री
तुझे भुलाये हुए तेरी याद आये हुए
ना जाना आज तक क्या शै खुशी है
ना जाना आज तक क्या शै खुशी है
हमारी ज़िन्दगी भी ज़िन्दगी है
तेरे गम से शिकायत सी रही है
मुझे सचमुच बडी शर्मिन्दगी है
मोहब्बत में कभी सोचा है यूं भी
कि तुझसे दोस्ती या दुश्मनी है
कोई दम का हूं मेहमां, मुंह ना फ़ेरो
अभी आंखों में कुछ कुछ रोशनी है
ज़माना ज़ुल्म मुझ पर कर रहा है
तुम ऐसा कर सको तो बात भी है
झलक मासूमियों में शोखियों की
बहुत रंगीन तेरी सादगी है
इसे सुन लो, सबब इसका ना पूछो
मुझे तुम से मोहब्बत हो गई है
सुना है इक नगर है आंसूओं का
उसी का दूसरा नाम आंख भी है
वही तेरी मोहब्बत की कहानी
जो कुछ भूली हुई, कुछ याद भी है
तुम्हारा ज़िक्र आया इत्तिफ़ाकन
ना बिगडो बात पर, बात आ गई है
देखते देखते उतर भी गये
देखते देखते उतर भी गये
उन के तीर अपना काम कर भी गये
हुस्न पर भी कुछ आ गये इलज़ाम
गो बहुत अहल-ए-दिल के सर भी गये
यूँ भी कुछ इश्क नेक नाम ना था
लोग बदनाम उसको कर भी गये
कुछ परेशान से थे भी अहल-ए-जुनूंन
गेसु-ए-यार कुछ बिखर भी गए
आज उन्हें मेहरबान सा पाकर
खुश हुए और जी में डर भी गए
इश्क में रूठ कर दो आलम से
लाख आलम मिले जिधर भी गये
हूँ अभी गोश पुर सदा और वो
ज़ेर-ए-लब कह के कुछ मुकर भी गये
थरथरी सी है आसमानों में
थरथरी सी है आसमानों में
जोर कुछ तो है नातवानों में
कितना खामोश है जहां लेकिन
इक सदा आ रही है कानों में
कोई सोचे तो फ़र्क कितना है
हुस्न और इश्क के फ़सानों में
मौत के भी उडे हैं अक्सर होश
ज़िन्दगी के शराबखानों में
जिन की तामीर इश्क करता है
कौन रहता है उन मकानों में
इन्ही तिनकों में देख ऐ बुलबुल
बिजलियां भी हैं आशियानों में
नातवान = कमजोर
जब नज़र आप की हो गई है
जब नजर आप की हो गई है
ज़िन्दगी, ज़िन्दगी हो गई है
बारहा बर-खिलाफ़-ए-हर-उम्मीद
दोस्ती, दुश्मनी हो गई है
है वो तकमील पुरकारियों की
जो मेरी सादगी हो गई है
तेरी हर पुरशिश-ओ-मेहरबानी
अब मेरी बेकसी हो गई है
भूल बैठा है तू कह के जो बात
वो मेरी ज़िन्दगी हो गई है
बज़्म में आंख उठाने की तक्सीर
ऐ फ़िराक, आज भी हो गई है
छलक के कम न हो ऐसी कोई शराब नहीं
छ्लक के कम ना हो ऐसी कोई शराब नहीं
निगाहे नरगिसे राना, तेरा जवाब नहीं
ज़मीं जाग रही है कि इन्कलाब है कल
वो रात है कि कोई ज़र्रा भी महवे ख्वाब नहीं
ज़मीं उसकी, फ़लक उसका, कायनात उसकी
कुछ ऐसा इश्क तेरा खानमा खराब नहीं
जो तेरे दर्द से महरूम है यहां उनको
गमे ज़हां भी सुना है कि दस्तयाब नहीं
अभी कुछ और हो इन्सान का लहू पानी
