वे जो मातम नहीं जानते
आँख है नम, नहीं जानते
कल उन्हें कौन फहराएगा
ये भी परचम नहीं जानते
वे दिमागों के मजदूर हैं
वे परिश्रम नहीं जानते
इसलिए भी सुरक्षित हो तुम
कोई जोखम नहीं जानते !
ये विजेता का संसार है
अंधे अणुबम नहीं जानते
प्यार करने का निश्चित समय
मन के मौसम नहीं जानते
जन्मती है कहाँ रोशनी
आजतक तम नहीं जानते
शनिवार, फ़रवरी 20, 2010
वे जो मातम नहीं जानते
कभी—कभी हमें ऐसे भी स्वप्न आते हैं
कभी—कभी हमें ऐसे भी स्वप्न आते हैं
जो जागते ही हमें देर तक लजाते हैं
हजार रास्ता रोकें पहाड़ दुनिया के
जो लोग झरने हैं, खुद रास्ता बनाते हैं
हम अपने घर से निकल कर कहीं गये तो नहीं
हमारे द्वन्द्व भी हमको बहुत थकाते हैं !
वे मन के रोगी हैं, उनका इलाज करवाओ
जो सामने पड़े उसका ही दिल दुखाते हैं
हमारे क्रोध का ‘धृतराष्ट्र’ देख पाया कब—
जो फूल हैं ,वो हमेशा ही मुस्कुराते हैं
सुहानुभूति उसी के लिए उपजती है
हम अपनी पीर को जिसके करीब पाते हैं
पड़ा है सोया हुआ वृक्ष बीज के अंदर
समान ‘धूप, हवा,जल’ उसे जगाते हैं
हमारे बीच संशय बढ़ रहे हैं
हमारे बीच संशय बढ़ रहे हैं
उसी अनुपात में भय बढ़ रहे हैं
जिन्हें विज्ञान लगता है अजूबा
उन्हीं आँखों में विस्मय बढ़ रहे हैं
सदन में आ गये ‘धृतराष्ट्र’ चुनकर
कुछ इस कारण भी संजय बढ़ रहे हैं
कमल के फूल कीचड़ में सने हैं
अब ऐसे ही जलाशय बढ़ रहे हैं
जो कानूनों से ऊपर हो गये थे
उन्हीं लोगों में निर्दय बढ़ रहे हैं
कला दिखती नहीं अब स्वाभिमानी
कलाकारों के विक्रय बढ़ रहे हैं
शहर भर से हमारी दोस्ती है
मगर, खुद से अपरिचय बढ़ रहे हैं
उनसे मिलने की आस बाकी है
उनसे मिलने की आस बाकी है
ज़िन्दगी में मिठास बाकी है
रोज़ इतने तनाव सह कर भी
मेरे होंठों पे हास बाकी है
क्या बुझेगी नदी से प्यास उसकी
जिसमें सागर की प्यास बाकी है
आग लगने में देर है केवल
सबके मन में कपास बाकी है
ये कृपा कम नहीं है फ़ैशन की
नारी तन पे लिबास बाकी है !
रोज़ रौंदी गई है पैरों से
अपनी जीवट से घास बाकी है
अस्त्र—शस्त्रों में वो नहीं ताकत
वो जो शब्दों के पास बाकी है.
घर से निकले सुबह, शाम को घर लौटे
घर से निकले सुबह, शाम को घर लौटे
मीठी—मीठी थकन लिए अक्सर लौटे
जब भी लोगों को थोड़ा एकांत मिला
सबके मन में अपने—अपने डर लौटे
दंगों में इतना झुलसा घर का चेहरा
हम अपनी ही देहरी तक आकर लौटे
पंख कटे पंछी की आहत आँखों में
जाने कितनी बार समूचे ‘पर’ लौटे
सोच रहा है बूढ़ा और अशक्त पिता—
बेटे के स्वर में शायद आदर लौटे !