अभी हयात के चेहरे पे आबो-ताब नहीं
दिखा तो देती है बेहतर हयात के सपने
खराब हो के भी ये ज़िन्दगी खराब नहीं
ग़ैर क्या जानिये क्यों मुझको बुरा कहते हैं
गैर क्या जानिये क्यों मुझको बुरा कहते हैं
आप कहते हैं जो ऐसा तो बज़ा कहते हैं
वाकई तेरे इस अन्दाज को क्या कहते हैं
ना वफ़ा कहते हैं जिस को ना ज़फ़ा कहते हैं
हो जिन्हे शक, वो करें और खुदाओं की तलाश
हम तो इन्सान को दुनिया का खुदा कहते हैं
तेरी सूरत नजर आई तेरी सूरत से अलग
हुस्न को अहल-ए-नजर हुस्न नुमां कहते हैं
शिकवा-ए-हिज़्र करें भी तो करें किस दिल से
हम खुद अपने को भी अपने से जुदा कहते हैं
तेरी रूदाद-ए-सितम का है बयान नामुमकिन
फायदा क्या है मगर यूं जो जरा कहते हैं
लोग जो कुछ भी कहें तेरी सितमकोशी को
हम तो इन बातों अच्छा ना बुरा कहते हैं
औरों का तजुरबा जो कुछ हो मगर हम तो फ़िराक
तल्खी-ए-ज़ीस्त को जीने का मजा कहते हैं
क्यों तेरे ग़म-ए-हिज्र में
क्यों तेरे ग़म-ए-हिज्र में नमनाक हिं पलकें
क्योंकि याद तेरी आते ही तारे निकल आए
बरसात की इस रात में ए दोस्त तेरी याद
इक तेज़ छुरी है जो उतरती ही चली जाए
कुछ एसी भी गुज़री हैं तेरे हिज्र में रातें
दिल दर्द से ख़ाली हो मगर नींद न आए
शायर हैं फ़िराक़ आप बड़े पाए के लेकिन
रक्खा है अजब नाम के जो रास न आए
कोई नयी ज़मीं हो, नया आसमां भी हो
कोई नयी ज़मीं हो, नया आसमां भी हो
ए दिल अब उसके पास चले, वो जहां भी हो
अफ़सुर्दगी ए इश्क में सोज़ ए निहां भी हो
यानी बुझे दिलों से कुछ उठता धुंआ भी हो
इस दरजा इख्तिलात और इतनी मुगैरत
तू मेरे और अपने कभी दरमियां भी हो
हम अपने गम-गुसार ए मोहब्बत ना हो सके
तुम तो हमारे हाल पे कुछ मेहरबां भी हो
बज़्मे तस्व्वुरात में ऐ दोस्त याद आ
इस महफ़िले निशात में गम का समां भी हो
महबूब वो कि सर से कदम तक खुलूस हो
आशिक वही जो इश्क से कुछ बदगुमां भी हो
कुछ इशारे थे जिन्हें दुनिया समझ बैठे थे हम
कुछ इशारे थे जिन्हें दुनिया समझ बैठे थे हम
उस निगाह-ए-आशना को क्या समझ बैठे थे हम
रफ़्ता रफ़्ता ग़ैर अपनी ही नज़र में हो गये
वाह री ग़फ़्लत तुझे अपना समझ बैठे थे हम
होश की तौफ़ीक़ भी कब अहल-ए-दिल को हो सकी
इश्क़ में अपने को दीवाना समझ बैठे थे हम
बेनियाज़ी को तेरी पाया सरासर सोज़-ओ-दर्द
तुझ को इक दुनिया से बेगाना समझ बैठे थे हम
भूल बैठी वो निगाह-ए-नाज़ अहद-ए-दोस्ती
उस को भी अपनी तबीयत का समझ बैठे थे हम
हुस्न को इक हुस्न की समझे नहीं और ऐ 'फ़िराक़'
मेहरबाँ नामेहरबाँ क्या क्या समझ बैठे थे हम