शब्द बेचने में क्या पूँजी लगनी थी
अर्थ लिए ,शब्दों के सौदागर लौटे
हमने जैसे कंकर —पत्थर बोए थे
धरती से वैसे कंकर —पत्थर लौटे.
धीर धरने की बात करते हैं
धीर धरने की बात करते हैं
वो ही डरने की बात करते हैं
पंछियों का सवाल उठते ही
‘पर’ कतरने की बात करते हो
प्यार से बात भी नहीं करते
प्यार करने की बात करते हैं
तेज़— रफ़्तार लोग जीवन में
कब ठहरने की बात करते हैं
दोस्त देते नहीं दिलासा भी
डूब मरने की बात करते हैं
जो बिगड़ने के छोर तक पहुँचे
वे सुधरने की बात करते हैं
जब भी उल्लास की चली चर्चा
लोग ‘झरने’ की बात करते हैं
हमसे पहले हमारी नज़र जाएगी
हम निहारेंगे जिसको , उधर जाएगी
हमसे पहले, हमारी नज़र जाएगी
फूल गमले की हद में खिलेंगे मगर
हर तरफ़ गंध उनकी बिखर जाएगी
रूप को क्या पता था कि उस भूल से
जिंदगी यूँ विवादों से भर जाएगी
जिस जगह तक समाचार जाते नहीं
उस जगह तक हमारी खबर जाएगी!
झील की शांति में गिर पड़ी कंकरी
दूर तक, द्वंद्व बन कर लहर जाएगी
क्रोध करने से वो काम होते नहीं
एक मुस्कान जो काम कर जाएगी
जगमगाएगी दीपावली की तरह
जो अमावस उजाले को ‘वर’ जाएगी
अलग मुस्कान मुद्राएँ अलग हैं
अलग मुस्कान मुद्राएँ अलग हैं
समारोहों की भाषाएँ अलग हैं
जो असफल हैं,अलग है उनकी कुंठा
सफल लोगों की पीड़ाएँ अलग हैं
उन्हें तुम अपनी शैली में न बूझो
मेरे घर की समस्याएँ अलग हैं
जो अस्मत लुटते—लुटते बन गई थीं
वे कुछ ‘साक्षात् दुर्गाएँ’ अलग हैं
अमीरों की निराशा एक पल की
गरीबों की हताशाएँ अलग हैं
जो तर्कों कॊ पराजित कर रही हैं
निरंकुश मन की सेनाएँ अलग हैं
जिन्हें मैं लिख न पाया डायरी में
मेरी खामोश कविताएँ अलग हैं
और कब तक रहें अँधेरे में ?
कितनी क्या देर है सवेरे में
और कब तक रहें अँधेरे में ?
तुमसे मिलना भी हो गया अपराध
आ गये हम भी शक के घेरे में
घर में क्यों घुस नहीं रहे पंछी
साँप बैठा है क्या बसेरे में?
मूक तस्वीर बोलने भी लगे
इतनी ताकत नहीं चितेरे में
कौन से चार हाथ होते हैं
लुटने वाले में या लुटेरे में
संत आने लगे सियासत में
फँस गये वे भी तेरे— मेरे में
हर समय मछलियों की गंध मिली
हर मछेरिन में हर मछेरे में
अधिक नहीं ,वे अधिकतर की बात करते हैं
अधिक नहीं ,वे अधिकतर की बात करते हैं
नदी को छोड़ समंदर की बात करते हैं
हमारे दौर में इन्सान का अकाल रहा
ये लोग फिर भी पयम्बर की बात करते हैं
जिन्हें भरोसा नहीं है स्वयं की मेहनत पर
वे रोज़ ही किसी मन्तर की बात करते हैं
नहीं है नींव के पत्थर का जिक्र इनके यहाँ
ये बेशकीमती पत्थर की बात करते हैं
ये अफसरी भी मनोरोग बन गई आखिर
वो अपने घर में भी दफ्तर की बात करते हैं
मैं कैसे मान लूँ —वो लोग हो गये हैं निडर
जो बार —बार किसी डर की बात करते हैं
वो अपने आगे किसी और को नहीं गिनते
वो सिर्फ अपने ही शायर की बात करते हैं.
शहरी लोगों का जीवन गया
काटते—काटते वन गया
जिन्दगी से हरापन गया
सोच में भी प्रदूषण बढ़ा
इसलिए, शुद्ध चिंतन गया
मंजिलों पर बनीं मंजिलें
गाँव—शैली का आँगन गया
भाई बस्ते उठाने के बाद
नन्हें—मुन्नों से बचपन गया
हम अकेले खड़े रह गए
दोस्तों का समर्थन गया
रूप—यौवन न काम आ सके
इस तरह स्वास्थ्य का धन गया
हर समय दौड़ते —भागते
शहरी लोगों का जीवन गया
शरीफों के मुखौटों में छिपे हैं भेड़िये कितने
शरीफों के मुखौटों में छिपे हैं भेड़िये कितने
हमारे सामने ही हो रहे हैं हादसे कितने
इधर तो जिंदगी के पृष्ट पर शब्दों के उत्सव हैं
उधर उनके निकट ही चुप खड़े हैं हाशिये कितने
किसी को रूप का, धन का, किसी को राजसत्ता का
शराबों के इलावा भी हैं जीवन में नशे कितने
बड़ी मछली का भोजन गई हैं मछलियाँ छोटी
निगल जाते हैं गाँवों को शहर के अजदहे कितने
गवाही दे रही हैं बूढ़े शाही हार की आँखें
पहिनने के लिए आतुर रहे उसको गले कितने.
हर खुशी की आँख में आँसू मिले
हर खुशी की आँख में आँसू मिले
एक ही सिक्के के दो पहलू मिले
कौन अपनाता मिला दुर्गंध को
हर किसी की चाह है ,खुशबू मिले
अपने—अपने हौसले की बात है
सूर्य से भिड़ते हुए जुगनू मिले
रेत से भी तो निकल सकता है तेल
चाहता है वो, कहीं बालू मिले
आँकिए उन्माद मत तूफान का,
सैंकड़ों उखड़े हुए तंबू मिले
जिसने दाना डाल कर पकड़ी बटेर
हाँ, उसी की जेब में चाकू मिले
नाव को खेना तभी संभव हुआ
जब किसी मल्लाह को चप्पू मिले.
शुक्रवार, फ़रवरी 19, 2010
कई तनाव, कई उलझनों के बीच रहे
कई तनाव, कई उलझनों के बीच रहे
'किचिन' झगड़ते हुए बर्तनों के बीच रहे
असंख्य लोग हज़ारों प्रकार के रिश्ते
हम इस तरह कई संबोधनों के बीच रहे
है उनके पास जहर को भी बेचने का हुनर
तमाम लोग जो विज्ञापनों के बीच रहे
वचन से हम भी हरिश्चंद्र' सिद्ध हो न सके
ये बात सच है कि हम दर्पनों के बीच रहे
जो अपने रूप पे आसक्त हो गए खुद ही
वो आमरण कई सम्मोहनों के बीच रहे
पुरानी यादों के एकांत बंद कमरे में
समय निकाल के हम बचपनों के बीच रहे
भरी सभा में वे ही कर सके हैं चीर—हरण
जो बाल्यकाल से दुर्योधनों के बीच रहे
इस जीवन का सार न जाना
इस जीवन का सार न जाना
ढाई आखर प्यार न जाना
धीरज की सीमा —रेखा को
दु:ख का पारावार न जाना
हम लोगों ने बंजारों—सा
धरती का विस्तार न जाना
बूढ़ा वर नवयुवा वधू के
तन का हाहाकार न जाना
मुझको जान गए दुश्मम तक
लेकिन मेरा यार न जाना
सच—मुच भूख—गरीबी क्या है
ये दिल्ली—दरबार न जाना
सागर में खोने से पहले
नदिया ने अभिसार न जाना
व्यक्तिगत छप्पर ने आकर्षित किया
व्यक्तिगत छप्पर ने आकर्षित किया
सब कि अपने घर ने आकर्षित किया
हम नहीं 'सत्यम्'—'शिवम्' की राह पर
बस हमें सुंदर ने आकर्षित किया
आज भी, भाती है आदिम छेड़—छाड़,
झील को कंकर ने आकर्षित किया
शे‘र कहता था जो सुध—बुध भूलकर
मुझको उस शायर ने आकर्षित किया
जिसमें वर्जित फल को चखने की थी चाह
उस अनैतिक डर ने आकर्षित किया
उसको सचमुच आजतक देखा नहीं
इसलिए ईश्वर ने आकर्षित किया
आज भी, सोए हुए पुरुषार्थ को
जोखिमों के स्वर ने आकर्षित किया
कांच के घर साथ रहते हैं
कांच के घर साथ रहते हैं
हर समय डर के साथ रहते हैं
जो बिछाने के बाद ओढ़ सकें
ऐसी चादर के साथ रहते हैं
उनके अहसास हो गए पत्थर
वो जो पत्थर के साथ रहते हैं
जब से बच्चों ने घर सम्हाल लिया
हम दबे 'स्वर' के साथ रहते हैं
कुछ अँधेरे किवाड़ के पीछे
रोशनी—घर के साथ रहते हैं
यक्ष—प्रश्नों का जो गवाह रहा
उस सरोवर के साथ रहते हैं
झील से छेड़—छाड़ करने को
लोग कंकर के साथ रहते हैं
अनैतिकता के चश्मों को बदलकर देखना होगा
अनैतिकता के चश्मों को बदलकर देखना होगा
गलत राहों पे वो कैसे गई ये सोचना होगा
कहाँ तक याद रखिए —खट्टी, मीठी, कड़वी बातों को
हमें आगत की खतिर भी विगत को भूलना होगा
विरोधी दोस्त भी है, रोज मिलता है, इसी कारण
विरोधी के इरादों को समझना —बूझना होगा
बहुत उन्मुक्त हो कर जिन्दगी जीना भी जोखिम है
नदी की धार को अनुशासनों में बाँधना होगा
लड़ाई में उतर कर, भागना तो का—पुरुषता है,
लड़ाई में उतर कर, जीतना या हारना होगा
मनोविज्ञान की भाषा में अपने मन की गाँठों को
अकेले बंद कमरे में किसी दिन खोलना होगा
बचाना है अगर इस मुल्क की उजली विरसत को
हमें अपनी जड़ों की ओर फिर से लौटना होगा
हवा विपरीत है हम जानते हैं
हवा विपरीत है हम जानते हैं
हवाओं का भी दम—खम जानते हैं !
अगर तुम जानते हो सारी बातें
तो हम भी तुम से कुछ कम जानते हैं !
युवा नदियों के बूढ़े सागरों से
कहाँ होते हैं संगम , जानते हैं !
मुझे वे क्षण नहीं अब याद, लेकिन
वे सारे दृश्य अलबम जानते हैं
धरा पर मौत के सौदागरों को
बहुत अच्छी तरह 'यम' जानते हैं !
कहाँ तक जाएँगे ये क्रांतिकारी
ये हर दल—बल के परचम जानते हैं !
वे अपने बाद, अपने दुश्मनों का
गजल—साहित्य में क्रम जानते हैं !
गुरुवार, फ़रवरी 18, 2010
पहले मन फिर वचन बिक गया
पहले मन फिर वचन बिक गया
व्यक्ति का मूलधन बिक गया
देह के गर्म बाज़ार में
हर कली, हर सुमन बिक गया
रक्षकों को खबर ही नहीं
और चुपके से वन बिक गया
'द्रौपदी' नग्न होने को है
इस सदी का किशन बिक गया
उसका बस एक ही स्वपन था
अंतत: वो स्वपन बिक गया
डगमगाने लगी है तुला
न्याय का संतुलन बिक गया
'सैटेलाइट' के आदेश पर—
इस धरा का गगन बिक गया